अपराध

ट्विशा शर्मा की मौत पर CBI चार्जशीट में बड़ा खुलासा, आखिरी घंटों की कॉल, मैसेज और CCTV फुटेज का ब्योरा

ट्विशा शर्मा केस में CBI की 600 पन्नों की चार्जशीट में आखिरी घंटों की कॉल, मैसेज और CCTV का ब्योरा है। पति और सास पर प्रताड़ना का आरोप है।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

मध्य प्रदेश के भोपाल में ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में CBI ने 600 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। इसमें एजेंसी ने उनकी जिंदगी के आखिरी घंटों की घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा दिया है। CBI ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर लगातार मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। चार्जशीट में WhatsApp मैसेज, फोन कॉल, CCTV फुटेज, मेडिकल रिकॉर्ड, काउंसलिंग सेशन, परिवार के बयान और पैसों से जुड़े विवादों का भी उल्लेख है। चार्जशीट 14 अगस्त को दाखिल की गई है।

CBI के मुताबिक, 12 मई की रात करीब 9:36 बजे ट्विशा ने अपनी ननद राशि अब्रोल को मैसेज किया था। इसमें उन्होंने अपनी स्थिति को लेकर मदद की गुहार लगाई थी। इसके करीब चार मिनट बाद CCTV फुटेज में उन्हें भोपाल स्थित घर के ग्राउंड फ्लोर से छत की ओर अकेले जाते देखा गया। रात 9:41 बजे उन्होंने अपने पिता को फोन किया और समर्थ के कथित आक्रामक और हिंसक व्यवहार को लेकर चिंता जताई। उन्होंने माता-पिता से तुरंत आने को कहा। करीब 10:05 बजे उन्होंने अपनी मां से भी बात की और कथित तौर पर यही बातें दोहराईं।

आखिरी डेढ़ घंटे में क्या हुआ?

CBI की चार्जशीट के मुताबिक, रात करीब 10:23 बजे CCTV में समर्थ और गिरिबाला को छत की ओर जाते देखा गया। इसके बाद ट्विशा को नीचे लाया गया और AIIMS भोपाल ले जाया गया, जहां रात करीब 10:55 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इससे पहले उनकी मां ने कई बार उनसे संपर्क करने की कोशिश की थी। करीब 10:10 बजे उन्होंने गिरिबाला को फोन कर ट्विशा का हाल देखने को कहा। जांच एजेंसी के अनुसार, CCTV में गिरिबाला करीब 10:16 बजे अपने कमरे से निकलकर ट्विशा के बेडरूम की तरफ जाती दिखीं। ट्विशा वहां नहीं मिलीं तो उन्होंने 10:18 बजे उन्हें फोन किया और 10:21 बजे समर्थ से संपर्क किया।

इससे पहले रात करीब 9:20 बजे ट्विशा कथित तौर पर राशि से फोन पर बात कर रही थीं और लगातार रो रही थीं। उन्होंने बताया था कि पीठ दर्द के कारण बेडरूम में सोने की बात पर समर्थ कथित तौर पर आक्रामक हो गए थे। 9:29 बजे एक अन्य कॉल का जवाब देने के दौरान वह इतनी परेशान थीं कि ठीक से बोल नहीं पा रही थीं। इसी घटनाक्रम के बीच 9:36 बजे उन्होंने राशि को वह मैसेज भेजा था, जिसका जिक्र CBI ने चार्जशीट में किया है।

शादी के बाद रिश्ते में बढ़ता गया तनाव

CBI के मुताबिक, ट्विशा की समर्थ से फरवरी 2025 में एक ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए मुलाकात हुई थी और उसी साल 9 दिसंबर को दोनों की शादी हुई। ट्विशा पहले ‘मिस पुणे’ रह चुकी थीं और कॉरपोरेट सेक्टर में आने से पहले बतौर एक्टर काम कर चुकी थीं। एजेंसी का आरोप है कि शादी के बाद समर्थ ने उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया। इसमें कथित तौर पर यौन रूप से अपमानजनक बातें और शादी से पहले बताए गए रिश्तों को लेकर आरोप लगाना शामिल था। CBI का कहना है कि ट्विशा के समर्थ के व्यवहार पर आपत्ति जताने के बावजूद गिरिबाला बार-बार अपने बेटे का पक्ष लेती थीं।

मार्च और अप्रैल 2026 में तनाव और बढ़ गया। ट्विशा अपने पिता के हार्ट अटैक के बाद उनके इलाज के दौरान उनके साथ थीं। CBI का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने उन पर भोपाल लौटने का दबाव बनाया, जिसके बाद वह 24 मार्च को वापस आईं। 16 अप्रैल को उन्हें अपनी प्रेग्नेंसी के बारे में पता चला। 17 अप्रैल को बहस के बाद वह ससुराल छोड़कर चली गईं। 30 अप्रैल को भोपाल लौटने के बाद उन्होंने कथित तौर पर अपनी मां से कहा कि उनकी जिंदगी ‘नरक’ बन गई है और उन्हें एंग्जायटी अटैक भी आया। एक साइकियाट्रिस्ट ने उनकी जांच की और प्रेग्नेंसी को लेकर उनके चिंतित और परेशान होने की बात कही। उन्हें दवाएं दी गईं।

पैसों और प्रेग्नेंसी को लेकर भी विवाद का आरोप

CBI ने पैसों से जुड़े विवाद को भी मामले का अहम हिस्सा बताया है। एजेंसी के अनुसार, ट्विशा ने डीमैट अकाउंट के जरिए शेयरों में करीब 20 लाख रुपये का निवेश किया था। आरोप है कि समर्थ और गिरिबाला उन पर यह निवेश ट्विशा और समर्थ के 7 अप्रैल को खोले गए संयुक्त खाते में ट्रांसफर करने का दबाव डाल रहे थे। ट्विशा ने ऐसा करने से इनकार किया और कहा कि पैसा उनके पिता का है।

6 मई को ट्विशा ने अपनी पुरानी नौकरी पर लौटने का प्रस्ताव स्वीकार किया और प्रेग्नेंसी खत्म करने के लिए दवा की पहली डोज ली। अगले दिन उन्होंने अपनी मां को ससुराल से बाहर निकालने के लिए कथित तौर पर मदद मांगी। चार्जशीट के अनुसार, गिरिबाला यह पता करना चाहती थीं कि क्या प्रेग्नेंसी खत्म करने की प्रक्रिया को वापस किया जा सकता है। ट्विशा 7 मई को उनके साथ अस्पताल गईं, लेकिन डॉक्टरों ने कथित तौर पर बताया कि ऐसा संभव नहीं है। बाद में डॉक्टर काकोली रॉय ने उनकी जांच की और उन्हें भावनात्मक रूप से परेशान पाया।

CBI का कहना है कि ट्विशा ने अपनी ननद को बताया था कि गिरिबाला ने प्रेग्नेंसी खत्म करने को लेकर उन्हें तीन बार ‘कातिल’ कहा। 8 मई को दूसरी डोज लेने के बाद उन्हें काफी दर्द और ब्लीडिंग हुई। आरोप है कि जब उन्होंने अपनी तकलीफ के बारे में समर्थ से शिकायत की तो उन्होंने इसे ‘ड्रामा’ कहकर टाल दिया। 9 मई को ट्विशा ने अपनी मां को बताया कि समर्थ ने प्रेग्नेंसी को लेकर सवाल उठाया था और यह भी कहा था कि जिसे उन्होंने खत्म किया, वह उनकी थी भी या नहीं। CBI के अनुसार, इसी दौरान उन्होंने घुटन महसूस होने और मरने या गायब हो जाने की बात भी कही थी।

भोपाल छोड़ने की तैयारी और आखिरी दिन की घटनाएं

CBI ने ट्विशा के पुराने बॉस अमित दास के बयान का भी जिक्र किया है। उन्होंने जांचकर्ताओं को बताया कि ट्विशा ने घर में लगातार निगरानी और फोन कॉल्स पर नजर रखे जाने की शिकायत की थी। 12 मई को उन्होंने भोपाल छोड़ने का फैसला किया। शाम करीब 7:51 बजे उन्होंने अपनी भाभी को बताया कि समर्थ उन पर अपने निवेश को ट्रांसफर करने का दबाव डाल रहे हैं, ताकि उस पैसे को शेयर बाजार में लगाया जा सके। CBI दहेज से जुड़े आरोपों की अलग से जांच कर रही है।

उसी दिन ट्विशा ने राजस्थान के नसीराबाद जाने के लिए ट्रेन टिकट के वास्ते अपनी मां से 3,000 रुपये मांगे। उनके पिता ने पैसे भेजे और उन्होंने टिकट बुक किया। परिवार को उन्होंने कथित तौर पर बताया कि शादी बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन अब वह वापस जाना चाहती हैं क्योंकि समर्थ काउंसलिंग के लिए तैयार नहीं थे। बाद में समर्थ काउंसलिंग के लिए तैयार हुए और दोनों सुबह करीब 11:30 बजे डॉक्टर काकोली रॉय से मिले। चार्जशीट के मुताबिक, समर्थ ने भी ट्विशा के व्यवहार को लेकर शिकायत की और बताया कि दोनों मारिजुआना यानी गांजे का सेवन करते थे। डॉक्टर ने समर्थ को उनकी बात सुनने, उन्हें समय देने और गांजे का इस्तेमाल बंद करने की सलाह दी।

दोनों करीब 1 बजे घर लौटे। बाद में ट्विशा ब्यूटी पार्लर गईं और शाम करीब 6:11 बजे वापस लौटीं। CBI के अनुसार, उन्होंने अपनी मां को बताया कि जब उन्होंने समर्थ और गिरिबाला के साथ बाहर शामिल होने की कोशिश की तो दोनों ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर यह निष्कर्ष निकाला कि शादी को ठीक नहीं किया जा सकता और भोपाल हमेशा के लिए छोड़ने का फैसला किया।

पोस्टमार्टम में क्या सामने आया, जांच अभी जारी

ट्विशा की मौत के बाद पोस्टमार्टम को लेकर भी विवाद हुआ था। AIIMS भोपाल की शुरुआती रिपोर्ट में मौत की वजह एंटी-मॉर्टम हैंगिंग के कारण दम घुटना बताया गया। परिवार की चिंता और दोबारा जांच की मांग के बाद मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने दूसरे पोस्टमार्टम का आदेश दिया। AIIMS दिल्ली के मेडिकल बोर्ड ने 24 मई को शव की जांच की और निष्कर्ष दिया कि मौत एंटी-मॉर्टम हैंगिंग के कारण दम घुटने से हुई और इसे आत्महत्या माना गया। बोर्ड को मौत से पहले मारपीट का संकेत देने वाली कोई अन्य महत्वपूर्ण चोट नहीं मिली।

CBI का कहना है कि डायरी, CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर किए गए फोरेंसिक मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन में लंबे समय तक मानसिक नुकसान, निराशा और समर्थन की कमी के संकेत मिले। एजेंसी का आरोप है कि दोनों आरोपियों के कथित व्यवहार ने ट्विशा को ऐसी स्थिति में पहुंचा दिया कि उनके पास अपनी जान लेने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा। हालांकि, जांच अभी पूरी नहीं हुई है। CBI ट्विशा के मुख्य iPhone से फोरेंसिक डेटा मिलने का इंतजार कर रही है। एजेंसी के मुताबिक, इससे नए सबूत, गवाहों या अन्य लोगों की संभावित भूमिका का पता चल सकता है।

आरोपियों के घर से बरामद DVR को भी नई दिल्ली स्थित सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजा गया है। इसका मकसद CCTV रिकॉर्डिंग की निरंतरता और किसी संभावित छेड़छाड़ की जांच करना है। समर्थ और गिरिबाला के वॉयस सैंपल भी अलग-अलग फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि जांच के दौरान मिली ऑडियो रिकॉर्डिंग से उनका मिलान किया जा सके। इसके अलावा CBI ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 193(9) के तहत दहेज की मांग और दहेज के कारण मौत से जुड़े आरोपों की जांच जारी रखने की अनुमति भी मांगी है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: चंदा चोरी मामले में SIT जांच में चंपत राय-अनिल मिश्रा को क्लीन चिट, दिल्ली कूच पर अड़े किसान

  • ,
  • पीपलकोटी टनल हादसा: एक और श्रमिक का शव मिला, 9 हुई मृतकों की संख्या, एक की तलाश जारी

  • ,
  • हिमाचल प्रदेश में फिर मॉनसून सक्रिय, ऊना-चंबा-कांगड़ा में भारी बारिश की चेतावनी, ऑरेंज अलर्ट जारी

  • ,
  • बारिश ने प्रयागराज की जलनिकासी व्यवस्था की खोली पोल, कई इलाकों में जलभराव, जॉर्ज टाउन थाने तक पहुंचा नाले का पानी

  • ,
  • जबरदस्ती कुर्सियों से उठाया और बोला- ‘जमीन पर बैठो’, राजस्थान में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान दो दलितों से दुर्व्यवहार