मनोरंजन

सिनेजीवन: तांत्रिक बन अक्षय कुमार करेंगे भूतों के साथ मस्ती और पूजा भट्ट ने जिंदगी का सबसे खूबसूरत अहसास शेयर किया

'भूत बंगला' का पहला गाना 'राम जी आकर भला करेंगे' का टीजर रिलीज हो चुका है, जिसमें अक्षय कुमार अपने तांत्रिक अवतार में दिख रहे हैं। पूजा भट्ट ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर पोस्ट की। इस तस्वीर में वे हाथ में सफेद गुलाब पकड़े नजर आ रही हैं।

फोटो" सोशल मीडिया
फोटो" सोशल मीडिया 

तांत्रिक बन अक्षय कुमार करेंगे भूतों के साथ मस्ती, रिलीज की 'भूत-बंगला' के पहले गाने की झलक

'जॉली एलएलबी 3' के साल भर बाद अक्षय कुमार एक बार अपने कॉमेडी अवतार से फैंस का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं।

अपनी कॉमेडी और हॉरर से भरपूर फिल्म 'भूत-बंगला' के पोस्टर और रिलीज डेट अनाउंसमेंट के बाद दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह बन चुका है और इसी के साथ मेकर्स ने फिल्म के पहले गाने की झलक भी रिलीज कर दी है और साथ ही ये भी स्पष्ट कर दिया है कि पूरा गाना कब रिलीज होगा।

'भूत बंगला' का पहला गाना 'राम जी आकर भला करेंगे' का टीजर रिलीज हो चुका है, जिसमें अभिनेता अपने तांत्रिक अवतार में दिख रहे हैं और उनके आसपास भूतों की टोली नजर आ रही है। अपकमिंग सॉन्ग हॉरर और कॉमेडी से भरा है, जिसे देखकर थोड़ा डर जरूर लगेगा, लेकिन अभिनेता के एक्सप्रेशन हंसने पर मजबूर कर देंगे। 'राम जी आकर भला करेंगे' गाने की म्यूजिक बीट भी शानदार है और सुनकर लग रहा है कि ये सॉन्ग हिट होने वाला है।

'राम जी आकर भला करेंगे' के पूरे गाने के लिए दर्शकों को कल तक इंतजार करना होगा, क्योंकि पूरा गाना कल रिलीज होगा। अभिनेता ने गाने की जानकारी सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर दी है। उन्होंने लिखा, 'मैं अपने भूतों के साथ तैयार हूं, और क्या आप हैं? 'राम जी आकर भला करेंगे' का टीजर जारी। गाना कल निकलेगा!'

Published: undefined

पूजा भट्ट ने जिंदगी का सबसे खूबसूरत अहसास शेयर किया, कहा- अब जीना सीखा है

अभिनेत्री पूजा भट्ट हिंदी सिनेमा का जाना-माना नाम हैं। उन्होंने कई फिल्मों में काम करके दर्शकों के दिलों में खास पहचान बनाई। बुधवार को उन्होंने अपने जीवन से जुड़ा एक बहुत महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक खुलासा किया।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर पोस्ट की। इस तस्वीर में वे हाथ में सफेद गुलाब पकड़े नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट के जरिए बताया कि उनके जीवन में 10 साल का सफर काफी अहम रहा है।

पूजा ने लिखा, "मंगलवार का दिन मेरे लिए कई कारणों से खास था। आप सभी लोगों से मिला इतना सारा प्यार और समर्थन देखकर मैं दिल से बहुत-बहुत शुक्रगुजार हूं। 54 साल की उम्र होना अपने आप में एक बड़ी बात है, लेकिन सबसे ज्यादा खास बात ये है कि आज मुझे बिना नशे किए 10 साल पूरे हो जाएंगे।"

उन्होंने आगे लिखा, "54 साल तो सिर्फ उम्र के गुजरे हैं, लेकिन पिछले 10 साल मैंने सचमुच जिंदगी को सही मायनों में जीना सीखा है। हर चीज के लिए और खास तौर पर इस सफर के लिए मैं अपने ईश्वर की बहुत आभारी हूं। उन्होंने मुझे यह सही रास्ता दिखाया और इस मुश्किल दौर से निकाला।"

Published: undefined

हार्ट अटैक की खबरों पर टीम का खुलासा, 'रूटीन मेडिकल चेक-अप के लिए गए थे भंसाली, चिंता की कोई बात नहीं'

संजय लीला भंसाली की सेहत को लेकर फैली अफवाहों पर उनकी टीम की ओर से बयान सामने आया है। खबर सामने आई थी कि मशहूर फिल्ममेकर को हार्ट अटैक आया है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देखते ही देखते यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। 

इस खबर ने फैंस के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को भी चिंता में डाल दिया। इसी बीच उनकी टीम ने सामने आकर इन खबरों पर पूरी तरह विराम लगाया है।

भंसाली प्रोडक्शन ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट किया, ''संजय लीला भंसाली बिल्कुल ठीक हैं। वे रूटीन मेडिकल चेकअप के लिए गए हैं और चिंता की कोई बात नहीं है। हम सभी के दिखाए गए प्यार, देखभाल और चिंता के लिए दिल से आभारी हैं। आपके लगातार सपोर्ट और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद।''

टीम की ओर से जारी बयान में कहा गया कि संजय लीला भंसाली को लेकर फैल रही सभी खबरें झूठी हैं। उन्हें हार्ट अटैक आने और अस्पताल में भर्ती कराए जाने की खबर निराधार है।

टीम ने लोगों और मीडिया से अपील की कि बिना पुष्टि के किसी भी तरह की खबर को न फैलाएं और अफवाहों पर भरोसा न करें।

Published: undefined

'द फिफ्टी' से निकले क्रिएटर रचित रोझा ने शेयर किया शो का अनुभव, बताया कैसे बनाई जगह

मशहूर क्रिएटर रचित रोझा 'द 50' में अपनी धाक जमाने के बाद शो से बाहर हो चुके हैं। दर्शकों को क्रिएटर का बेबाकपन बहुत पसंद आया और यही वजह रही कि वे लंबे समय तक अकेले दम पर शो में टिके रहे। 

अब उन्होंने आईएएनएस से खास बातचीत में शो से जुड़े कई राज खोले और बताया कि कैसे हरियाणा के मजबूत बैकग्राउंड की मदद से वे खुद को शो में शारीरिक और मानसिक तरीके से तैयार कर सके।

'द 50' को लेकर मिले ऑफर पर रचित ने कहा, "मेरी पहली प्रतिक्रिया यह थी कि यह एक नया प्लेटफॉर्म है, इसलिए मैंने सोचा, क्यों न इसे आजमाया जाए? मेरे दर्शक लंबे समय से मुझे किसी रियलिटी शो में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित कर रहे थे। मुझे लगा कि उनकी बात सुनने और कुछ नया करने का यही सही समय है।"

शो में एंट्री के बाद की रणनीति पर रचित ने कहा, "जब मैं पहली बार महल में दाखिल हुआ, तो मैंने भव्य साज-सज्जा देखी और मजाक में कहा कि यह थर्माकोल से बना लग रहा है। शायद शो के बाद इसे तोड़ दिया जाएगा। हम सब आपस में हंस रहे थे कि बाद में हर चीज का दोबारा इस्तेमाल किया जाएगा। गंभीरता से कहूं तो मेरी एकमात्र रणनीति थी कि मैं हर काम में अपनी पूरी ऊर्जा और समर्पण लगाऊं। मैंने अपना पूरा ध्यान अपनी बेस्ट परफॉर्मेंस देने पर रखा।"

Published: undefined

एक्शन ड्रामा 'भोगी' के साथ लौट रहे शर्वानंद, जानें कब रिलीज होगी फिल्म

साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता शर्वानंद जल्द ही एक्शन-ड्रामा फिल्म 'भोगी' लेकर आ रहे हैं। फिल्म के निर्माताओं ने बुधवार को इसका पहला लुक पोस्टर जारी किया और साथ ही रिलीज डेट भी बताई।

अभिनेता शर्वानंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्ट किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, "कुछ आग ऐसी होती है, जो जलाती नहीं, बल्कि सच सामने लाती है। फिल्म 'भोगी' एक जबरदस्त और जोशीला 'शरवा संपथ ब्लड फेस्ट' है। 'भोगी' 28 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।"

फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। यह फिल्म 1960 के दशक के उथल-पुथल भरे समय पर आधारित होगी। फिल्म को नॉर्थ तेलंगाना और महाराष्ट्र के बॉर्डर के एक गांव की पृष्ठभूमि पर बनाया गया है। फिल्म की खास बात है कि इसमें दो अभिनेत्रियां नजर आएंगी। जहां अनुपमा परमेश्वरन लीडिंग लेडी के रोल में होंगी, वहीं डिंपल हयाती भी एक महत्वपूर्ण किरदार निभाएंगी।

यह शर्वानंद के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि इस फिल्म में वे निर्देशक संपत नंदी के साथ काम कर रहे हैं। साथ ही, यह उनकी पहली पैन-इंडिया फिल्म है। यह एक बड़े बजट वाली फिल्म है, जिसमें शानदार तकनीकी टीम काम कर रही है।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined