
कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे के एनकाउंटर को लेकर दो समूहों के बीच की बहस ने हिंसक रूप ले लिया। झड़प में चार लोग घायल हुए हैं। यह विचित्र घटना शनिवार को कानपुर देहात के डेरापुर इलाके में हुई। पुलिस ने कहा कि दोनों गुट के लोग विकास दुबे के एनकाउंटर को लेकर बहस कर रहे थे।
इस एनकाउंटर को एक समूह सही ठहरा रहा था, जबकि दूसरा इसके विरोध में था। यह बहस इतना आगे बढ़ गई कि बात मारपीट पर आ गई। दोनों पक्षों के लोगों के खिलाफ अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है, जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एएसपी अनूप कुमार ने कहा, “हमने इस संबंध में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है और आगे की जांच जारी है। दोनों पक्षों के तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।”
बता दें कि विकास दुबे ने 9 जुलाई सुबह करीब 9.30 बजे के करीब उज्जैन के महाकाल मंदिर में सरेंडर किया था। विकास दुबे को बीते शुक्रवार कानपुर लाया जा रहा था, लेकिन इस दौरान अचानक गाड़ी पलटने के बाद विकास दुबे एक घायल पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने लगा और फायरिंग करनी शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में उसे गोली लगी और इलाज के लिए अस्पताल ले जाते वक्त उसकी मौत हो गई।
इसे भी पढ़ें: गैंगस्टर विकास दुबे का लखनऊ वाला घर होगा सील, आवास पर चस्पा किया गया नोटिस
(आईएएनएस के इनपुट के साथ)
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 12 Jul 2020, 4:33 PM IST