
बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अनिल कपूर जल्द ही रियलिटी क्विज शो 'इंडिया के टॉप 1 पर्सेंट' को होस्ट करते नजर आएंगे। यह शो 5 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। शो की घोषणा के साथ ही अनिल कपूर ने इसकी खासियतों के बारे में बताया कि यह दर्शकों के लिए एक नया अनुभव लेकर आएगा।
अनिल कपूर ने कहा कि वह इस शो को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, ''मैं यह घोषणा करते हुए बहुत खुश हूं कि 'इंडिया के टॉप 1 पर्सेंट' का प्रीमियर 5 सितंबर को होने जा रहा है। इस शो का शानदार लॉन्च एक बेहद खास अनुभव रहा। इतने भव्य और शानदार माहौल में इस शो की शुरुआत की घोषणा करना मेरे लिए और भी यादगार पल बन गया है।''
उन्होंने बताया, ''यह शो दुनियाभर में लोकप्रिय रहे इंटरनेशनल फॉर्मेट 'द 1 पर्सेंट क्लब' का भारतीय रूप है। यह फॉर्मेट नीदरलैंड्स, जर्मनी, स्पेन, ग्रीस, ऑस्ट्रेलिया, इजरायल, तुर्की, यूक्रेन, मैक्सिको और अमेरिका जैसे कई देशों में दर्शकों का मनोरंजन कर चुका है। अब यह पहली बार भारतीय दर्शकों के सामने पेश किया जा रहा है।''
'इंडिया के टॉप 1 पर्सेंट' का प्रसारण 5 सितंबर से स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा।
बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा धूपिया अपनी दमदार अदाकारी के साथ-साथ अपने पारिवारिक रिश्तों को लेकर भी अक्सर चर्चा में रहती हैं। वह अपने माता-पिता के बेहद करीब हैं और समय-समय पर उनके साथ जुड़ी खास यादें सोशल मीडिया पर साझा करती रहती हैं।
अब एक बार फिर नेहा ने अपने माता-पिता के लिए खास पोस्ट साझा किया है, जिसने लोगों का ध्यान खींचा। दरअसल, नेहा ने अपने माता-पिता को उनकी शादी की 50वीं सालगिरह की बधाई दी और उनके लंबे साथ को प्यार और विश्वास की सबसे खूबसूरत मिसाल बताया।
नेहा धूपिया ने इस खास मौके पर अपने माता-पिता कमांडर प्रदीप सिंह धूपिया और मनपिंदर धूपिया की कुछ तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा कीं। तस्वीरों के जरिए नेहा ने दिखाया कि कैसे उनके माता-पिता ने पांच दशकों का सफर एक-दूसरे के साथ प्यार और मजबूती से पूरा किया है।
एक तस्वीर में नेहा अपनी मां को केक खिलाती हुई दिखाई दे रही हैं। वहीं, एक अन्य तस्वीर में उनके माता-पिता साथ मिलकर केक काटते हुए नजर आए। अन्य तस्वीरों में परिवार के साथ बिताए गए कई यादगार लम्हे भी शामिल रहे।
अपने अनोखे स्लो-मोशन डांस स्टाइल से देशभर में मशहूर हुए अभिनेता और डांसर राघव जुयाल इन दिनों अभिनय की दुनिया में लगातार सफलता हासिल कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद करते हुए उन लोगों का जिक्र किया, जिन्होंने उनके सफर को आसान बनाया। इस दौरान उन्होंने मशहूर कोरियोग्राफर और जज गीता कपूर के प्रति अपना सम्मान जताया और बताया कि वह आज भी उन्हें अपनी गुरु मानते हैं।
राघव ने खुलासा किया कि फिल्म 'किल' में खलनायक का किरदार निभाने जैसा बड़ा फैसला लेने से पहले उन्होंने सबसे पहले गीता कपूर से ही सलाह ली थी।
बातचीत के दौरान राघव ने अपने अभिनय करियर का भी एक अहम किस्सा साझा किया। उन्होंने कहा, ''जब मुझे फिल्म 'किल' के लिए ऑडिशन देने का मौका मिला, तब मैं इस बात को लेकर काफी असमंजस में था कि मुझे यह फिल्म करनी चाहिए या नहीं। इसकी वजह यह थी कि फिल्म में मुझे एक नकारात्मक किरदार निभाना था, जबकि लोग अब तक एक डांसर के रूप में मुझे जानते थे। ऐसे में मैं सबसे पहले अपना ऑडिशन लेकर गीता कपूर के घर पहुंचा। मैंने उन्हें पूरा ऑडिशन दिखाया और राय मांगी कि क्या मुझे यह चुनौती स्वीकार करनी चाहिए।''
राघव ने बताया, ''मैंने गीता कपूर से कहा था कि यह एक नेगेटिव रोल है और मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि इसे स्वीकार करूं या नहीं। मेरे मन में यह डर भी था कि कहीं दर्शक मुझे इस नए अंदाज में स्वीकार न करें। हालांकि, उनके समझाने के बाद मैंने तय किया कि मुझे अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलकर यह चुनौती जरूर स्वीकार करनी चाहिए। मेरे अभिनय करियर की असली शुरुआत वहीं से हुई और 'किल' मेरे लिए एक टर्निंग प्वाइंट साबित हुई। इस फिल्म ने लोगों को मेरा बिल्कुल नया रूप देखने का मौका दिया और एक अभिनेता के तौर पर नई पहचान बनाई।''
बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर, निर्माता और होस्ट करण जौहर एक बार फिर रियलिटी स्ट्रीमिंग शो 'द ट्रेटर्स' के दूसरे सीजन के साथ वापसी कर रहे हैं। शुक्रवार को शो का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज किया गया, जिसमें सस्पेंस, धोखा, रणनीति और रोमांच का जबरदस्त मेल देखने को मिला।
ट्रेलर के साथ करण ने दूसरे सीजन को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा कीं। उनका कहना है कि इस बार का खेल पहले से कहीं ज्यादा मुश्किल और चुनौतिपूर्ण होने वाला है।
ट्रेलर की बात करें, तो वीडियो में आलीशान, लेकिन रहस्यपूर्ण महल दिखाई देता है, जहां हर खिलाड़ी के चेहरे पर मुस्कान है, लेकिन उसके पीछे क्या चल रहा है, इसका अंदाजा लगाना आसान नहीं है। शो की सबसे बड़ी खासियत यही है कि यहां हर बातचीत, हर मुस्कान और हर रिश्ता किसी नई साजिश की शुरुआत हो सकता है। ट्रेलर में करण जौहर अपने खास अंदाज में कहते हैं- ''यह महल किसी सपने जैसा लगता है... और मैं इस सपने को डरावने ख्वाब में बदलने का इंतजार नहीं कर सकता।'' उनके इस डायलॉग से साफ है कि इस बार दर्शकों को पहले से कहीं ज्यादा रोमांच और सस्पेंस देखने को मिलेगा।
शिल्पा शेट्टी के पति और अभिनेता राज कुंद्रा की एक्शन ड्रामा थ्रिलर पंजाबी फिल्म 'द ग्रेट पंजाब रॉबरी' शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज की जा चुकी है। इस खुशी में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने पति पर गर्व जताते हुए सोशल मीडिया पर उनके लिए खास पोस्ट शेयर किया।
अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर सिनेमाघर का मोंटाज वीडियो पोस्ट की। इसमें वे अपने पति के साथ सिनेमाघर में नजर आ रही हैं। साथ ही, फिल्म की कुछ झलक भी शामिल हैं। अभिनेत्री ने पति के लिए खास नोट भी लिखा, जिसमें उन्होंने अपने पति की तारीफ की। साथ ही, फिल्म की पूरी टीम को बधाई दी।
अभिनेत्री ने लिखा, "कुछ हीरो कैप पहनते हैं लेकिन मेरा हीरो पगड़ी पहनता है। मुझे आप पर गर्व है, राज कुंद्रा। 'द ग्रेट पंजाब रॉबरी' अब सिनेमाघरों में चल रही है। पंजाब की पहली डकैती वाली फिल्म देखने जाओ। पूरी टीम को बधाई।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए