
त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले सोने और चांदी की कीमतों ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। घरेलू बाजार में बढ़ती खरीदारी और वैश्विक बाजारों से मिल रहे मजबूत संकेतों के बीच सोमवार को दोनों कीमती धातुओं में जोरदार तेजी देखने को मिली। एमसीएक्स पर सोना 1.52 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया, जबकि चांदी 2.34 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार करती दिखी। बीते एक हफ्ते में सोने की कीमत 8,600 रुपये से ज्यादा और चांदी 15,000 रुपये से ज्यादा बढ़ चुकी है।
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को खबर लिखे जाने तक एमसीएक्स पर अक्टूबर 2026 डिलीवरी वाला सोना 0.69 प्रतिशत यानी 1,050 रुपये की बढ़त के साथ 1,52,870 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान सोने ने 1,52,946 रुपये का दिन का उच्चतम स्तर छुआ, जबकि 1,51,461 रुपये इसका निचला स्तर रहा।
सोने की हालिया तेजी को एक सप्ताह के आंकड़ों से भी समझा जा सकता है। 31 जुलाई को एमसीएक्स पर 24 कैरेट सोना 1,43,376 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। पिछले शुक्रवार तक इसका भाव बढ़कर 1,51,985 रुपये हो गया। यानी सिर्फ पांच कारोबारी सत्रों में सोना 8,609 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हुआ। सोमवार के भाव से तुलना करें तो 31 जुलाई के मुकाबले सोने की कीमत में कुल 8,644 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हो चुकी है।
चांदी ने इस दौरान सोने को भी पीछे छोड़ दिया। सोमवार को एमसीएक्स पर सितंबर 2026 डिलीवरी वाली चांदी 1.50 प्रतिशत यानी 3,473 रुपये उछलकर 2,34,939 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। कारोबार के दौरान चांदी ने 2,35,221 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ, जबकि इसका निचला स्तर 2,31,660 रुपये रहा।
चांदी की तेजी पिछले एक सप्ताह से बनी हुई है। 31 जुलाई को एमसीएक्स पर चांदी 2,18,295 रुपये प्रति किलोग्राम पर थी। पिछले शुक्रवार को यह बढ़कर 2,31,381 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। इस तरह पांच कारोबारी सत्रों में चांदी 13,086 रुपये प्रति किलो महंगी हुई। सोमवार के भाव के आधार पर 31 जुलाई से अब तक इसमें कुल 15,435 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, त्योहारी सीजन से पहले ज्वेलरी और निवेश दोनों क्षेत्रों में मांग बढ़ रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूती का असर भी घरेलू कीमतों पर साफ दिखाई दे रहा है। बाजार में लॉन्ग बिल्डअप भी देखने को मिल रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में उतार-चढ़ाव के बावजूद सोना और चांदी मजबूत बने रह सकते हैं।
हालांकि चांदी में हालिया तेजी के बावजूद यह अपने ऐतिहासिक उच्च स्तर से अभी काफी नीचे है। 29 जनवरी 2026 को चांदी ने 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम का ऑल टाइम हाई बनाया था। 2,33,730 रुपये प्रति किलो के मौजूदा भाव के आधार पर देखें तो चांदी अभी भी अपने रिकॉर्ड स्तर से 1,86,318 रुपये प्रति किलोग्राम नीचे है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर वैश्विक आर्थिक परिस्थितियां अनुकूल रहती हैं और त्योहारी मांग मजबूत बनी रहती है, तो सोने और चांदी में तेजी का सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है। फिलहाल बाजार की नजर अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों और अंतरराष्ट्रीय बाजारों की चाल पर है। आने वाले दिनों में यही संकेत कीमती धातुओं की आगे की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए