मनोरंजन

सिनेजीवन: इंश्योरेंस फ्रॉड की कहानी में फंसे अरशद वारसी और कुकू कोहली के निधन से भावुक हुए अजय देवगन

अरशद वारसी अपनी डार्क कॉमेडी और क्राइम-थ्रिलर फिल्म 'जीवन भीमा योजना' से फिर से हसाने के लिए तैयार हैं। कुकू कोहली के निधन पर अजय देवगन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

कुकू कोहली के निधन से भावुक हुए अजय देवगन, बोले- 'कुछ लोग आपकी जिंदगी का रास्ता हमेशा के लिए बदल देते हैं'

फिल्ममेकर कुकू कोहली का मंगलवार को 77 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने अभिनेता अजय देवगन को फिल्म 'फूल और कांटे' से बॉलीवुड में लॉन्च किया था। उनके निधन पर अजय देवगन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया। अजय ने कहा कि कुछ लोग इंसान की जिंदगी की दिशा हमेशा के लिए बदल देते हैं और कुकू कोहली उनके लिए ऐसे ही खास लोगों में शामिल थे।

अजय देवगन ने एक्स पर कुकू कोहली को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, ''कुछ लोग आपकी जिंदगी का रास्ता हमेशा के लिए बदल देते हैं। कुकू जी मेरे लिए ऐसे ही लोगों में से एक थे। आपने मुझ पर जो भरोसा दिखाया, उसके लिए मैं हमेशा आपका शुक्रगुजार रहूंगा। आपकी बहुत याद आएगी, कुकू जी। ओम शांति।''

बता दें कि कुकू कोहली ने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में आखिरी सांस ली। उनकी तबीयत कुछ समय से ठीक नहीं थी। उन्हें ब्लॉकेज की समस्या थी, और हाल ही में उनके स्टेंट लगाया गया था।

'जीवन भीमा योजना' का ट्रेलर रिलीज, इंश्योरेंस फ्रॉड की कहानी में फंसे अरशद वारसी

अभिनेता अरशद वारसी अपनी डार्क कॉमेडी और क्राइम-थ्रिलर फिल्म 'जीवन भीमा योजना' से फिर से हसाने के लिए तैयार हैं। बुधवार को मेकर्स ने फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया है।

अभिनेता अरशद वारसी ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के ट्रेलर रिलीज पर लिखा, "एक हमशक्ल, एक इंश्योरेंस प्लान और मुसीबतों की एक ऐसी कड़ी जो खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही। 'जीवन भीमा योजना' का ट्रेलर रिलीज हो गया है।"

ट्रेलर रिलीज होने के बाद दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है। वे कमेंट सेक्शन में फिल्म की रिलीज को लेकर उत्सुकता जाहिर कर रहे हैं।

2 मिनट 22 सेकंड के ट्रेलर में अभिनेता अरशद वारसी पहली बार जीवन कपूर और उसके हमशक्ल भीमा के रूप में दोहरी भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं। यह ट्रेलर क्राइम, डार्क कॉमेडी, इंश्योरेंस फ्रॉड और गलतफहमी को दिखाता है। इसमें कर्ज में डूबे जीवन (अरशद) और उसकी पत्नी योजना (संजीदा शेख) के इर्द-गिर्द बुनी गई है।

अपने ही शहर में टूरिस्ट बनीं श्रद्धा कपूर, मुंबई की सड़कों से लेकर खाने तक की दिखाई झलक

बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर अपनी सादगी और चुलबुले अंदाज के लिए जानी जाती हैं। वह अक्सर अपने फैंस के साथ अपनी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी छोटी-छोटी झलकियां साझा करती रहती हैं। कभी वह अपने परिवार के साथ बिताए पलों की तस्वीरें दिखाती हैं, तो कभी अपने सफर और पसंदीदा चीजों से फैंस को रूबरू कराती हैं। 

अब श्रद्धा ने अपने ही शहर मुंबई को एक टूरिस्ट की नजर से देखने की कोशिश की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें और वीडियो साझा किए, जिनमें वह मुंबई की गलियों में घूमती और शहर के अलग-अलग रंगों को महसूस करती नजर आ रही हैं।

 श्रद्धा कपूर की ओर से इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए। पोस्ट में एक तस्वीर उनकी गाड़ी के अंदर की है, जिसमें वह सेल्फी लेती नजर आ रही हैं। इसके अलावा वह एक रेस्टोरेंट में बैठी हुई भी दिखाई दे रही हैं। एक अन्य तस्वीर में खाने से सजी पूरी टेबल नजर आ रही है, जिसमें टेस्टी खानों से भरी थालियां रखी हुई हैं।

 इसके साथ ही उन्होंने गाड़ी से बनाए गए दो वीडियो भी साझा किए। पहले वीडियो में मुंबई का हाईवे दिखाई देता है। सामने चौड़ी सड़क और उसके दोनों ओर ऊंची-ऊंची इमारतें नजर आ रही हैं। दूसरे वीडियो में सड़क किनारे लगा हुआ कपड़ों का बाजार दिखाई देता है। इस बाजार में काफी भीड़ नजर आ रही है और लोग दुकानों पर खरीदारी करते दिख रहे हैं। इस पोस्ट के साथ श्रद्धा ने लिखा, "खुद की सिटी में टूरिस्ट बने हो कभी?"

प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए सामंथा ने शेयर किया जरूरी मैसेज, बोलीं- मेरी एक्सरसाइज को फॉलो न करें

अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु इन दिनों अपने पहले बच्चे के स्वागत की तैयारियों में लगी हुई हैं और इसी बीच, उन्होंने बुधवार को अपनी प्रेग्नेंसी की खास पलों को शेयर करते हुए प्रेग्नेंट महिलाओं को खास हिदायत भी दी।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें और वीडियोज पोस्ट किए, जिसमें वे प्रेग्नेंसी के दौरान भी जिम में वर्कआउट करती नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने अपनी इस पोस्ट के जरिए बताया कि वे सालों से स्ट्रेंथ ट्रेनिंग कर रही हैं और डॉक्टर से परामर्श लेने के बाद ही उन्होंने स्ट्रेंथ ट्रेनिंग जारी रखी।

अभिनेत्री ने प्रेग्नेंट महिलाओं को समझाते हुए कहा कि अगर मैं ये सारी एक्सरसाइज कर रहूं हूं, तो इसका मतलब ये नहीं कि कोई भी कर सकता है। मेरा मानना है कि सभी की प्रेग्नेंसी अलग होती है, तो अगर किसी को जारी रखनी है, तो एक बार वे अपने डॉक्टर से जरूर सलाह लें।

 उन्होंने लिखा, "मैं सालों से स्ट्रेंथ ट्रेनिंग कर रही हूं और डॉक्टर की परमिशन से प्रेग्नेंसी के दौरान भी इसे जारी रखा है। मेरे ट्रेनर को भी प्रेग्नेंसी के दौरान ट्रेनिंग कराने का सर्टिफिकेट हासिल है, और आप यहां जो भी देख रहे हैं, वह मेरी बॉडी, मेरे अनुभव और मेरी प्रेग्नेंसी के हिसाब से किया गया है। हर प्रेग्नेंसी अलग होती है, इसलिए कृपया मेरे वर्कआउट को अपनी प्रेग्नेंसी के लिए गाइड के तौर पर इस्तेमाल न करें। प्रेग्नेंसी के दौरान एक्सरसाइज करने से पहले अपने डॉक्टर से बात करें और किसी क्वालिफाइड ट्रेनर के साथ ही काम करें।"

'नो एंट्री' ने पूरे किए 21 साल, अनीस बज्मी ने दर्शकों का जताया आभार 

मशहूर निर्देशक अनीस बज्मी की कॉमेडी ड्रामा फिल्म 'नो एंट्री' ने अपनी रिलीज के 21 साल पूरे कर लिए हैं। बुधवार को निर्देशक ने फिल्म को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त की।

निर्देशक ने इंस्टाग्राम पर पर्दे के पीछे की क्लिप शेयर की, जिसमें उन्होंने बताया कि फिल्म उनको मिली थी। साथ ही उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि फिल्म को इस कदर बनाया गया है कि हर तरह के दर्शक ने फिल्म का लुत्फ उठाया था।

 निर्देशक ने फिल्म को मिले ढेर सारे को लेकर दर्शकों का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा, "'नो एंट्री' को 21 साल पूरे हो गए, एक ऐसी फिल्म जिसने हर पीढ़ी के दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बनाई। आज मैं इस सफर, टीम, इन यादों और सबसे बढ़कर हमारे दर्शकों के लिए दिल से आभार व्यक्त करता हूं।"

 साल 2005 में रिलीज हुई 'नो एंट्री' तमिल फिल्म 'चार्ली चैपलिन' की आधिकारिक रीमेक थी, जिसे दर्शकों की तरफ से ढेर सारा प्यार मिला था। साथ ही, इस फिल्म ने बॉक्सऑफिस में अच्छी कमाई की थी और यह साल 2005 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनी थी। इसके गाने, जैसे फिल्म 'इश्क दी गली विच नो एंट्री' और कॉमेडी सीन आज भी बहुत पसंद किए जाते हैं।

अनीस बज्मी के निर्देशन में बनी फिल्म में उम्दा कलाकारों की टीम शामिल थी, जिसने दर्शकों को हंसने पर मजबूर किया था। फिल्म में सलमान खान (प्रेम), अनिल कपूर (किशन), फरदीन खान (सन्नी/शेखर), बिपाशा बसु (बॉबी), लारा दत्ता (काजल), ईशा देओल (पूजा) और सेलिना जेटली (बॉबी) जैसे कलाकार शामिल थे।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए