अर्थतंत्र

Gold-Silver Price: सोना-चांदी में फिर बड़ी गिरावट, 5 दिन में चांदी ₹11,521 और सोना ₹3,975 सस्ता

बीते सप्ताह सोने-चांदी के भाव में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। MCX पर चांदी ₹9,151 प्रति किलो और घरेलू बाजार में ₹11,521 सस्ती हो गई।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

  • बीते हफ्ते MCX और घरेलू बाजार दोनों में सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई।

  • MCX पर चांदी पांच कारोबारी दिनों में ₹9,151 और घरेलू बाजार में ₹11,521 प्रति किलो सस्ती हुई।

  • घरेलू बाजार में सोने का भाव भी पांच कारोबारी दिनों में ₹3,975 प्रति 10 ग्राम गिर गया।

  • चांदी अपने ₹4,20,048 के रिकॉर्ड हाई से अब ₹1,94,503 प्रति किलो नीचे आ चुकी है।

सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए बीता सप्ताह कीमतों के लिहाज से काफी अहम रहा। MCX से लेकर घरेलू बाजार तक दोनों कीमती धातुओं के भाव में जोरदार गिरावट देखने को मिली। चांदी की कीमत में जहां वायदा कारोबार में ₹9,151 प्रति किलो की कमी आई, वहीं घरेलू बाजार में इसका भाव ₹11,521 तक गिर गया। दूसरी ओर, 24 कैरेट सोने की कीमत भी पांच कारोबारी दिनों में घरेलू बाजार में ₹3,975 प्रति 10 ग्राम नीचे आ गई।

MCX पर चांदी ₹9,151 सस्ती

सबसे पहले MCX पर चांदी की कीमत देखें तो 4 दिसंबर की एक्सपायरी वाली 1 किलो चांदी 25 सितंबर को ₹2,34,696 पर बंद हुई थी। बीते शुक्रवार को इसका भाव गिरकर ₹2,25,545 प्रति किलो पर क्लोज हुआ। यानी महज पांच कारोबारी दिनों में MCX Silver Price में ₹9,151 प्रति किलो की गिरावट आई।

इस गिरावट के बाद चांदी अपने लाइफ टाइम हाई से भी काफी नीचे आ गई है। इस साल जनवरी के आखिरी सप्ताह में चांदी की वायदा कीमत सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए ₹4,20,048 प्रति किलो के हाई पर पहुंची थी। बीते शुक्रवार के बंद भाव से तुलना करें तो MCX पर चांदी अब इस रिकॉर्ड स्तर से ₹1,94,503 प्रति किलो सस्ती हो चुकी है।

घरेलू बाजार में चांदी और सोना भी फिसले

इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन यानी IBJA की वेबसाइट के मुताबिक, घरेलू बाजार में चांदी का भाव पांच कारोबारी दिनों में ₹2,32,350 से गिरकर ₹2,20,829 प्रति किलो रह गया। इस तरह घरेलू बाजार में चांदी ₹11,521 प्रति किलो सस्ती हुई है।

चांदी की तरह सोने के भाव में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। MCX पर 4 दिसंबर की एक्सपायरी वाले 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 25 सितंबर को ₹1,53,277 पर बंद हुआ था, जो बीते शुक्रवार को गिरकर ₹1,50,250 रह गया। यानी MCX Gold Rate में पांच कारोबारी दिनों में ₹3,027 प्रति 10 ग्राम की कमी आई।

घरेलू बाजार में भी सोने की कीमत ₹1,52,113 से फिसलकर ₹1,48,138 प्रति 10 ग्राम रह गई। इस हिसाब से सोना ₹3,975 प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ है। IBJA की ओर से अपडेट की गई कीमतें देशभर में एक समान रहती हैं, लेकिन सर्राफा दुकान से ज्वेलरी खरीदते समय 3 फीसदी GST के साथ मेकिंग चार्ज भी देना होता है, जिससे ग्राहकों के लिए अंतिम कीमत बढ़ जाती है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए