
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने 11 अक्टूबर को अपना 84वां जन्मदिन मना रहे हैं। हर साल की तरह इस साल भी उनके बंगले जलसा के बाहर फैंस का हुजूम उमड़ा था लेकिन महानायक शनिवार को अपने फैंस से मिल नहीं पाए। इसके लिए उन्होंने अपनी एक्सटेंडेड फैमिली यानी ईएफ फैमिली से माफी मांगी है और कहा है कि वह आज रविवार को जलसा गेट पर सबसे मिलेंगे।
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग के जरिए फैंस से अपनी दिल की बात साझा की। उन्होंने लिखा, "पूरी ईएफ फैमिली से माफी चाहता हूं कि आपको 'जलसा' गेट पर इतनी देर तक इंतजार करना पड़ा और मैं बाहर नहीं आ पाया। लेकिन.. कल संडे की मुलाकात में.. अरे.. कल तो आ ही गया है.. तो दिन में थोड़ी देर बाद मिलेंगे.. और माफी मांगूंगा।"
दरअसल, अमिताभ बच्चन अपने फैंस को अपनी एक्सटेंडेड फैमिली मानते हैं। पिछले चार दशकों से भी ज्यादा समय से यह परंपरा चली आ रही है कि हर रविवार को बिग बी अपने घर जलसा के गेट पर आकर फैंस से मिलते हैं, उनका अभिवादन करते हैं। उनके जन्मदिन पर यह नजारा और भी खास होता है, जब देशभर से लोग उनकी एक झलक पाने के लिए मुंबई पहुंचते हैं।
अभिनेता रजत बेदी ने इंटरनेशनल गर्ल चाइल्ड डे के मौके पर लड़कियों के माता-पिता के लिए एक खास मैसेज शेयर किया। उन्होंने सभी पैरेंट्स से अपील की कि वे बेटियों और बेटों के साथ समान बर्ताव करें और लड़कियों को अपनी जिंदगी से जुड़े फैसले खुद लेने की आजादी दें।
सभी पैरेंट्स से अपील करते हुए रजत ने कहा, ''मैं कहना चाहता हूं कि एक बेटी को कभी यह साबित करने की जरूरत नहीं पड़नी चाहिए कि वह बेटे जितनी काबिल है। उसे भी उतनी ही आजादी, अच्छी शिक्षा और प्रोत्साहन दें, जितना बेटे को देते हैं। सिर्फ लड़की होने की वजह से यह फैसला न करें कि वह क्या कर सकती है और क्या नहीं। उसे गलतियां करने दें, उनसे सीखने दें और जिंदगी में अपना रास्ता खुद तलाशने का मौका दें।''
रजत ने आगे कहा, ''मैं सभी पिताओं से कहना चाहूंगा कि बेटी का साथ देने का मतलब सिर्फ उसकी सुरक्षा करना नहीं है, बल्कि उस पर भरोसा करना और उसे अपने पैरों पर खड़े होने का आत्मविश्वास देना भी है। हर लड़की को यह मौका मिलना चाहिए।''
बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान एक बार फिर चर्चा में हैं। मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए एक प्रदर्शन के सिलसिले में उनके और अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। यह प्रदर्शन दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर था।
पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान मुंबई में 400 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया था, जिनमें इमरान खान भी शामिल थे।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, इस मामले में दक्षिण मुंबई के गामदेवी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223, 126(2), 189(2), 189(3), और 189(5) के तहत मामला दर्ज किया है। ये धाराएं आदेश की अवहेलना, गलत तरीके से रोकने और गैरकानूनी जमावड़े से जुड़े मामलों में लगाई जाती हैं। इस मामले में पुलिसकर्मी खुद शिकायतकर्ता बने हैं।
शनिवार को हिरासत में लिए जाने के बाद इमरान खान ने सोशल मीडिया पर पुलिस वैन के अंदर से अपनी एक तस्वीर साझा की। इसके साथ उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, 'लगता है मैं ड्राइव पर जा रहा हूं।'
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने कोरियोग्राफर गणेश आचार्य के संघर्ष और कामयाबी के सफर की तारीफ की। उन्होंने उनकी आने वाली फिल्म 'गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट' का ट्रेलर सोशल मीडिया पर शेयर किया और कहा कि गणेश ने अपनी मेहनत और टैलेंट के दम पर जो मुकाम हासिल किया है, उसे देखकर उन्हें बेहद खुशी और गर्व महसूस होता है।
अक्षय कुमार ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का ट्रेलर शेयर करते हुए बताया कि गणेश आचार्य के साथ उनका रिश्ता काफी पुराना है। अक्षय ने लिखा, ''मास्टर जी और मेरा साथ बहुत पुराना है। मुझे आज भी याद है कि कोरियोग्राफर के तौर पर उनका पहला गाना मेरे साथ था। आज उन्होंने अपनी मेहनत और टैलेंट से जो मुकाम हासिल किया है, उसे देखकर मुझे बहुत खुशी होती है और गर्व महसूस होता है।''
अक्षय ने गणेश आचार्य के सफर को उनकी आने वाली फिल्म की कहानी से जोड़ते हुए कहा लिखा, ''एक छोटी-सी शुरुआत से लेकर आज यहां तक पहुंचने का उनका सफर ही 'गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट' की कहानी है। सबसे खास बात यह है कि यह उनकी अपनी कहानी है। आप सभी के साथ इसका ट्रेलर शेयर करते हुए बहुत खुशी हो रही है। ढेर सारा प्यार और शुभकामनाएं, मेरे दोस्त!''
अभिनेता राजपाल यादव ने नवरात्र पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक अहम मुद्दा उठाया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नवरात्र में सिर्फ देवी की पूजा करने तक सीमित न रहें, बल्कि महिलाओं का सम्मान और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी निभाएं। अभिनेता ने कहा कि हर बेटी को बिना किसी डर के अपने सपनों को पूरा करने और अपनी शर्तों पर जिंदगी जीने का अधिकार मिलना चाहिए।
राजपाल यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने नवरात्रि के दौरान कन्या पूजन की परंपरा का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि जिस देश में छोटी बच्चियों को देवी का रूप मानकर उनकी पूजा की जाती है, क्या वहां हर बेटी वास्तव में सुरक्षित है?
अभिनेता ने हिंदी में लिखा, ''नवरात्रि के नौ दिनों तक हम देवी शक्ति की आराधना करते हैं। अष्टमी और नवमी के दिन छोटी-छोटी कन्याओं को देवी का रूप मानकर उनकी पूजा करते हैं और उनका आशीर्वाद लेते हैं। लेकिन जब महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी घटनाएं सामने आती हैं, तो मन में एक सवाल उठता है कि जिस देश में छोटी बच्चियों को देवी मानते हैं, क्या वहां हर बेटी सच में सुरक्षित है?''
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए