
गुरुवार के कारोबारी सत्र में दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद हरे निशान में बंद होने में सफल रहा। आईटी और रियल्टी के शेयरों के दम पर प्रमुख बेंचमार्क निफ्टी और सेंसेक्स में 0.46 प्रतिशत तक की बढ़त दर्ज की गई।
सेंसेक्स 390.31 अंक यानी 0.46 प्रतिशत बढ़कर 84,328.59 पर पहुंच गया, तो वहीं निफ्टी 50 65.25 अंक यानी 0.25 प्रतिशत बढ़कर 25,884.50 पर बंद हुआ।
निफ्टी50 में एचसीएल टेक, बीएसई, टीसीएस और इंफोसिस के शेयर टॉप गेनर्स की लिस्ट में शामिल रहे, जबकि एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस, श्रीराम फाइनेंस, नेस्ले इंडिया और बजाज फिनसर्व के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली।
व्यापक बाजारों में, निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में क्रमशः 0.32 प्रतिशत और 0.74 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
वहीं सेक्टरवार देखें तो निफ्टी आईटी (3.66 प्रतिशत की तेजी), निफ्टी रियल्टी (3.27 प्रतिशत की तेजी) और निफ्टी मेटल (1.17 प्रतिशत) ने सबसे अच्छा परफॉर्म किया, जबकि निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, निफ्टी ऑटो और निफ्टी मीडिया ने खराब प्रदर्शन किया।
एक मार्केट एक्सपर्ट ने कहा कि दिन के अस्थिर सत्र में शुरुआती नुकसान से उबरते हुए भारतीय शेयर बाजार में सुधार देखने को मिला, क्योंकि निरंतर विदेशी निवेश और चुनिंदा खरीदारी ने कच्चे तेल की स्थिर कीमतों और प्रस्तावित अमेरिकी टैरिफ के प्रभाव को कम कर दिया।
आईटी क्षेत्र में सबसे अधिक लाभ हुआ, जो हफ्तों की बिकवाली के बाद एशियाई टेक्नोलॉजी शेयरों में आए उछाल से प्रेरित था। धातुओं की कीमतों में सुधार के साथ-साथ मेटल शेयरों में भी तेजी आई, और मिड-कैप और स्मॉल-कैप शेयरों ने बेंचमार्क से बेहतर प्रदर्शन किया, जो व्यापक बाजार में अच्छी भागीदारी का संकेत देता है।
एक्सपर्ट ने आगे कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा अलग चेतावनी लेबल लागू करने के आह्वान के बाद एफएमसीजी क्षेत्र में अनुपालन संबंधी चिंताएं बढ़ने से बाजार में गिरावट आई। वैश्विक स्तर पर, उम्मीद से अधिक अमेरिकी जीडीपी और स्थिर मुद्रास्फीति ने फेडरल रिजर्व द्वारा और अधिक सख्ती बरतने की उम्मीदों को बल दिया है, जिससे वैश्विक यील्ड और शेयर मूल्यांकन पर दबाव बना हुआ है।
एक्सपर्ट ने कहा कि निकट भविष्य के लिए बाजार का रुख सकारात्मक लेकिन अस्थिर बना हुआ है, क्योंकि विदेशी तरलता से गिरावट को सीमित करने में मदद मिलनी चाहिए, जबकि वैश्विक दरें, कच्चा तेल और व्यापार वार्ता मूल्यांकन में वृद्धि को सीमित कर सकती हैं।
सोने और चांदी की कीमतों में गुरुवार को तेजी देखने को मिली। दोनों कीमती धातुओं का दाम 2.5 प्रतिशत तक बढ़ गया है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दोपहर 12:30 बजे सोने का 4 दिसंबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 1,291 रुपए या 1.07 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,22,428 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था।
यह पिछली क्लोजिंग 1,21,137 रुपए प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 1,22,740 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला।
सोने के साथ चांदी में भी खरीदारी देखी जा रही है। चांदी का 4 दिसंबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 3,505 रुपए या 2.46 प्रतिशत की मजबूती के साथ 1,46,022 रुपए प्रति किलो का था।
इसकी शुरुआत पिछली क्लोजिंग 1,42,517 रुपए प्रति किलो के मुकाबले 1,45,800 रुपए प्रति किलो पर हुई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी में तेजी देखने को मिल रही है। कॉमैक्स पर सोना 0.91 प्रतिशत की मजबूती के साथ 3,568 डॉलर प्रति औंस और चांदी 2.80 प्रतिशत की तेजी के साथ 41.18 डॉलर प्रति औंस पर था।
रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 24 पैसे टूटकर 92.44 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। कच्चे तेल की ऊंची कीमत और अमेरिका की ओर से अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने की आशंका के बीच रुपये में गिरावट आई।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी पूंजी का प्रवाह भारतीय मुद्रा के पक्ष में रहा, लेकिन कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बाद फिर तेजी आने और इनके 95 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंचने से घरेलू मुद्रा पर दबाव पड़ा।
कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों के साथ व्यापार युद्ध बढ़ाने के ताजा प्रस्ताव से मुद्रास्फीति को लेकर चिंता बढ़ी है।
अमेरिका ने भारत से आयात पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने का बुधवार को प्रस्ताव किया। हालांकि, दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौता होने पर इसे 17 प्रतिशत तक सीमित करने का प्रावधान किया गया है। इससे भारत को एशिया के प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले मामूली बढ़त मिल सकती है।
सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (एसडीटीटी) और आर डी टाटा ट्रस्ट (आरडीटीटी) बंबई उच्च न्यायालय में टाटा संस और उसके छह निदेशकों के खिलाफ मुकदमा दायर करेंगे।
वे एन चंद्रशेखरन को कंपनी के कार्यकारी चेयरमैन के रूप में तीसरे पांच साल के कार्यकाल के लिए फिर से नियुक्त किए जाने को चुनौती देंगे।
एसडीटीटी 50 करोड़ रुपये और आरडीटीटी 15 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग करेंगे। दोनों ट्रस्ट इस राशि पर सालाना 18 प्रतिशत ब्याज भी मांगेंगे।
दोनों ट्रस्टों की ओर से दायर किए जाने वाले मुकदमों के अनुसार, चंद्रशेखरन को दोबारा नियुक्त करने का 17 सितंबर का फैसला अमान्य था, क्योंकि इसे कंपनी के अंतर्नियमों के अनुच्छेद 121 के तहत जरूरी समर्थन में मत नहीं मिला था।
यह विवाद 17 सितंबर को निदेशक मंडल की बैठक में चंद्रशेखरन को टाटा संस का कार्यकारी चेयरमैन अगले पांच साल के लिए फिर से नियुक्त किए जाने के बाद शुरू हुआ।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए