
पश्चिम एशिया में बढ़ते हमलों के चलते कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों में उछाल के बीच हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुआ। इस दौरान प्रमुख बेंचमार्कों सेंसेक्स और निफ्टी 50 में 1 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।
बाजार बंद होने पर सेंसेक्स 989.33 अंक यानी 1.17 प्रतिशत गिरकर 83,339.26 पर पहुंच गया, तो वहीं निफ्टी 50 277.30 अंक यानी 1.07 प्रतिशत गिरकर 25,607.20 पर बंद हुआ।
दिन के कारोबार के दौरान, सेंसेक्स ने 83,208.33 का लो बनाया, जबकि निफ्टी एक समय 25,565.90 के निम्नतम स्तर पर पहुंच गया था।
निफ्टी में सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाले शेयरों में श्रीराम फाइनेंस, बजाज ऑटो, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंफोसिस और टीसीएस शामिल रहे, जिनमें करीब 5-2.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके विपरीत सबसे ज्यादा लाभ कमाने वाले शेयरों में बीईएल, जेएसडब्ल्यू स्टील, टाइटन, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एसबीआई लाइफ, ओएनजीसी और इंडिगो शामिल रहे।
इस दौरान, व्यापक बाजारों ने प्रमुख बेंचमार्कों से बेहतर प्रदर्शन किया, क्योंकि निफ्टी मिडकैप इंडेक्स और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में क्रमशः 0.10 प्रतिशत और 0.56 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
सेक्टरवार देखें तो निफ्टी आईटी इंडेक्स में 1.88 प्रतिशत, निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में 1.43 प्रतिशत, निफ्टी ऑटो में 1.48 प्रतिशत और निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स में 1.12 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जबकि निफ्टी केमिकल में 1.4 प्रतिशत, निफ्टी मेटल में 1.4 प्रतिशत, निफ्टी मीडिया में 0.53 प्रतिशत और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.26 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
एक बाजार विशेषज्ञ ने कहा, "तकनीकी रूप से, 26,000 के स्तर के पास बार-बार गिरावट (रिजेक्शन) देखने के बाद निफ्टी गुरुवार के 'डोजि' लो के नीचे आ गया है। तत्काल सपोर्ट 25,400 पर है, जबकि 25,750 का स्तर रेजिस्टेंस बन गया है। बैंक निफ्टी ने अपने छोटे टाइमफ्रेम वाले 'डबल टॉप' पैटर्न की नेकलाइन को तोड़ दिया है और 63,040.90 पर बंद हुआ है। अगला सपोर्ट 62,600 पर है, जबकि 63,400 तत्काल रेजिस्टेंस का काम करेगा।"
स्विगी की क्विक कॉमर्स इकाई इंस्टामार्ट ने पुनर्गठन प्रक्रिया के तहत लगभग 340 कर्मचारियों की छंटनी की है। कंपनी परिचालन दक्षता बढ़ाने, बढ़ती प्रतिस्पर्धा से निपटने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित कार्यप्रणालियों को अपनाने की दिशा में अपने संगठनात्मक ढांचे में बदलाव कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, छंटनी का असर मुख्य रूप से कॉर्पोरेट और सपोर्ट फंक्शंस पर पड़ा है। हालांकि कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों या विभागों का विस्तृत विवरण सार्वजनिक नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह कटौती मुख्य रूप से फ्रंटलाइन ऑपरेशंस के बाहर की भूमिकाओं में की गई है।
मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि इंस्टामार्ट अपने अगले विकास चरण की तैयारी में संगठन का पुनर्गठन कर रही है, जिसमें जनरेटिव एआई (जेन एआई) के बढ़ते उपयोग, नई कार्यप्रणालियों और संगठनात्मक संरचना में बदलाव को ध्यान में रखा गया है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य कार्यों की पुनरावृत्ति कम करना, जवाबदेही बढ़ाना और निर्णय लेने की गति को तेज करना है।
यह पुनर्गठन नंदिता सिन्हा के नेतृत्व में किया जा रहा है, जिन्होंने 3 अगस्त को इंस्टामार्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का पद संभाला था। उन्होंने अमितेश झा का स्थान लिया था। इससे पहले नंदिता सिन्हा मिंत्रा का नेतृत्व कर चुकी हैं।
कर्मचारियों की छंटनी को लेकर भेजे गए सवालों पर स्विगी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई।
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 20 नवंबर को समाप्त सप्ताह में 4.44 अरब डॉलर घटकर 700.90 अरब डॉलर रहा। भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
इससे एक सप्ताह पहले देश का विदेशी मुद्रा भंडार 14.21 अरब डॉलर घटकर 705.34 अरब डॉलर रह गया था।
आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, समीक्षाधीन सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा हिस्सा विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 26.6 करोड़ डॉलर घटकर 583.18 अरब डॉलर रही।
सोने का भंडार लगातार दूसरे सप्ताह घटा। इसमें 4.09 अरब डॉलर की बड़ी गिरावट आई और यह 94.52 अरब डॉलर रहा।
विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 6.7 करोड़ डॉलर घटकर 18.45 अरब डॉलर रहा। वहीं, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित भंडार 1.5 करोड़ डॉलर घटकर 4.74 अरब डॉलर रहा।
कच्चे तेल की कीमत में तेजी और घरेलू शेयर बाजारों में भारी गिरावट के बीच शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 60 पैसे टूटकर 92.98 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार विदेशी निवेशकों की लिवाली से मिले समर्थन के बावजूद रुपये पर मजबूत अमेरिकी मुद्रा के चलते दबाव देखने को मिला।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.44 पर खुला और कारोबार के निचले स्तर 93.01 को छूने के बाद अंत में डॉलर के मुकाबले 92.98 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 60 पैसे की गिरावट है।
रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 18 पैसे टूटकर 92.38 पर बंद हुआ था। इससे एक दिन पहले यह 65 पैसे की छलांग लगाकर चालू वित्त वर्ष के अपने अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।
रुपया पिछले सात महीनों में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली एशियाई मुद्रा बन गया है। इसने आठ अक्टूबर को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दर्ज किए गए अपने सर्वकालिक निचले बंद स्तर 96.88 से लगभग पांच प्रतिशत का सुधार दर्ज किया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए