
सोने की कीमत में 2,721 रुपये और चांदी में 5,490 रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज हुई।
एमसीएक्स पर सोना 1,48,160 रुपये और चांदी 2,29,206 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना 2.09% और चांदी 3.67% की कमजोरी के साथ कारोबार कर रही थी।
जानकारों के मुताबिक, फेड की ब्याज दरों को लेकर आशंका और डॉलर इंडेक्स में तेजी से कीमतों पर दबाव बना है।
सोने और चांदी की कीमतों में सोमवार को शुरुआती कारोबार से ही कमजोरी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का 5 अक्टूबर 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,50,881 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 1,50,100 रुपये पर खुला। सुबह 9:50 बजे तक सोना 2,721 रुपये यानी 1.80 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,48,160 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।
कारोबारी सत्र में अब तक सोने ने 1,47,667 रुपये प्रति 10 ग्राम का निचला स्तर और 1,50,100 रुपये का ऊपरी स्तर छुआ। यानी शुरुआती कारोबार में सोने की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
चांदी की कीमतों में भी सोमवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। MCX पर चांदी का 4 दिसंबर 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 2,34,696 रुपये प्रति किलो की पिछली क्लोजिंग के मुकाबले 2,32,300 रुपये पर खुला। सुबह 9:50 बजे चांदी 5,490 रुपये यानी 2.34 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 2,29,206 रुपये प्रति किलो पर थी।
कारोबार के दौरान चांदी ने अब तक 2,28,035 रुपये प्रति किलो का न्यूनतम स्तर और 2,32,300 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ। इस तरह सोने के साथ-साथ चांदी पर भी बाजार में दबाव साफ दिखाई दिया।
भारत के अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों कीमती धातुओं में गिरावट देखी गई। सोना 2.09 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,230 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 3.67 प्रतिशत गिरकर 62.43 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
जानकारों के मुताबिक, सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट की एक बड़ी वजह फेड की ओर से ब्याज दरों के बढ़ने की आशंका और डॉलर इंडेक्स में लगातार तेजी है। डॉलर इंडेक्स बढ़कर 100.83 पर पहुंच गया है।
डॉलर इंडेक्स अमेरिकी डॉलर की दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं, यूरो, जापानी येन, पाउंड स्टर्लिंग, कैनेडियन डॉलर, स्वीडिश क्रोना और स्विस फ्रैंक के मुकाबले स्थिति को दर्शाता है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए