मनोरंजन

सिनेजीवन: जंतर-मंतर पर छात्रों के समर्थन में पहुंचे सेलेब्स और नसीरुद्दीन शाह के जन्मदिन पर बेटे ने शेयर की अनदेखी तस्वीर

सोमवार को टेलीविजन से लेकर बॉलीवुड सेलेब्स ने सोशल मीडिया के जरिए बच्चों के हित के लिए आवाज उठाई। विवान शाह ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर बचपन की एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह अपने पिता नसीरुद्दीन शाह के साथ नजर आ रहे हैं।

जंतर-मंतर पर छात्रों के समर्थन में पहुंचे टीवी और बॉलीवुड सेलेब्स, जवाबदेही की उठाई मांग
जंतर-मंतर पर छात्रों के समर्थन में पहुंचे टीवी और बॉलीवुड सेलेब्स, जवाबदेही की उठाई मांग  फोटो: सोशल मीडिया

जंतर-मंतर पर छात्रों के समर्थन में पहुंचे टीवी और बॉलीवुड सेलेब्स, जवाबदेही की उठाई मांग

नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' के बैनर तले नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई धांधली और पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के चल रहे संघर्ष के दौरान मनोरंजन जगत से कई सेलेब्स धरना स्थल पर पहुंचे। सोमवार को टेलीविजन से लेकर बॉलीवुड सेलेब्स ने सोशल मीडिया के जरिए बच्चों के हित के लिए आवाज उठाई।

 भारतीय अभिनेत्री, राजनीतिज्ञ, सामाजिक कार्यकर्ता नफीसा अली सोढ़ी ने इंस्टाग्राम पर प्रोटेस्ट की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी के शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल हुआ। माहौल बहुत ही जोश और भावनाओं से भरा हुआ था। मुझे उम्मीद है कि सरकार उनकी पीड़ा और चिंताओं को सुनेगी।"

टीवी एक्ट्रेस शफक नाज ने लिखा, "यह किसी पॉलिटिकल पार्टी को सपोर्ट करने या उससे नफरत करन के लिए नहीं है, बल्कि जवाबदेही तय करने के लिए है। माता-पिता अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। यह समय सही और गलत साबित करने का नहीं है, बल्कि उन लोगों के जबाव लेने का है, जो जिम्मेदारी देने वाले पदों पर बैठे हैं।"

मशहूर निर्देशक अतुल कुलकर्णी ने भी चिंता जाहिर करते हुए इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने लिखा, "बोल कि लब आजाद हैं तेरे, बोल जबां अब तक तेरी है।"

सितंबर से शुरू होगा 'बिग बॉस' का नया सीजन, जियो स्टार ने लॉन्च की 'इंडियाज बिग रियलिटी' कॉफी टेबल बुक

फोटो: सोशल मीडिया

लोकप्रिय रिलयलिटी शो 'बिग बॉस' के नए सीजन की शुरुआत सितंबर से होगी। जियो स्टार ने 'इंडियाज बिग रियलिटी' नामक कॉफी टेबल बुक लॉन्च की। यह किताब बिग बॉस की शानदार यात्रा, समाज और संस्कृति पर इसके प्रभाव और इसकी लंबे समय से चली आ रही विरासत को दर्शाती है।

यह पुस्तक विस्तार से बताती है कि कैसे बिग बॉस अपने शो के माध्यम से ब्रांड्स को दर्शकों के बीच जीवंत अनुभव में बदल देता है।

जियो स्टार के टीवी, एंटरटेनमेंट सेल्स हेड महेश शेट्टी ने शो को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "पिछले दो दशकों में, बिग बॉस ने लगातार खुद को नया रूप दिया है। इस दौरान शो का स्तर, दर्शकों से जुड़ाव और सांस्कृतिक प्रभाव लगातार बढ़ता गया है। इस त्योहारी सीजन में हम अब तक के सबसे बड़े पड़ाव का जश्न मना रहे हैं। अलग-अलग भाषाओं के छह संस्करणों का एक साथ आना इस शो का अब तक का सबसे बड़ा उत्सव है।"

 उन्होंने कहा, "बिग बॉस की लगातार सफलता की सबसे बड़ी वजह इसकी दर्शकों को लंबे समय तक जोड़कर रखने और ऐसे साझा सांस्कृतिक अनुभव बनाने की क्षमता है, जो ब्रांड्स के लिए ठोस व्यावसायिक परिणामों में बदल जाते हैं। 'इंडियाज बिग रियलिटी' इस सफर को आंकड़ों और महत्वपूर्ण जानकारियों के माध्यम से प्रस्तुत करता है। यह मार्केटर्स को एक रणनीतिक नजरिया देती है कि कैसे यह फॉर्मेट एक बड़े सांस्कृतिक प्रभाव और लोकप्रियता वाले शो में बदल गया।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ऐतिहासिक फाइनल का लुत्फ उठाते दिखे सेलेब्स

'फीफा वर्ल्ड कप 2026' में शकीरा के धमाकेदार डांस परफॉरमेंस ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। इसका असर मनोरंजन जगत में भी देखने को मिल रहा है। सोमवार को अभिनेत्री करिश्मा कपूर समेत कई सेलेब्स ने सोशल मीडिया के माध्यम से फीफा वर्ल्ड की जमकर तारीफ की।

अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर शकीरा के परफॉर्मेंस का वीडियो पोस्ट कर लिखा, "उफ्फ बहुत बढ़िया, लोलो (करिश्मा) लव्स।"

 बता दें कि शकीरा ने पहले ऐतिहासिक 'फीफा वर्ल्ड कप' फाइनल हाफटाइम शो में हेडलाइनिंग की, जहां उन्होंने नाइजीरियाई म्यूजिक स्टार बर्ना बॉय के साथ 'फीफा वर्ल्ड कप 2026' का ऑफिशियल गाना 'डाई-डाई' गाया।

अभिनेता संजय दत्त की पत्नी मान्यता दत्त ने भी फीफा वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ा वीडियो इंस्टाग्राम स्टोरीज पर शेयर किया। इस वीडियो में संजय दत्त समेत पूरा परिवार फाइनल का लुत्फ उठा रहा है। मान्यता दत्त ने एक और तस्वीर शेयर कर लिखा, "'फैमिली गेम नाइट'।

अभिनेता रणबीर कपूर के बुआ के लड़के आदर जान ने भी इंस्टाग्राम के जरिए स्पेन की 'फीफा वर्ल्ड कप 2026' जीत का जश्न मनाते हुए मैच को 'लीजेंड बनाम प्रोडिजी' का मुकाबला बताया। दरअसल, आदर 'फीफा वर्ल्ड कप 2026' का फाइनल देखने के लिए गए हुए थे।

नसीरुद्दीन शाह के जन्मदिन पर बेटे विवान शाह ने शेयर की बचपन की अनदेखी तस्वीर, बोले- 'हैप्पी बर्थडे बाबा'

भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह दशकों से अपनी दमदार अदाकारी और बेहतरीन फिल्मों के जरिए दर्शकों के दिलों पर राज कर रहे हैं। सोमवार को वह अपना 76वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं। इस खास मौके पर उन्हें परिवार, दोस्तों और फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों ने शुभकामनाएं दीं, लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान उनके बेटे और अभिनेता विवान शाह की पोस्ट ने खींचा।

विवान शाह ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर बचपन की एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह अपने पिता नसीरुद्दीन शाह के साथ नजर आ रहे हैं। तस्वीर में नसीरुद्दीन शाह सोफे पर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि छोटे से विवान उनके पास खड़े हैं। यह तस्वीर पिता और बेटे के बीच के खूबसूरत रिश्ते की झलक दिखाती है। इस तस्वीर के साथ विवान शाह ने लिखा, 'हैप्पी बर्थडे बाबा।'

राम कपूर पर लगे आरोपों के बीच पत्नी गौतमी कपूर का समर्थन, बोलीं- बिना पूरी बात जाने फैसला न सुनाएं

अभिनेता राम कपूर इन दिनों रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' को लेकर चर्चा में हैं। शो में उनके व्यवहार को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। वहीं अब उनकी पत्नी और टेलीविजन अभिनेत्री गौतमी कपूर खुलकर उनके समर्थन में सामने आई हैं। 

गौतमी ने एक वीडियो साझा कर लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के बारे में राय बनाने से पहले पूरी सच्चाई जानना जरूरी है।

 उन्होंने कहा कि शो के कुछ हिस्से देखने के आधार पर किसी पर गंभीर आरोप लगाना सही नहीं है। दर्शकों को केवल वही दिखाया जाता है जो एडिट होकर सामने आता है।

 गौतमी कपूर वीडियो की शुरुआत में कहती है, ''मैंने पहले इस मामले पर कुछ भी बोलने का फैसला नहीं किया था। लेकिन पिछले कुछ दिनों से जिस तरह की बातें हो रही हैं, उन्हें देखकर मैंने अपनी चुप्पी तोड़ने का फैसला किया, इसलिए आज मैं अपने पति के लिए बोलने आई हूं। बहुत से लोग फैसले सुना रहे हैं और कह रहे हैं कि राम कपूर गलत हैं, उनका व्यवहार ठीक नहीं है या उनके इरादे सही नहीं हैं। लेकिन मैं आपको बताना चाहती हूं कि राम ऐसे ही हैं।''

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए