
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए तीसरे और अंतिम चरण के मतदान वाले क्षेत्रों में गुरुवार शाम 5 बजे चुनाव प्रचार थम गया। चुनाव के तीसरे चरण में 7 नवंबर (शनिवार) को 78 सीटों पर मतदान होना है, जिसमें प्रदेश के 2 करोड़ 35 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 1,204 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे।
चुनाव आयोग के मुताबिक, इस चरण में कुल 1,204 प्रत्याशी हैं, जिनमें 1094 पुरूष और 110 महिलाएं शामिल हैं। सबसे अधिक 31 प्रत्याशी गायघाट सीट पर हैं, जबकि सबसे कम नौ प्रत्याशी ढाका, त्रिवेणीगंज, जोकीहाट और बहादुरगंज से हैं। इस चरण के चुनाव के लिए 33,782 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक कोरोना काल में मतदान को लेकर कई तरह की व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
Published: undefined
तीसरे चरण के चुनाव में नीतीश सरकार के 12 मंत्रियों के अलावा कई दिग्गजों के भविष्य दांव पर हैं। नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल सुपौल से बिजेंद्र प्रसाद यादव, मधेपुरा के आलमनगर से नरेंद्र नारायण यादव, सिंघेश्वर से रमेश ऋषिदेव, सिकटा से खुर्शीद उर्फ फिरोज अहमद, लौकहा से लक्ष्मेश्वर राय, रूपौली से बीमा भारती, मुजफ्फरपुर से सुरेश शर्मा, बेनीपट्टी से विनोद नारायण झा की सियासी किस्मत इस चरण के मतदान में दांव पर है। इनके अलावा केवटी से आरजेडी नेता अब्दुल बारी सिद्दिकी, बोचहा से रमई राम, सहरसा से लवली आनंद सहित महागठबंधन के कई दिग्गजों के भाग्य का फैसला भी इसी चरण में होगा।
Published: undefined
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन आज सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। गुरुवार को चुनावी मैदान में एनडीए की ओर से बीजेपी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जहां कई रैलियां कर एनडीए प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे, वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी कई इलाकों में वोट मांगे। नीतीश ने तो पूर्णिया के धमदाहा में जेडीयू प्रत्याशी लेसी सिंह के समर्थन में आयोजित चुनावी रैली में धमाका करते हुए इस चुनाव को अपने लिए अंतिम चुनाव भी बता दिया। वहीं आज आखिरी दिन महागठबंधन की ओर से आरजेडी नेता और गठबंधन से मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी तेजस्वी यादव ने एक दर्जन से ज्यादा रैलियों को संबोधित किया।
Published: undefined
बिहार के इस बार के चुनावी दंगल में एनडीए की सीधी टक्कर विपक्षी दल के महागठबंधन से मानी जा रही है। बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए में जेडीयू, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा, विकासशील इंसान पार्टी शामिल हैं, जबकि केंद्र में एनडीए की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) इस बार अलग होकर चुनाव मैदान में है। वहीं महागठबंधन में आरजेडी, कांग्रेस और वामपंथी दल सीपीआई, सीपीएम शामिल हैं।
बता दें कि बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए इस बार तीन चरणों में चुनाव हो रहा है। इसके तहत प्रथम चरण में 28 अक्टूबर को 71 सीटों और दूसरे चरण में 3 नवंबर को 94 सीटों पर मतदान हो चुका है। 7 नवंबर को आखिरी चरण के मतदान के बाद वोटों की गिनती 10 नवंबर को होगी।
Published: undefined
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: undefined