मनोरंजन

सिनेजीवन: सलमान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में मिला 5 फुट लंबा सांप और शिखर ने गर्लफ्रेंड जाह्नवी कपूर पर लुटाया प्यार

अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट में एक 5 फुट लंबा ‘धामन’ सांप यानी इंडियन रैट स्नैक रेंगता हुआ मिला। शिखर ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर ट्रेलर शेयर करते हुए जाह्नवी को 'रियल और रील लाइफ की डॉन' बताया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में मिला 5 फुट लंबा 'धामन', जानें इस सांप को क्यों कहा जाता है 'घोड़ा पछाड़'

अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट में एक 5 फुट लंबा ‘धामन’ सांप यानी इंडियन रैट स्नैक रेंगता हुआ मिला। इस घटना से परिसर में हड़कंप मच गया। हालांकि, इस सांप से इंसानों को कोई खतरा नहीं होता।

ड्यूटी पर तैनात पुलिस कांस्टेबल ने तुरंत स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट विक्की दुबे को सूचना दी।

विक्की दुबे मौके पर पहुंचे और पूरी सावधानी बरतते हुए सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़कर बाहर निकाल लिया। पूरे ऑपरेशन के दौरान किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।

मामले की जानकारी बांद्रा वेस्ट पुलिस स्टेशन और वन विभाग के कंट्रोल रूम को भी दी गई। पुलिस स्टेशन में इस घटना की आधिकारिक डायरी एंट्री भी कर ली गई है।

Published: undefined

'रियल और रील लाइफ की डॉन', शिखर पहाड़िया ने गर्लफ्रेंड जाह्नवी कपूर पर लुटाया प्यार

अभिनेत्री जाह्नवी कपूर इन दिनों बहुप्रतीक्षित फिल्म 'पेद्दी' को लेकर चर्चा में हैं। सोमवार को फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया, जिसके बाद से अभिनेत्री को काफी सराहना मिल रही है। इसी बीच, मंगलवार को अभिनेत्री के बॉयफ्रेंड शिखर पहाड़िया ने उनकी जमकर प्रशंसा की।

शिखर ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर ट्रेलर शेयर करते हुए जाह्नवी को 'रियल और रील लाइफ की डॉन' बताया। उन्होंने लिखा, "जाह्नवी कपूर रील और रियल लाइफ में लेडी डॉन हैं। राम चरण बहुत अच्छे हैं। आप दोनों की फिल्म का इंतजार करना मुश्किल हो रहा है।"

वहीं, जाह्नवी ने भी शिखर की पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर रीपोस्ट किया और साथ में कई हार्ट इमोजी शेयर किए।

बता दें कि जाह्नवी कपूर और शिखर पहाड़िया लंबे समय से रिलेशनशिप में हैं और अक्सर अपने रिश्ते को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। हालांकि, दोनों ने कभी भी आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि नहीं की है कि वे एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अक्सर छुट्टियों, मंदिर दर्शन और पारिवारिक समारोहों के दौरान साथ देखा जाता है।

Published: undefined

प्यार जहर की तरह होता है : 'मैं वापस आऊंगा' का ट्रेलर रिलीज, अधूरी मोहब्बत की दर्दभरी दास्तां ने जीता दिल

निर्देशक इम्तियाज अली की फिल्मों में हमेशा से रिश्तों, अधूरी मोहब्बत और जिंदगी के भावनात्मक पहलुओं को दिखाया गया है। अब उनकी आने वाली फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' भी कुछ ऐसी ही कहानी लेकर दर्शकों के सामने आने वाली है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है, जिसे दर्शक काफी पसंद कर रहे है।

फिल्म में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी वाघ जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। ट्रेलर में हर किरदार अपने भीतर कोई गहरा दर्द और अधूरी कहानी लिए दिखाई देता है। फिल्म में आधुनिक अंदाज में इंसानी रिश्तों की गहराई को दिखाने की कोशिश की गई है।

ट्रेलर की शुरुआत विभाजन के समय के दौरान की है। नसीरुद्दीन शाह का किरदार अपनी अधूरी प्रेम कहानी के दर्द में जीता है, वह आखिरी सांसे गिन रहा है। वह अपने पोते दिलजीत को अपनी प्रेम कहानी के बारे में बताना चाहते हैं, लेकिन किसी को भी उनकी बात समझ नहीं आती। कहानी फ्लैशबैक में जाती है और इस प्रेम कहानी को बॉर्डर पार दिखाया जाता है। नसीरुद्दीन की जवानी का किरदार वेदांग रैना ने निभाया है और उनकी प्रेमिका का रोल शरवरी वाघ ने निभाया है।

ट्रेलर में दिखाया जाता है कि दिलजीत उनकी अधूरी प्रेम-कहानी को दुनिया के सामने लाना चाहते हैं। इसमें कई दमदार डायलॉग्स भी हैं, जैसे- ''ये प्यार जहर की तरह होता है, इसकी एक भी बूंद अंदर रह गई ना, तो यह आखिरी समय में चैन से मरने भी नहीं देता।''

Published: undefined

लगातार सीखना और जमीन से जुड़े रहना ही असली विकास : सई मांजरेकर

अभिनेत्री सई मांजरेकर फिल्ममेकर महेश मांजरेकर की बेटी हैं और धीरे-धीरे इंडस्ट्री में अपना नाम बना रही हैं। सई का मानना है कि भले ही उनके पिता इंडस्ट्री का बड़ा नाम हैं, लेकिन आने वाले समय में केवल अनुशासन, काम के प्रति लगन और कड़ी मेहनत ही उनकी सफलता की पूंजी होगी।

अपनी यात्रा को लेकर अभिनेत्री ने कहा, "मैं हमेशा से अपने फिल्मी बैकग्राउंड के आराम से बाहर निकलकर अपनी खुद की पहचान बनाना चाहती थी। मेरे लिए, विकास लगातार सीखने, अपने काम के जरिए खुद को साबित करने और इन सबके बीच जमीन से जुड़े रहने से आता है।"

अभिनेत्री ने आगे बताया कि हर किसी की यात्रा चुनौतियों के साथ आती है और उसकी तुलना करने के बजाय हमें अपने विकास पर ध्यान देना चाहिए।

अभिनेत्री सई मांजरेकर बचपन से ही डांस के प्रति गहरी रुचि रखती थीं और अभिनय की दुनिया में आने से पहले उन्होंने अपने पिता की फिल्म 'अस्तित्व' (2018) में एक सहायक निर्देशक के रूप में भी काम किया था। इसके बाद साल 2019 में दबंग-3 में 'खुशी चौटाला' की भूमिका से बॉलीवुड में डेब्यू किया और अपनी पहली ही फिल्म से दर्शकों का ध्यान खींचा।

Published: undefined

इरफान खान की 'हिंदी मीडियम' के नौ साल पूरे, मेकर्स ने शेयर किया आइकॉनिक वीडियो

हिंदी सिनेमा की लोकप्रिय और सामाजिक-व्यंग्य फिल्म 'हिंदी मीडियम' ने अपनी रिलीज के नौ साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर मंगलवार को मेकर्स ने फिल्म से जुड़ी यादों को ताजा किया।

मैडॉक फिल्म्स ने इंस्टाग्राम पर दिवंगत अभिनेता इरफान खान का एक बेहद लोकप्रिय वीडियो क्लिप शेयर किया। इसमें इरफान खान प्राइवेट स्कूलों की मनमानी और उनके दिखावे पर तंज कस रहे हैं। वीडियो पोस्ट कर मेकर्स ने लिखा, "पढ़ाई की भाषा: हिंदी या अंग्रेजी नहीं, सिर्फ एहसास।"

साल 2017 में रिलीज हुई फिल्म 'हिंदी मीडियम' समाज की उस कड़वी सच्चाई को दिखाती है, जहां अंग्रेजी बोलना ही इंसान की काबिलियत का पैमाना मान लिया जाता है। फिल्म में दिखाया गया था कि कैसे एक माता-पिता अपनी बेटी को एक बड़े अंग्रेजी मीडियम स्कूल में एडमिशन दिलाने के लिए हर संभव कोशिश करते हैं, और इस चक्कर में उन्हें किस तरह की दिक्कतों और धोखेबाजी का सामना करना पड़ता है।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined