अपराध

गुवाहाटी हत्याकांड: पत्नी की हत्या, शव के टुकड़े फ्रिज में छिपाए, पुलिस पहुंची तो सामने आया खौफनाक सच

मामला उस समय सामने आया जब स्थानीय लोगों ने हाटीगांव पुलिस स्टेशन को सूचना दी कि अपार्टमेंट के एक फ्लैट से बदबू आ रही है। पड़ोसियों के मुताबिक, दंपति पिछले दो दिनों से दिखाई नहीं दिए थे और उनके फोन भी बंद थे।

प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर 

असम की राजधानी गुवाहाटी में श्रद्धा वॉल्कर हत्याकांड जैसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। हाटीगांव थाना क्षेत्र के एक अपार्टमेंट में पति पर अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद उसके शव के टुकड़े फ्रिज में छिपाने का आरोप लगा है। पुलिस के पहुंचने पर महिला का कटा हुआ शव मिला, जबकि उसका सिर फ्रिज में रखे एक पॉलिथीन बैग से बरामद किया गया। घटना के बाद फरार पति ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है।

फ्लैट से बदबू आने पर पड़ोसियों ने दी सूचना

मामला उस समय सामने आया जब स्थानीय लोगों ने हाटीगांव पुलिस स्टेशन को सूचना दी कि अपार्टमेंट के एक फ्लैट से बदबू आ रही है। पड़ोसियों के मुताबिक, दंपति पिछले दो दिनों से दिखाई नहीं दिए थे और उनके फोन भी बंद थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई।

पुलिस को अंदर एक महिला का कटा हुआ शव मिला। मृतका की पहचान 25 वर्षीय रिया तालुकदार के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, शव सड़ने लगा था और उसका सिर गायब था। तलाशी के दौरान पुलिस को रिया का सिर फ्रिज में रखे एक पॉलिथीन बैग में मिला। उसकी उंगलियां भी आधी कटी हुई थीं।

पति गिरफ्तार, हत्या की वजह का खुलासा नहीं

पुलिस ने शव और कटा हुआ सिर बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर भेज दिया है। आरोपी पति की पहचान 30 वर्षीय रामानुज गोस्वामी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, रामानुज और रिया की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी और दोनों गुवाहाटी के हाटीगांव इलाके में स्थित इसी अपार्टमेंट में रह रहे थे।

घटना के बाद रामानुज फरार हो गया था, लेकिन बाद में उसने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। हालांकि, अभी तक हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस ने उसके सरेंडर करने की परिस्थितियों के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी है।

पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की कोई भूमिका थी या नहीं। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए