मनोरंजन

सिनेजीवन: ऐश्वर्या राय ने पेरिस में बिखेरा जादू और दिलजीत दोसांझ ने शेयर किया सबसे आसान मंत्र

स्टेज पर ऐश्वर्या और अन्य ग्लोबल हस्तियां काफी मस्ती करती दिखीं और रैंप वॉक करते समय ऐश्वर्या ने क्राउन भी पहना था। दिलजीत दोसांझ की टीम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह बाहर बैठे चाय पीते हुए कैमरे पर बात करते नजर आ रहे हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

ऐश्वर्या राय ने पेरिस में बिखेरा जादू, इंटरनेशनल सितारों संग किया रैंप वॉक  

ग्लोबल स्टार ऐश्वर्या राय बच्चन ने पेरिस फैशन वीक में इंटरनेशनल एंटरटेनमेंट और फैशन जगत की कई बड़ी हस्तियों के साथ रैंप वॉक किया।

इस एक्ट्रेस ने 28 सितंबर को एफिल टॉवर के सामने 'प्लेस जोफ्रे' में आयोजित पेरिस फैशन वीक में हिस्सा लिया। इस शो में केंडल जेनर, इवा लोंगोरिया, सेलीन डियोन, सिमोन एशले, वियोला डेविस, जेन फोंडा, कारा डेलेविंगने और एंडी मैकडॉवेल जैसी ग्लोबल हस्तियां और एंबेसडर शामिल हुए।

स्टेज पर ऐश्वर्या और अन्य ग्लोबल हस्तियां काफी मस्ती करती दिखीं और रैंप वॉक करते समय ऐश्वर्या ने क्राउन भी पहना था।

 ऐश्वर्या राय गहरे रंग की मखमली (वेलवेट) पोशाक में नजर आईं, जिस पर बारीक नक्काशी और क्रिस्टलों से जड़ा हुआ केप बेहद खूबसूरत लग रहा था। इसके साथ ही, उनके नए बरगंडी-लाल बालों ने उनके इस अंदाज को एक आधुनिक और शानदार लुक दिया।

दिलजीत दोसांझ ने शेयर किया सबसे आसान मंत्र ,बोले- तनाव देने वाले लोगों को लाइफ से कट करो  

गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। मंगलवार को अभिनेता ने लोगों को तनाव देने वाले लोगों से दूर रहने और जिंदगी को खुलकर जीने की सलाह दी।

दिलजीत दोसांझ की टीम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह बाहर बैठे चाय पीते हुए कैमरे पर बात करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के जरिए अभिनेता अपने फॉलोअर्स को एक सिंपल लाइफ का मंत्र देते हुए कहते हैं कि फालतू के तनाव को खुद पर हावी मत होने दो और दूसरों की सोच को अपनी जिंदगी पर असर मत डालने दो। वीडियो में दिलजीत बाहर बैठकर चाय पीते हुए कैमरे पर बात करते नजर आ रहे हैं।

गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ कहते हैं, "टेंशन मत लो, चिंता मत करो, जो आपको टेंशन दे, उसे अपनी जिंदगी से निकाल दो। इस दुनिया में कोई टेंशन नहीं है। किसी की भी राय से आपको फर्क नहीं पड़ना चाहिए।"

 उन्होंने तनाव देने वाले लोगों से दूरी बनाने की अपनी बात को दोहराया और आगे कहा, "अपने में मस्त रहो और पता नहीं हम स्वर्ग में फिर कब मिलेंगे। मौज करो ब्रो।"

सोहा-कुणाल की लाडली का जन्मदिन सेलिब्रेशन, परिवार ने दी जमकर शुभकामनाएं

अभिनेत्री सोहा अली खान और अभिनेता कुणाल खेमू की बेटी इनाया नौमी खेमू मंगलवार को अपना जन्मदिन मना रही है। परिवार के लोगों ने इनाया को जन्मदिन की बधाई दी।

करीना कपूर खान ने इंस्टाग्राम पर इनाया नौमी खेमू की कई तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें इनाया की परिवार के साथ बिताए गए पल शामिल हैं।

पहली तस्वीर में छोटे तैमूर अली खान इनाया के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। इनाया ने पिंक स्वेटर, ब्लैक लेगिंग्स, पिंक बूट्स और एक प्यारा सा ताज पहना हुआ है, जहां इनाया कैमरे से दूसरी तरफ देख रही हैं, वहीं तैमूर रोते हुए या गुस्सा करते हुए नजर आ रहे हैं। दूसरी तस्वीर में पुरानी यादें ताजा हो गईं।

अभिनेत्री ने इनाया को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, "हैप्पी बर्थडे इनाया, तुम ब्यूटीफुल प्रिंसेस हो। हम तुमसे बहुत प्यार करते हैं... आज का दिन बहुत अच्छा बिताओ और सबसे कूल डांस पार्टी करो।"

अभिनेत्री सोहा अली खान और अभिनेता सैफ अली खान की बहन सबा अली खान ने भी इनाया नौमी खेमू को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर उसके साथ तस्वीर पोस्ट की, जिसमें सबा अली खान ने लिखा, "वक्त कैसे बदल जाता है, पता ही नहीं चलता। मेरी नन्ही सी बच्ची से तुम आज एक प्यारी सी लड़की बन गई हो, यकीन ही नहीं हो रहा कि आज तुम 9 साल की हो गई। बहुत सारा प्यार, जन्मदिन मुबारक हो मेरी इन्नी जान।"

उदिति सिंह ने करण वाही से रिश्ते पर तोड़ी चुप्पी, बोलीं- ब्रेकअप के बाद जिंदगी बदल गई

अभिनेत्री उदिति सिंह इस समय रियलिटी शो 'बिग बॉस-20' में नजर आ रही हैं। शो के दौरान उदिति ने अपने एक्स-बॉयफ्रेंड और अभिनेता करण वाही के साथ रिलेशनशिप को लेकर खुलकर बात की।

उदिति ने बताया कि कैसे 'कोविड-19' लॉकडाउन के दौरान उनका रिश्ता खराब होने लगा था।

साथी कंटेस्टेंट स्काउट से बात करते हुए उदिति ने कहा कि अलग होने के बाद उनकी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ पूरी तरह बदल गई। उदिति ने कहा, "ब्रेकअप के बाद मेरे लिए यह एक तरह से वरदान साबित हुआ। क्योंकि उसके बाद मेरा पूरा करियर, मेरी पूरी लाइफ, सब कुछ बदल गया था।"

उन्होंने आगे बताया कि लॉकडाउन के दौरान उन्होंने और उनके एक्स-पार्टनर ने एक गोल्डन रिट्रीवर डॉग को अडॉप्ट किया था, जिसका नाम 'नोआ' है। उदिति सिंह ने कहा, "हमने लॉकडाउन में साथ में नोआ नाम का गोल्डन रिट्रीवर लिया था, तो उसी को लेकर हमारे बीच काफी झगड़े शुरू हो गए थे। उस वक्त कोविड भी था, तो हम दोनों पर सफाई का काफी काम रहता था। मेरा सफाई करने का तरीका अलग था और उसका अलग। फिर वह इस बात को लेकर थोड़ा डॉमिनेट भी करता था और कहता था, 'तुम्हें नहीं आता।' क्योंकि वह उम्र को लेकर बहुत ज्यादा सोचता था, उसके लिए हर चीज ऐसी थी कि 'तुमसे नहीं हो पाएगा। तुम्हें ये-वो नहीं आता।', 'तुम नोआ को नहीं संभाल पाओगी।' तो मुझे लगता था कि मेरा पार्टनर बहुत डीमोटिवेट करने वाला है।"

उदिति ने आगे कहा, "ऐसा ही होता है, जब दो लोगों का एक होना नहीं लिखा होता है, तो बात-बात पर लड़ाई होती है और जब एक होना लिखा होता है, तब सब कुछ अच्छा होता है।"

महिलाओं की सुरक्षा के लिए अदिवि शेष, बोले- सुरक्षित समाज वही जहां हर कोई बोल सके

अभिनेता अदिवि शेष ने हैदराबाद पुलिस के साथ मिलकर महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर आवाज उठाई। अभिनेता का कहना है कि बराबरी सिर्फ नियम के तौर पर नहीं होनी चाहिए बल्कि, रोजमर्रा के व्यवहार में भी दिखनी चाहिए।

 अभिनेता अदिवि शेष का मानना है कि महिलाओं की सुरक्षा के बारे में सिर्फ किसी घटना के बाद ही नहीं सोचना चाहिए बल्कि, यह हमारी रोजमर्रा के व्यवहार में भी निर्भर करता है। अभिनेता ने कहा, "महिलाओं की सुरक्षा ऐसी चीज नहीं है जिस पर सिर्फ कोई घटना होने के बाद ही बात की जाए। यह हमारी रोज की बातचीत और हमारे व्यवहार का हिस्सा होनी चाहिए। हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम ऐसा माहौल बनाएं जहां महिलाएं सम्मानित और सुरक्षित महसूस करें।"

 उन्होंने आगे कहा, "पुरुष होने के नाते, खासकर जिनके पास एक पब्लिक प्लेटफॉर्म है, हमें गलत व्यवहार के खिलाफ बोलने के लिए तैयार रहना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बराबरी सिर्फ हमारी बातों में नहीं, बल्कि हमारे कामों में भी दिखे।"

अभिनेता ने बताया कि जो लोग प्रभावशाली पदों, सुरक्षित और बराबरी वाली जगह बनाने में अहम भूमिका अदा करते हैं। उन्होंने कहा, "एक सुरक्षित वर्कप्लेस और एक सुरक्षित समाज वह है जहां हर कोई सम्मानित और अपनी बात कहने में सहज महसूस करे।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए