अपराध

पश्चिम बंगालः ममता बनर्जी की भतीजी अपने घर में फंदे से लटकी मिलीं, आत्महत्या की आशंका

अभी यह साफ नहीं है कि ब्रिष्टि ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। हालांकि, कहा जा रहा है कि बृष्टि पिछले कुछ वर्षों से अवसाद से जूझ रही थीं और उनका इलाज चल रहा था। बृष्टि तलाक की प्रक्रिया से भी गुजर रही थीं, जिससे हाल के महीनों में उनकी परेशानी और बढ़ गई थी।

पश्चिम बंगालः ममता बनर्जी की भतीजी अपने घर में फंदे से लटकी मिलीं, आत्महत्या की आशंका
पश्चिम बंगालः ममता बनर्जी की भतीजी अपने घर में फंदे से लटकी मिलीं, आत्महत्या की आशंका फोटोः सोशल मीडिया

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी की भतीजी ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने बताया कि ममता बनर्जी के चचेरे भाई निहार मुखर्जी की बेटी ब्रिष्टि मुखर्जी बीरभूम जिले के रामपुरहाट में अपने घर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली हैं। पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह रामपुरहाट पुलिस स्टेशन इलाके के कुसुम्बा गांव में ब्रिष्टि मुखोपाध्याय का शव उनके घर की दूसरी मंजिल पर फंदे से लटका हुआ मिला। परिवारवालों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर रामपुरहाट पुलिस स्टेशन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ब्रिष्टि के शव को कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए रामपुरहाट गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। रामपुरहाट पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

बृष्टि कुछ वर्षों से अवसाद से जूझ रही थीं

अभी यह साफ नहीं है कि ब्रिष्टि मुखर्जी ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। हालांकि, कहा जा रहा है कि बृष्टि मुखर्जी पिछले कुछ वर्षों से अवसाद से जूझ रही थीं और उनका इलाज चल रहा था। बृष्टि तलाक की प्रक्रिया से गुजर रही थीं, जिससे हाल के महीनों में उनकी परेशानी और बढ़ गई थी। उनके पिता निहार मुखर्जी ने कहा, "लड़की पिछले पांच-छह साल से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही थी। हम नियमित रूप से डॉक्टर को दिखाते थे। मुझे नहीं पता कि यह सब कैसे हुआ। उस समय हम घर की निचली मंजिल पर थे।" निहार मुखर्जी पहले रामपुरहाट-प्रथम प्रखंड के तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं।

शिक्षक भर्ती में भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे

गौरतलब है कि ब्रिष्टि मुखर्जी पर राज्य के स्कूलों में प्राइमरी शिक्षकों और ग्रुप-सी पदों पर भर्ती से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे और यह आरोप था कि उन्हें यह नौकरी गड़बड़ियों के जरिए मिली थी। पता चला है कि कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद पश्चिम बंगाल सेंट्रल स्कूल सर्विस कमीशन द्वारा जारी नौकरी रद्द करने की सूची में भी उनका नाम था। इस सूची में ब्रिष्टि मुखर्जी का नाम 608वें नंबर पर था। हालांकि, नौकरी ज्वाइन करने के कुछ दिनों बाद ही उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया था।

पति के साथ तलाक का मामला चल रहा था

स्थानीय सूत्रों ने यह भी बताया कि ब्रिष्टि का अपने पति के साथ तलाक का मामला कुछ महीनों से चल रहा था। उनकी शादी रामपुरहाट पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले अयश गांव में हुई थी। यह भी पता चला है कि उनका 12 साल का एक बच्चा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या उनकी मौत का संबंध पारिवारिक स्थिति से है। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पैतृक घर रामपुरहाट ब्लॉक नंबर-1 के चाकाईपुर गांव में है। उनके मामा का घर भी पास ही कुसुम्बा गांव में है। वहां, ममता बनर्जी के मामा अनिल मुखोपाध्याय और उनके बेटे निहार मुखोपाध्याय का परिवार रहता है। ब्रिष्टि की मौत से इलाके में शोक छा गया है। पुलिस ने कहा कि मौत की वजह के बारे में साफ जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मिल पाएगी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए