CWC 2023: ऑस्ट्रेलिया ने नीदरलैंड को दिया 400 रनों का लक्ष्य, मैक्सवेल-वार्नर ने जड़े शतक
ऑस्ट्रेलिया के ओपनर बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने नीदरलैंड के खिलाफ शानदार शतक लगाया। वॉर्नर ने 93 गेंद पर 104 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और तीन छक्के लगाए।
By नवजीवन डेस्क
फोटो: सोशल मीडिया
विश्व कप 2023 के 24वें मुकाबले में पांच बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का सामना नीदरलैंड से हो रहा है। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने आई ऑस्ट्रेलिया ने नीदरलैंड के सामने पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया है। ऑस्ट्रेलिया ने नीदरलैंड को जीत के लिए 400 रनों का लक्ष्य दिया।
ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 399 रन बनाए। कंगारू टीम के लिए डेविड वॉर्नर और ग्लेन मैक्सवेल ने रिकॉर्ड शतक लगाया। वॉर्नर ने छठा शतक लगाते हुए पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वह विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बन गए। वहीं, मैक्सवेल ने आखिरी ओवरों में तूफानी पारी खेली और 40 गेंद पर ही शतक पूरा कर लिया। वह सबसे कम गेंदों पर विश्व कप में शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। वॉर्नर ने 93 गेंद पर 104 और मैक्सवेल ने 44 गेंद पर 106 रन बनाए।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए