
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आते ही कान्हा की बाल लीलाओं से लेकर उनकी शरारतें और गीता के संदेश याद आने लगते है। फिल्मों और टीवी ने कृष्ण की एक तस्वीर लोगों के मन में जरूर बना दी है। पर्दे पर कृष्ण का किरदार निभाना किसी भी कलाकार के लिए आसान नहीं रहा, क्योंकि इस किरदार के साथ दर्शकों की आस्था भी जुड़ी होती है। यही वजह है कि जब कोई अभिनेता कृष्ण बनकर स्क्रीन पर आता है तो उसके लुक से लेकर बोलने के अंदाज तक हर चीज पर दर्शकों की नजर रहती है।
हिंदी से लेकर तेलुगु और दूसरी भाषाओं की फिल्मों में कई कलाकारों ने कृष्ण का किरदार निभाया है। कुछ कलाकारों को दर्शकों ने खूब पसंद किया, तो कुछ की कृष्ण के रूप में पहचान लंबे समय तक याद रही। आइए जानते हैं कुछ ऐसे ही कलाकारों के बारे में जिन्होंने पर्दे पर श्रीकृष्ण का किरदार निभाकर इतिहास रच दिया।
अक्षय कुमार- बॉलीवुड में जब पर्दे पर कृष्ण के किरदार की बात होती है तो अक्षय कुमार का नाम जरूर आता है। 2012 में आई फिल्म 'ओएमजी- ओह माय गॉड!' में अक्षय कुमार ने भगवान कृष्ण का किरदार निभाया था। फिल्म की कहानी आम धार्मिक धारणाओं पर सवाल उठाने वाले कांजी लालजी मेहता के इर्द-गिर्द घूमती है और इसी कहानी में कृष्ण के रूप में अक्षय उनके साथ खड़े नजर आते हैं। फिल्म में उनका अंदाज दर्शकों को काफी पसंद आया।
पवन कल्याण- तेलुगु सिनेमा में पवन कल्याण ने भी कृष्ण का किरदार निभाया। 2015 में आई 'गोपाल गोपाला' दरअसल 'ओएमजी- ओह माय गॉड!' की तेलुगु रीमेक थी। इसमें पवन कल्याण ने कृष्ण का रोल किया। फिल्म में उनका किरदार आम इंसान के रूप में नजर आता है, लेकिन धीरे-धीरे कहानी में उनका कृष्ण रूप सामने आता है। पवन की लोकप्रियता को देखते हुए कृष्ण के इस किरदार ने तेलुगु दर्शकों के बीच भी काफी ध्यान खींचा।
एन. टी. रामा राव- भारतीय सिनेमा में कृष्ण के किरदार को बड़े स्तर पर पहचान दिलाने वाले कलाकारों की बात हो तो एन. टी. रामा राव का नाम भी खास है। उन्होंने 17 फिल्मों में भगवान कृष्ण का किरदार निभाया, जिनमें 'माया बाजार', 'श्री कृष्ण तुलाभरणम', 'श्री कृष्ण विजयमु', 'श्री कृष्ण सत्य' और 'पांडव वनवासम' जैसी फिल्में शामिल हैं। कृष्ण के रूप में उनका अंदाज उस दौर के दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय रहा।
जेमिनी गणेशन- पुराने दौर की बात करें तो जेमिनी गणेशन ने भी पर्दे पर कृष्ण का रूप धारण किया था। 1948 की फिल्म 'चक्रधारी' से उनका नाम कृष्ण का किरदार निभाने वाले कलाकारों में लिया जाता है। उस समय धार्मिक कहानियों पर फिल्में बनाना और उनमें देवी-देवताओं के किरदार दिखाना भारतीय सिनेमा का अहम हिस्सा था। ऐसे में कृष्ण का किरदार निभाना कलाकार के लिए सिर्फ अभिनय नहीं बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी माना जाता था।
सचिन पिलगांवकर- सचिन पिलगांवकर का नाम भी इस लिस्ट में खास है। उन्होंने बहुत कम उम्र में कृष्ण का किरदार निभाया। 1971 की फिल्म 'श्री कृष्ण लीला' में वह बाल कृष्ण के रूप में नजर आए थे। इसके बाद 1979 में आई 'गोपाल कृष्ण' में उन्होंने बड़े कृष्ण का किरदार निभाया। फिल्म में सचिन के साथ जरीना वहाब भी थीं।
छोटे पर्दे की बात करें तो टीवी ने भी भगवान कृष्ण की लीलाओं को करोड़ों घरों तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई है। जब धार्मिक सीरियल घर-घर में देखे जाने लगे तो पर्दे पर कृष्ण का किरदार निभाने वाले कलाकार भी अचानक लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हो गए। खास बात यह रही कि इनमें से कई कलाकारों की पहचान कृष्ण वाला रूप ही बन गया। किसी कलाकार को लोग कृष्ण के नाम से याद करने लगे, तो किसी के चेहरे और आवाज को कृष्ण की छवि से जोड़ दिया गया।
नितीश भारद्वाज:- जब भी टीवी के कृष्ण की बात होती है तो सबसे पहले नितीश भारद्वाज का नाम याद आता है। बी.आर. चोपड़ा के 'महाभारत' में उन्होंने भगवान कृष्ण का किरदार निभाया था। 90 के दशक में जब यह शो टीवी पर आता था तो बड़ी संख्या में लोग इसे देखते थे। नितीश का शांत स्वभाव और बोलने के अंदाज ने कृष्ण के किरदार को खास बना दिया। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज भी वह जहां जाते हैं, लोग उन्हें कृष्ण के रूप में पहचानते हैं।
सर्वदमन डी. बनर्जी:- रामानंद सागर के 'श्री कृष्णा' ने सर्वदमन डी. बनर्जी को भी ऐसी ही पहचान दी। इस सीरियल में उन्होंने भगवान कृष्ण का किरदार निभाया और दर्शकों ने उनके अभिनय को काफी पसंद किया। उनके चेहरे और सादगी भरे अंदाज ने कृष्ण की एक अलग छवि लोगों के मन में बनाई। टीवी पर लोकप्रिय कृष्ण के किरदार की जब भी बात होती है तो सर्वदमन का नाम भी जरूर लिया जाता है।
धृति भाटिया- कृष्ण के रूप में धृति भाटिया की कहानी थोड़ी अलग थी। उन्होंने 'जय श्री कृष्ण' में सिर्फ दो साल की उम्र में बाल कृष्ण का किरदार निभाया था। इतनी कम उम्र में निभाए गए इस किरदार ने उन्हें रातों-रात पहचान दिला दी। दर्शकों को उनका मासूम चेहरा और बाल कृष्ण का रूप बहुत पसंद आया। बाद में उन्होंने अपने इस धार्मिक किरदार से बाहर निकलकर दूसरे टीवी शोज में भी काम किया।
विशाल करवाल- 'द्वारकाधीश- भगवान श्री कृष्ण' में विशाल करवाल ने कृष्ण की भूमिका निभाई। इससे पहले दर्शक उन्हें रियलिटी और दूसरे टीवी शोज में देख चुके थे, इसलिए उनके कृष्ण बनने पर काफी चर्चा हुई। लेकिन शो में उन्होंने अपने अंदाज से दर्शकों को प्रभावित किया। उनके लुक, फिट बॉडी और स्क्रीन प्रेजेंस ने कृष्ण के किरदार को एक अलग रूप दिया।
सौरभ राज जैन- 2013 में आए नए 'महाभारत' में सौरभ राज जैन ने कृष्ण का किरदार निभाया और यह रोल उनके करियर का बड़ा मोड़ बन गया। उनकी आवाज, लाइन्स बोलने का अंदाज और गंभीर व्यक्तित्व ने कृष्ण की भूमिका को अलग पहचान दी। खासकर शो में दिए गए कृष्ण के उपदेशों वाले सीन दर्शकों के बीच काफी पसंद किए गए। इस किरदार के बाद सौरभ राज जैन का नाम टीवी के लोकप्रिय कृष्ण के तौर पर लिया जाने लगा।
सुमेध मुद्गलकर- 'राधाकृष्ण' में सुमेध मुद्गलकर ने कृष्ण की भूमिका निभाई। उनके साथ राधा का किरदार मल्लिका सिंह ने निभाया था। शो में कृष्ण और राधा की प्रेम कहानी को केंद्र में रखा गया था। सुमेध के चुलबुले अंदाज, मुस्कान और स्क्रीन प्रेजेंस को युवा दर्शकों ने बेहद पसंद किया। वहीं, मृणाल जैन ने 'कहानी हमारे महाभारत की' में कृष्ण का रोल निभाकर अपने करियर की शुरुआत की थी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए