
ग्लोबल आइकन अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के जन्मदिन के मौके पर निर्देशक एस.एस. राजामौली समेत फिल्म वाराणसी की टीम ने अभिनेत्री का पहला लुक जारी किया, जिसमें उन्हें फिल्म में उनके किरदार मंदाकिनी के रूप में दिखाया गया है।
मशहूर निर्देशक एस.एस राजामौली ने इंस्टाग्राम पर प्रियंका की दो तस्वीरें शेयर कीं। पहली तस्वीर में अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा इंटेंस अवतार में नजर आ रही हैं। काले रंग की कॉर्सेट-स्टाइल आउटफिट में अभिनेत्री तीखे एक्सप्रेशन दे रही हैं। गर्म, एम्बर लाइट वाले बैकग्राउंड के सामने यह तस्वीर मंदाकिनी के किरदार के पावरफुल साइड की ओर इशारा करती है।
वहीं, दूसरी तस्वीर में प्रियंका बेफिक्र और मस्तमौला अंदाज में हैं। व्हाइट क्रॉप टॉप, ब्लैक कार्गो पैंट और कंधों पर बेज जैकेट पहने एक्ट्रेस हाथ फैलाकर हवा में उछलती हुई दिख रही हैं।
अभिनेत्री की मुस्कान, उनके कैरेक्टर का जिक्र राजामौली ने अपने कैप्शन में किया। उन्होंने लिखा, "जब वह मुस्कुराती है तो बहुत प्यारी और सुकून देने वाली लगती है और जब नहीं मुस्कुराती, तो उसके गुस्से और तेवर आग जैसे लगते हैं।"
इसी के साथ ही, प्रियंका चोपड़ा के सह-कलाकार महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन ने भी इंस्टाग्राम पर अभिनेत्री का पहला लुक शेयर किया।
बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान को फेसबुक पोस्ट के जरिए धमकी मिलने की खबर है। हालांकि, मुंबई पुलिस के मुताबिक, न तो एक्टर और न ही उनकी टीम ने अब तक कोई शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने बताया कि उन्हें मीडिया रिपोर्ट से आमिर खान को धमकी मिलने के बारे में पता चला और वे आगे की कार्रवाई करने से पहले वायरल पोस्ट की सच्चाई की जांच कर रहे हैं।
खबरों के मुताबिक, आमिर को फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए धमकी मिली, जो कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा था। पोस्ट में लिखा था, "मैं आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई (लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप) हूं। जो लोग हमारे देश में हमारी संस्कृति के खिलाफ काम कर रहे हैं और आमिर खान जैसे लोग जो 'लव जिहाद' के नाम पर इसे बढ़ावा दे रहे हैं, हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।"
पोस्ट में आगे लिखा, "उन्हें (आमिर खान) बहुत जल्द जवाब दिया जाएगा। यह हमारे सनातन धर्म और हमारे देश के खिलाफ है, जो लोग स्टारडम के नाम पर ऐसी चीजों को बढ़ावा दे रहे हैं। हम उन्हें बख्शेंगे नहीं।"
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर का कहना है कि उन्होंने अपने पूरे फिल्मी करियर में हमेशा ऐसी फिल्मों का समर्थन किया है, जिनमें महिलाओं के मजबूत और प्रभावशाली किरदार कहानी का केंद्र हों। उनका मानना है कि सिनेमा में महिलाओं की दमदार आवाज और उनकी अहम भूमिका को और अधिक जगह मिलनी चाहिए।
अनिल कपूर ने अपनी नई फिल्म 'अल्फा' को लेकर इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट करते हुए अपने विचार रखे। उन्होंने लिखा कि उनका यह विश्वास सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके निजी जीवन की मजबूत महिलाओं ने भी उनकी इस सोच को और मजबूत बनाया है।
अभिनेता अनिल कपूर ने लिखा, "मैं हमेशा से मानता आया हूं कि हमें ऐसी फिल्मों की जरूरत है, जिनमें मजबूत महिला मुख्य किरदार और उनकी आवाज हो। चाहे वर्षों पहले 'जुदाई' और 'लम्हे' जैसी फिल्मों में अभिनय करना हो या 'खूबसूरत', 'वीरे दी वेडिंग' और 'क्रू' जैसी फिल्मों का निर्माण करना, मैंने हमेशा ऐसी महिला किरदारों का समर्थन किया है जो कहानी की धुरी हों।"
उन्होंने अपनी बेटियों सोनम कपूर और रिया कपूर के साथ-साथ अपनी पत्नी को भी अपनी इस सोच की प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा, "शायद इसकी वजह यह है कि मैं दो बेहद मजबूत बेटियों का पिता और एक बेहद सशक्त महिला का पति हूं। या फिर इसलिए कि महिलाओं की ऊर्जा दुनिया को बदल रही है और यह जीवन की सच्चाई है।"
बॉलीवुड एक्टर सलमान खान ने शुक्रवार रात मुंबई स्थित स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (एसआरए) कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने एसआरए के आधुनिक डेटा कलेक्शन एंड वेरिफिकेशन सपोर्ट सेंटर (आईटी सर्वर रूम) का उद्घाटन किया।
यह अत्याधुनिक सुविधा डिजिटल प्रशासन को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई है। माना जा रहा है कि इससे एसआरए की ई-गवर्नेंस पहल को नई मजबूती मिलेगी।
सलमान खान ने झुग्गी पुनर्वास योजना के लाभार्थियों को उनके स्थायी घरों की चाबियां भी सौंपीं। चाबियां मिलने के बाद लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। एसआरए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. महेंद्र कल्याणकर की मौजूदगी में सलमान खान ने 50 से अधिक लाभार्थियों को उनके नए घरों की चाबियां प्रदान कीं।
टेलीविजन अभिनेत्री ईशा सिंह रियलिटी शो 'बिग बॉस' सीजन-18 में नजर आई थीं। वह शो की फाइनलिस्ट बनीं और शानदार तरीके से खेलते हुए छठे स्थान पर रही थी। अभिनेत्री ने आईएएनएस के साथ बातचीत में हाल ही में ओटीटी और टीवी रियलिटी शोज की बात की।
उन्होंने बताया कि ओटीटी रियलिटी शोज 'अलायंस' और 'लॉक-अप' लोगों की असलियत दिखा रहे हैं। लोग अगर गाली-गलौज वाली भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो वो उनकी असलियत है। असल जिंदगी में लोग अक्सर ऐसे ही बात करते हैं।
अभिनेत्री रियलिटी शो 'बिग बॉस' सीजन-18 का हिस्सा रह चुकी हैं। उनसे जब आईएएनएस ने 'लॉक अप' और 'अलायंस' जैसे शो से आने वाले बोल्ड कंटेंट के बारे में पूछा, तो अभिनेत्री ने बताया कि यह शो ओटीटी पर स्ट्रीम हो रहे हैं, तो उनके पास सीन हो या भाषा के लिए ज्यादा आजादी है।
अभिनेत्री ईशा सिंह ने कहा, "देखिए, जब हमारे दर्शक इन शो को देखते हैं, तो वे बोलते हैं कि ऐसी अभद्र भाषा में बात कर रहे हैं। मेरा मानना है कि लोग असल जीवन में ऐसे ही बात करते हैं, हालांकि फर्क बस इतना है कि ओटीटी शोज में दिखता है, जबकि बिग-बॉस टीवी पर प्रसारित होता है, इसलिए उसमें एडिट कर दिया जाता है।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए