
2023 का वनडे विश्व कप 5 अक्टूबर को पिछले बार की विजेता इंग्लैंड और उपविजेता न्यूज़ीलैंड के बीच मैच से अहमदाबाद में शुरू होगा। 19 नवंबर को फ़ाइनल भी अहमदाबाद में खेला जाएगा, जबकि सेमीफ़ाइनल मैच 15 नवंबर और 16 नवंबर को क्रमशः मुंबई और कोलकाता में खेले जाएंगे। भारत में खेले जाने वाले वनडे वर्ल्ड कप की शुरुआत में तीन महीने से भी कम का समय बचा है और इसके लिए इंटरनेशन क्रिकेट काउंसिल ने तैयारियां शुरू कर दी है।
इसी कड़ी में हाल ही में एक नया प्रोमो जारी किया गया है जिसमें बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान चमचमाती ट्रॉफी के साथ नजर आ रहे हैं। इसमें आवाज भी किंग ऑफ बॉलीवुड ने ही दी है। आईसीसी द्वारा जारी किए गए प्रोमो की शुरुआत में विश्व भर में मौजूद अलग अलग क्रिकेट फैंस को दिखाया गया है। इसके बाद पीछे से शाहरुख खान की आवाज आती है जो कि एक दिन(वनडे) का महत्व बताते हैं। वे कहते हैं कि इतिहास रचने के लिए, बहादुरी दिखाने के लिए, कुछ बड़ा करने के लिए एक दिन काफी है।
वीडियो में आगे शाहरुख खान बताते हैं कि जब टूर्नामेंट होगा उस दिन सभी खिलाड़ी अपने ताकत दिखाएंगे, लोग खुशी से झूम उठेंगे, हर तरफ गाने बजेंगे और उस दिन इतिहास रचा जाएगा। वीडियो के अंत में शुभमन गिल को मुस्कुराते हुए दिखाया गया है। इसके बाद किंग खान भी चमचमाती ट्रॉफी के साथ नजर आते हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए