अपराध

गुरुग्राम एनकाउंटर: फायरिंग से दहला सुशांत लोक, SGT यूनिवर्सिटी के संस्थापक के बेटे को निशाना बनाने पहुंचे 4 शूटर ढेर

गुरुग्राम के सुशांत लोक में 60 राउंड फायरिंग के बाद पुलिस एनकाउंटर में दीपक नांदल गैंग के 4 शूटर मारे गए। इस दौरान 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

गुरुग्राम के सुशांत लोक फेज-2 में गुरुवार रात करीब 9:30 बजे पुलिस और दीपक नांदल गैंग के शूटरों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में चार बदमाश मारे गए, जबकि एक घायल हो गया। करीब 60 राउंड चली गोलीबारी में गुरुग्राम पुलिस के तीन जवान भी घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, बदमाश फिरौती की मांग को लेकर SGT यूनिवर्सिटी के संस्थापक के बेटे के घर पर फायरिंग करने पहुंचे थे। पूरे इलाके में कुछ समय तक दहशत का माहौल रहा।

कारोबारी के घर पहुंचकर की फायरिंग

जानकारी के मुताबिक, सुशांत लोक ब्लॉक-ए में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर विशाल बेरी को विदेश में बैठे एक वांछित गैंगस्टर की ओर से लगातार रंगदारी की धमकियां मिल रही थीं। विशाल बेरी, SGT यूनिवर्सिटी के संस्थापक के बेटे हैं। आरोप है कि हमलावर उनके घर पहुंचे, उन्हें बंधक बनाया और अत्याधुनिक हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी।

डीसीपी क्राइम ब्रांच के अनुसार, पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध स्कॉर्पियो में कुछ हथियारबंद लोग सुशांत लोक इलाके में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने आरोपियों को चारों तरफ से घेरकर कई बार आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।

60 राउंड फायरिंग, 5 विदेशी पिस्टल बरामद

मुठभेड़ के दौरान दोनों पक्षों के बीच करीब 60 राउंड फायरिंग हुई। पुलिस का कहना है कि बदमाश अत्याधुनिक हथियारों का इस्तेमाल कर रहे थे। घटनास्थल से पांच विदेशी पिस्टल बरामद की गई हैं। गोलीबारी में पांचों कथित शूटर घायल हुए, जिन्हें तुरंत एक निजी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक आरोपी का इलाज जारी है।

आरोपियों का रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

इस मुठभेड़ में गुरुग्राम पुलिस के तीन जवान भी गोली लगने से घायल हुए हैं। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है और डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

घटना के बाद सीन ऑफ क्राइम यूनिट, फॉरेंसिक और अन्य जांच एजेंसियों ने मौके का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण किया और तकनीकी व फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया जारी है। मृत और घायल आरोपियों की पहचान, उनके आपराधिक रिकॉर्ड और घटनास्थल से बरामद हथियारों के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए