मनोरंजन

सिनेजीवन: दोस्त शम्मी के बेटे की फिल्म देख भावुक हुईं आशा पारेख और कपिल शर्मा के पोस्ट ने खींचा ध्यान

आशा पारेख ने 'रक्स' की तारीफ करते हुए कहा कि यह फिल्म देखने और सराहने लायक है। कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा इन दिनों परिवार के साथ विदेश में छुट्टियां मना रहे हैं।

फोटो: PTI
फोटो: PTI 

दोस्त शम्मी के बेटे की फिल्म देख भावुक हुईं आशा पारेख, 'रक्स' की जमकर की तारीफ

दिग्गज अभिनेत्री आशा पारेख हाल ही में अभिनेत्री शम्मी (नरगिस रबादी) के बेटे एवं निर्देशक इकबाल रिजवी की फिल्म 'रक्स' के प्रीमियर में पहुंची थीं। प्रीमियर में उन्होंने आईएएनएस के साथ बातचीत में अपनी दोस्त और अभिनेत्री शम्मी को याद किया।

अभिनेत्री आशा पारेख ने अपनी पुरानी दोस्त और अभिनेत्री शम्मी को याद करते हुए कहा कि काश आज वो इस फिल्म को देखने के लिए यहां होतीं। आशा कहती हैं, "शम्मी के साथ बिताया हर वक्त मेरे लिए खास था और मुझे उनकी आज भी याद आती है। आज इकबाल रिजवी को देखकर बहुत खुशी हो रही है, काश शम्मी भी यहां पर होती।"

आशा पारेख ने 'रक्स' की तारीफ करते हुए कहा कि यह फिल्म देखने और सराहने लायक है। उन्होंने कहा, "रक्स बहुत अच्छी फिल्म है, लोगों को इसे देखना चाहिए, उससे सीख लेनी चाहिए और इकबाल रिजवी ने बहुत अच्छी डायरेक्शन की है, कहानी बहुत अच्छी है। बच्चों ने बहुत अच्छा काम किया है।"

शम्मी (असली नाम नरगिस रबादी) हिंदी सिनेमा और टेलीविजन की लोकप्रिय चरित्र अभिनेत्री थीं, जिन्होंने 200 से अधिक फिल्मों और कई मशहूर धारावाहिकों में काम किया। उन्हें दर्शक प्यार से 'शम्मी आंटी' के नाम से जानते थे।

'मेरी जिंदगी का सफर मुश्किल बनाने के लिए शुक्रिया...', कपिल शर्मा के पोस्ट ने खींचा ध्यान

कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा इन दिनों परिवार के साथ विदेश में छुट्टियां मना रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस ट्रिप की कुछ खूबसूरत तस्वीरें शेयर की हैं। इनमें पत्नी गिन्नी चतरथ के साथ उनकी सेल्फी और बच्चों के साथ तस्वीरें भी शामिल हैं। 

इसमें कपिल ने मजाकिया अंदाज में पत्नी गिन्नी का शुक्रिया अदा किया और लिखा कि उन्होंने उनका सफर और भी 'मुश्किल' बना दिया है। हालांकि, तुरंत ही उन्होंने अपनी बात सुधारते हुए इसे और भी खूबसूरत बनाने वाला सफर बताया।

कपिल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर तस्वीरों की एक सीरीज शेयर की। पहली तस्वीर में वह और गिन्नी बाहर खड़े होकर सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। कपिल ने काले रंग का स्वेटर और सनग्लासेस पहने हुए हैं, वहीं गिन्नी भी काले रंग की आउटफिट और सनग्लासेस में दिखाई दे रही हैं। एक दूसरी तस्वीर में कपिल और गिन्नी अपने दोनों बच्चों अनायरा और त्रिशान के साथ एक पुरानी इमारत के बाहर पोज देते नजर आ रहे हैं।

 इन तस्वीरों के साथ कपिल ने लिखा, ''साथ अच्छा हो तो सफर और भी खूबसूरत हो जाता है। मेरी जिंदगी के सफर को और मुश्किल बनाने के लिए शुक्रिया... सॉरी, और भी खूबसूरत बनाने के लिए शुक्रिया, माय लव गिन्नी।''

मुरैमामन विवाद पर कीर्ति सुरेश ने दी सफाई, बोलीं-'मैं अपनी संस्कृति को कभी नीचा नहीं दिखाऊंगी'   

अभिनेत्री कीर्ति सुरेश आगामी तमिल कोर्टरूम ड्रामा फिल्म 'सत्यवान सावित्री' में युवा वकील की भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म के प्री-रिलीज इवेंट के दौरान अभिनेत्री ने सीरीज 'अक्का' के प्रमोशन के दौरान राधिका आप्टे द्वारा दक्षिण भारत में प्रचलित मुरैमामन प्रथा को लेकर दिए गए बयान पर सफाई दी।

दरअसल, नेटफ्लिक्स सीरीज 'अक्का' के प्रमोशन के दौरान अभिनेत्री राधिका आप्टे ने कीर्ति सुरेश के साथ एक इंटरव्यू में एक तेलुगु फिल्म का अनुभव शेयर किया था, जिसमें उन्होंने फिल्म के अनुभव को अपने करियर का सबसे मुश्किल किरदार बताया, जिसमें उनके किरदार को अपने मामा से शादी करनी थी। उन्होंने कहा कि उन्हें उस अनुभव की हर बात नापसंद थी और एक पितृसत्तात्मक माहौल में अपने से काफी बड़े अभिनेता के साथ रोमांस करना उनके लिए सबसे कठिन रहा।

प्री-रिलीज इवेंट में कीर्ति सुरेश से पूछा गया था कि वो खुद को किस फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा मानती हैं क्योंकि उन्होंने तमिल, तेलुगु, मलयालम और हिंदी में काम किया है। एक्ट्रेस ने जैसे ही साफ किया कि वो खुद को एक साउथ एक्ट्रेस मानती हैं, कीर्ति सुरेश का ध्यान हाल ही में एक्ट्रेस राधिका आप्टे के साथ दिए गए उनके एक जॉइंट इंटरव्यू की तरफ दिलाया गया, जिसमें राधिका के एक सवाल के जवाब में दक्षिण भारत में प्रचलित मुरैमामन संस्कृति (चाचा द्वारा अपनी भतीजी से शादी करने की प्रथा) का जिक्र किया गया था।

सोशल मीडिया पर तेलुगु और तमिल सिनेमा के फैंस ने इस जवाब की आलोचना की थी क्योंकि कई लोगों को लगा था कि इसका लहजा नीचा दिखाने वाला था।

शान ने पत्नी राधिका संग मनाई 26वीं वेडिंग एनिवर्सरी, बोले-'प्यार और साथ के 26 साल'

गायक शान और उनकी पत्नी अपनी शादी की सालगिरह मना रहे हैं। कपल ने इटली के फ्लोरेंस में रोमांटिक सेलिब्रेशन के साथ अपनी शादी की 26वीं सालगिरह सेलिब्रेट की।

 शान ने इंस्टाग्राम पर एक मोंटायज वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह पत्नी राधिका के साथ हैं और दोनों के पीछे मशहूर फ्लोरेंस कैथेड्रल में नजर आ रहा है। गायक ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, "एक साथ एक और खूबसूरत दिन।"

 उन्होंने आगे लिखा, "प्यार और साथ के 26 सालों में एक और दिन!! फ्लोरेंस, इटली में हमारी 26वीं सालगिरह के दिन की कुछ झलकियां और मेरी भावनाओं को बयां करने के लिए ये ऑडियो बिल्कुल सही है।" राधिका ने भी पोस्ट पर जवाब देते हुए बस इतना लिखा, "लव यू।"

 शान और राधिका मुखर्जी की बात करें तो कपल की पहली मुलाकात 1990 के दशक में एक म्यूचुअल फ्रेंड की पार्टी या पूल पार्लर में हुई थी। राधिका शान से 6 साल छोटी थीं। जब दोनों मिले थे तब शान 24 साल के थे और राधिका 18 साल की थीं। लंबे समय तक दोनों में पहले अच्छी दोस्ती हुई और फिर यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई।

जितेंद्र कुमार के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी आरजे महवश, बोलीं- "उनके साथ काम करना था सबसे मजेदार"

अभिनेत्री और आरजे महवश अपनी आगामी रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म 'टेढ़ी है पर मेरी है' में अभिनेता जितेंद्र कुमार के साथ मुख्य भूमिका में नजर आएंगी, जिसकी शूटिंग हाल ही में पूरी हो चुकी है। इस प्रोजेक्ट पर काम करने का अपना अनुभव शेयर करते हुए अभिनेत्री ने बताया कि उनके रोल के लिए काफी फिजिकल स्ट्रेंथ और कई दिनों की प्रैक्टिस की जरूरत थी।

अभिनेत्री ने अपने को-स्टार और अभिनेता जितेंद्र कुमार के साथ स्क्रीन शेयर करने के अनुभव को शेयर किया।

उन्होंने कहा, "ये एक शानदार अनुभव था। दूसरे प्रोजेक्ट्स के अलग, इसमें काफी फिजिकल स्ट्रेंथ की जरूरत थी और अपने पार्ट की तैयारी के दौरान कई दिनों तक प्रैक्टिस करनी पड़ी, लेकिन जब आपको अपने बेस्ट फ्रेंड के साथ स्क्रीन शेयर करने को मिलता है, तो पूरा सेट और माहौल अपने आप ही ज्यादा कम्फर्टेबल और मजेदार हो जाता है। जीतू जो करते हैं, उसमें बहुत अच्छे हैं, जाहिर है, और मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा।"

उन्होंने कहा, "इसके अलावा, मुझे सच में लगता है कि फिल्म हमारे दर्शकों को बहुत पसंद आएगी और वे हंस-हंसकर लोटपोट हो जाएंगे। फिल्म बहुत अच्छी बनी है। हमारे डायरेक्टर जयेश सर को बस यही पता है कि सबसे बेस्ट कैसे निकलवाना है।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ