मनोरंजन

सिनेजीवन: 'भोजपुरी बवाल' से लेकर 'ईठा' तक, अक्षरा ने खोले कई राज और अजय देवगन बनेंगे 'क्राइम पेट्रोल' के स्पेशल होस्ट

तेज प्रताप यादव के एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने को लेकर भी अक्षरा सिंह ने प्रतिक्रिया दी। बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन अब टीवी के चर्चित क्राइम शो 'क्राइम पेट्रोल' से जुड़ने जा रहे हैं।

'भोजपुरी बवाल' से लेकर 'ईठा' तक, अक्षरा ने खोले कई राज
'भोजपुरी बवाल' से लेकर 'ईठा' तक, अक्षरा ने खोले कई राज फोटो: IANS

'भोजपुरी बवाल' से लेकर 'ईठा' तक, अक्षरा सिंह ने खोले कई राज, तेज प्रताप यादव को बताया 'क्यूट'

भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने अपना जन्मदिन गरीब और जरूरतमंद बच्चों के साथ मनाया। पटना में बच्चों के बीच वक्त बिताने के बाद अक्षरा ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि उनके लिए यह जन्मदिन बेहद खास रहा। उन्होंने भोजपुरी शो 'भोजपुरी बवाल', खेसारी लाल यादव, तेज प्रताप यादव और अपनी आने वाली फिल्म 'ईठा' को लेकर भी खुलकर बात की।

अक्षरा सिंह ने कहा, ''मैं अपने एक शो के लिए दिल्ली जा रही हूं, लेकिन पटना में मनाया गया मेरा जन्मदिन मुझे लंबे समय तक याद रहेगा। इस खास दिन पर मैंने अलग-अलग एनजीओ से जुड़े बच्चों से मुलाकात की और उनके साथ बातें कीं। इन बच्चों से मिलकर मुझे असल जिंदगी को करीब से समझने का मौका मिला। हर छोटी-छोटी खुशियों को कैसे सेलिब्रेट किया जाता है, ये मैंने उनसे ही सीखा।''

अक्षरा से जब 'भोजपुरी बवाल' को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अपने बिजी शेड्यूल की वजह से वह अभी यह शो नहीं देख पा रही हैं। उन्होंने शो से जुड़े कलाकारों की तारीफ करते हुए कहा, ''सभी लोग अच्छे-अच्छे शो में जा रहे हैं और अपने नाम और मुकाम को बड़ा कर रहे हैं, जो अच्छी बात है। मेरा फोकस फिलहाल अपने काम पर है।''

 तेज प्रताप यादव के एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने को लेकर भी अक्षरा सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ''मेरे एक करीबी दोस्त ने मुझे तेज प्रताप का वीडियो भेजा था। वीडियो में मुझे वह काफी 'क्यूट' लगे। मेरी मां (नीलिमा सिंह) ने भी मुझे तेज प्रताप के बारे में बताया था कि वह शो में सबसे अच्छे इंसान हैं। उनकी एक अलग इमेज सामने आ रही है और वह बेहद दयालु हैं।''

कश्मीरा शाह ने दिखाए परफेक्ट कर्व्स, कृष्णा अभिषेक ने किया चीयर

कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक सोमवार को पत्नी कश्मीरा शाह के साथ चियर करते नजर आए। अभिनेत्री कश्मीरा शाह ने इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ शानदार तस्वीरें और मोंटाज वीडियो पोस्ट किए, जिसमें वे अपने परफेक्ट कर्व्स दिखा रही हैं।

अपनी इस पोस्ट के जरिए कश्मीरा शाह ने जोर दिया कि उन्हें अपना शरीर सभी कमियों के साथ पसंद है। उन्होंने बताया कि वे अब वापस पुरानी डायट पर जा रही हैं।

कश्मीरा शाह ने लिखा, "बस खुद को याद दिला रही हूं कि मैं बहुत तेज हूं और बिना एडिट के हूं और अपनी कमियों को लेकर बिल्कुल भी शर्माती नहीं हूं। मुझे अपनी बॉडी बहुत पसंद है और हर तरह से मैं इसे अपनाती हूं। अब मैं डाइट पर जा रही हूं, तो भगवान मेरी मदद करें।"

 कश्मीरा शाह की इस पोस्ट पर उनके पति और कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक ने भी चियर किया। उन्होंने कमेंट सेक्शन पर लिखा, "वाह।"

पिता-बेटे के रिश्ते की अनकही कहानी लेकर आ रहे अंशुमान झा और रघुबीर यादव, इस दिन रिलीज होगी 'ओम का हरि'

अंशुमान झा और रघुबीर यादव जल्द ही एक ऐसी कहानी लेकर सिनेमाघरों में पहुंचने वाले हैं, जो आम रिश्ते की उन भावनाओं को पर्दे पर उतारेगी, जिन्हें अक्सर परिवारों में खुलकर कहा नहीं जाता। पिता और बेटे के बीच प्यार होता है, लेकिन उसी प्यार के साथ उम्मीदें, नाराजगी, मतभेद और एक-दूसरे को समझने की कोशिश भी चलती रहती है। निर्देशक हरीश व्यास की आने वाली फिल्म 'ओम का हरि' इन रिश्तों के अनकहे हिस्से की कहानी सामने रखेगी। फिल्ममेकर्स ने अब इसकी रिलीज डेट से भी पर्दा हटा दिया है।

हरीश व्यास के निर्देशन में बनी 'ओम का हरि' 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में अंशुमान झा और रघुबीर यादव मुख्य भूमिका में हैं। इनके अलावा सोनी राजदान, समता सुदीक्षा और आयशा कपूर भी अहम किरदार निभाती नजर आएंगी। फिल्म में इमोशन्स के साथ-साथ कॉमेडी भी देखने को मिलेगी।

 फिल्म का सबसे खास पहलू पिता-बेटे का रिश्ता है। कहानी में पिता और बेटे के रिश्ते में अक्सर एक पीढ़ी की सोच दूसरी पीढ़ी की सोच से टकराती है। एक तरफ पिता की अपनी उम्मीदें होती हैं, तो दूसरी तरफ बेटा अपनी जिंदगी को अपने तरीके से जीना चाहता है। इसी वजह से कई बार दोनों के बीच बहस और दूरी पैदा होती है। लेकिन इन सबके पीछे एक-दूसरे के लिए प्यार बना रहता है।

बादशाह ने रिलीज किया पहला मराठी हिप-हॉप गाना 'चिमना', बोले- ये महाराष्ट्र के नाम लव लेटर है

रैपर बादशाह ने अपना पहला मराठी हिप-हॉप सॉन्ग 'चिमना' सोमवार को रिलीज कर दिया है। इस गाने में पारंपरिक मराठी लोक संगीत को नए और मॉडर्न अंदाज में पेश किया गया है। ताकि हर उम्र के लोग इसे पसंद करें।

यह गाना दरअसल आगामी मराठी फिल्म 'गोंधळ' का एक पारंपरिक लोकगीत 'एक चिमणा चिवचिवला' है। बादशाह ने इस मराठी ग्रामीण लोकगीत को आधुनिक रैप और दमदार बीट्स के साथ एक ग्लोबल तड़का दिया है।

गाने की शुरुआत मशहूर ग्रामीण हुकलाइन 'एक चिमणा चिवचिवला / माझा सजण जागा झाला हो/ सूर्य उगवला' से होती है। इसके बाद बादशाह अपने सिग्नेचर हिप-हॉप अंदाज में लोकल फ्लेवर जोड़ते हुए हिंदी-मराठी मिक्स वर्सेज (जैसे: डांस कर रही देखो मावशी मावशी) गाते हैं।

अपने पहले मराठी गाने को और भी खास बनाने के लिए बादशाह ने कई बड़े कलाकारों के साथ काम किया है। मराठी अभिनेत्री नेहा खान भी नजर आ रही हैं।

गाने में बॉलीवुड सिंगर दिव्या कुमार और मशहूर मराठी लोक गायक नागेश मोरवेकर ने आवाज दी है। म्यूजिक प्रोड्यूसर हितेन ने इसे बनाया है, जिसमें देसी लोक संगीत और बादशाह के हिट स्टाइल का शानदार मेल है।

'क्राइम पेट्रोल' के नए सीजन में स्पेशल होस्ट बनेंगे अजय देवगन, बोले-'किसी पर आंख मूंदकर भरोसा न करें'

बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन अब टीवी के चर्चित क्राइम शो 'क्राइम पेट्रोल' से जुड़ने जा रहे हैं, जहां वह असल जिंदगी के अपराधों से जुड़ी कहानियों को दर्शकों तक पहुंचाएंगे। वह 'क्राइम पेट्रोल' के नए सीजन 'क्राइम पेट्रोल-क्राइम का करंट सीजन' को होस्ट करते दिखेंगे।

शो से जुड़ने को लेकर अभिनेता का कहना है कि उन्हें इसकी कहानियों में सबसे ज्यादा यही बात दिलचस्प लगती है कि ये वास्तविक अपराध मामलों से प्रेरित होती हैं। ऐसी कहानियां मनोरंजन के साथ-साथ लोगों को अपने आसपास की दुनिया को समझने और सावधान रहने का मौका भी देती हैं।

अजय देवगन ने शो के साथ अपने जुड़ाव पर बात करते हुए कहा, ''मुझे सबसे ज्यादा इसकी वास्तविक कहानियां आकर्षित करती हैं। शो में दिखाई जाने वाली घटनाएं अपराध के मामलों से प्रेरित होती हैं और इनमें से कुछ मामले बेहद चौंकाने वाले होते हैं। कई बार ऐसी घटनाओं में ऐसे लोग शामिल होते हैं, जिनके बारे में आम इंसान कभी सोच भी नहीं सकता। यही चीज मुझे इस शो को लेकर सबसे ज्यादा एक्साइटेड करती है।''

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • नेपालः हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट के अंडरग्राउंड पावर हाउस तक नहीं पहुंच पाई बचाव टीम, कई लोगों के फंसे होने की उम्मीद

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: कौशांबी में पटाखे की फैक्ट्री में विस्फोट, 7 लोगों की मौत, महाराष्ट्र-दिल्ली में SIR की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी

  • ,
  • अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला, कहा- भ्रष्टाचार में डूबी सरकार, AI में हमें बदनाम करने की कोशिश

  • ,
  • महाराष्ट्र-दिल्ली में SIR की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, दिल्ली में 47 लाख तो महाराष्ट्र 2 करोड़ से ज्यादा नाम कटे

  • ,
  • BJP के गढ़ में कांग्रेस का मास्टर स्ट्रोक, भवानीमंडी में पूर्व पालिका अध्यक्ष रामलाल गुर्जर ने परिवार संग थामा हाथ