मनोरंजन

सिनेजीवन: रणवीर सिंह धमकी मामले में सामने आया हैरी बॉक्सर का ऑडियो और दर्शकों को भा गई 'ओ रोमियो'

हैरी बॉक्सर का एक कथित ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह को धमकाता नज़र आ रहा है। शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी और अविनाश तिवारी की फिल्म 'ओ रोमियो' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

'सुधर जाओ, नहीं तो अच्छे से इलाज करेंगे,' सामने आया रणवीर सिंह धमकी मामले में हैरी बॉक्सर का ऑडियो

फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर फायरिंग के बाद रणवीर सिंह को धमकी देने वाले मामले में नए खुलासे हो रहे हैं। 

पहले मुंबई क्राइम ब्रांच ने खुलासा किया कि बिश्नोई गैंग के खास गुर्गे हैरी बॉक्सर ने धमकी भरा वॉयस ऑडियो भेजा था, लेकिन अब हैरी बॉक्सर का एक कथित ऑडियो सामने आया है जिसमें आरोपी अभिनेता को सुधर जाने और जान से मारने की धमकी तक दे रहा है।

हैरी बॉक्सर का एक कथित ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह को धमकाता नज़र आ रहा है। मुंबई क्राइम ब्रांच के सीनियर अधिकारी ने दावा किया कि इस ऑडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। मुंबई क्राइम ब्रांच ये भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मैसेज भेजने वाले की सही लोकेशन क्या है। क्राइम ब्रांच धमकी भेजने में इस्तेमाल हुए वीपीएन नेटवर्क का भी पता लगा रही है, जिसकी लोकेशन विदेश की दिख रही है। फिलहाल क्राइम ब्रांच मामले की गहनता से जांच कर रही है।

 वायरल हो रहे ऑडियो मैसेज में हैरी बॉक्सर अपना परिचय देते हुए कहता है, 'राम-राम, मैं हरि बॉक्सर बिश्नोई गैंग से। आज का ये वॉयस नोट बॉलीवुड वालों के लिए है, खासकर रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी के लिए। समय रहते अगर तुम सुधरे नहीं तो तुम्हारा वो इलाज करेंगे, वो हाल करेंगे कि तुम्हारी सात पीढ़ी याद रखेंगी। रणवीर सिंह को बहुत शौक है रिपोर्ट करने का, थाने में एप्लीकेशन देने का, लेकिन तुम्हें नहीं पता कि तुम्हारे नीचे काम करने वाले मैनेजर और बाकी लोगों की सारी डिटेल है हमारे पास। वो कहां रहते हैं, परिवार कहां है और कब ऑफिस जाते हैं। हम जब उनपर वार करेंगे, तब तुम लोगों को समझ आ जाएगा।'

Published: undefined

शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की केमिस्ट्री ने जीता दिल, दर्शकों को भा गई 'ओ रोमियो'

फोटो: सोशल मीडिया

शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी और अविनाश तिवारी की फिल्म 'ओ रोमियो' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म की कहानी रोमांस और एक्शन दोनों का मिक्स कॉकटेल है।

 अब फिल्म देखकर आए दर्शकों को भी फिल्म पसंद आई। दर्शकों का कहना है कि फिल्म में शाहिद और तृप्ति डिमरी की केमिस्ट्री सबसे ज्यादा शानदार लगी, वहीं एक्शन भी धांसू है।

पहला शो देखकर निकले दर्शक ने बताया कि फिल्म बहुत अच्छी है और कई ऐसे एलिमेंट फिल्म में मौजूद हैं जो फिल्म को बोरिंग नहीं होने देते। उन्होंने कहा, "फिल्म का डायरेक्शन और सिनेमेटोग्राफी दोनों ही बहुत बढ़िया हैं और स्क्रीन पर शाहिद और तृप्ति डिमरी की जोड़ी जमी है। दोनों के बीच की केमिस्ट्री ही फिल्म को बूस्ट करने का काम कर रही है। नाना पाटेकर का रोल फिल्म में काफी छोटा है लेकिन दमदार है।"

वहीं, दूसरे दर्शक ने आईएएनएस से कहा, "माचिस और इश्किया जैसी फिल्में बनाने वाले विशाल भारद्वाज का डायरेक्शन इस फिल्म में भी काफी अच्छा है। शाहिद कपूर ने खूंखार रोल को बहुत अच्छे तरीके से स्क्रीन पर प्ले किया है और तृप्ति के साथ उनकी जोड़ी बहुत प्यारी लग रही है। फिल्म में एक्शन सीन्स की भरमार है और हर सीन को धांसू तरीके से शूट किया गया है। मेरा मानना है कि फिल्म हर किसी को एक बार जरूर देखनी चाहिए।"

Published: undefined

अक्षय कुमार को आज भी सताता है पुराना वाकया, 'शार्क्स' के सामने किया जिक्र

अभिनेता अक्षय कुमार अपनी फिटनेस और चुलबुले अंदाज के लिए मनोरंजन जगत में काफी मशहूर हैं। इन दिनों वे गेम शो 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' की मेजबानी कर रहे हैं। 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया' के आने वाले स्पेशल एपिसोड में 'शार्क टैंक इंडिया' के मशहूर शार्क्स अमन गुप्ता, अनुपम मित्तल और नमिता थापर बतौर गेस्ट शिरकत करेंगे।

शो के दौरान मजेदार रैपिड-फायर राउंड में अमन गुप्ता ने अक्षय से सवाल किया, "आपका सबसे ज्यादा बेइज्जती वाला मोमेंट कौन सा रहा है?"

वैसे तो अक्षय ऐसे सवालों का जवाब मजाकिया या फिर डिप्लोमैटिक देते हैं, लेकिन इस बार उन्होंने अलग अंदाज में दिया। अभिनेता ने पुराना किस्सा सुनाया और बताया कि ये आज भी उन्हें काफी परेशान करता है।

अक्षय ने बताया, "कई साल पहले मैं अपने करीबी दोस्त के साथ एक बड़ी पार्टी में गया था। वहां पर एक व्यक्ति मेरे दोस्त को बार-बार अपशब्द कह रहा था। पहले तो, मैंने उसे रोका, मना किया, लेकिन वह मान ही नहीं रहा था। मैंने उसे एक-दो बार नहीं बल्कि चार-पांच बार चेतावनी दी कि रुक जा, लेकिन वह रुकने का नाम ही नहीं ले रहा था।"

 अक्षय ने बताया कि उन्होंने आखिर में उस व्यक्ति को जोर से थप्पड़ मार दिया था, जिसके बाद वह बेहोश हो गया था। उन्होंने कहा, "इसके बाद पूरी पार्टी में हड़कंप मच गया। मेरे दोस्त को काफी शर्मिंदगी हुई कि वह रोने लगा और मैं भी बहुत घबरा गया था। मुझे लगा कि अब मेरा करियर तो गया।"

 अक्षय ने आगे बताया कि उन्होंने उस पर पानी डाला और मन ही मन प्रार्थना कर रहे थे कि काश वो होश में आ जाए। उन्होंने कहा, "शुक्र है, कुछ देर बाद वो होश में आ गया। मेरे लिए वो पल किसी चमत्कार से कम नहीं था।"

Published: undefined

फैयाज डागर और एआर रहमान के बीच संगीत विवाद, सुप्रीम कोर्ट में अगले शुक्रवार को होगी सुनवाई

भारतीय शास्त्रीय गायक उस्ताद फैयाज वसीफुद्दीन डागर और संगीतकार एआर रहमान के बीच फिल्म पोनियिन सेलवन-2 के गाने को लेकर चल रहे विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई अगले शुक्रवार तक के लिए टाल दी है।

शुक्रवार को हुई सुनवाई में दोनों पक्षों के वकीलों ने अपना पक्ष रखा। उस्ताद फैय्याज वासिफुद्दीन डागर के वकील ने कोर्ट में दावा किया है कि भले ही गाने के बोल अलग हैं और हमारा दावा ध्रुपद शैली के गायन या बंदिश पर भी नहीं है, लेकिन गाने में जिस बीट का इस्तेमाल किया गया है, उसे याचिकाकर्ता के पिता नासिर फैयाजुद्दीन डागर और चाचा जहीरुद्दीन डागर ने लिखा है, जिसका गायन कई बार वे मंचों पर कर चुके हैं।

 वकील ने दावा किया कि लगभग आठवीं सदी पहले अमीर खुसरो ने चौताल का ईजाद किया था, जबकि नासिर फैयाजुद्दीन डागर और चाचा जहीरुद्दीन ने सूलताल को ईजाद किया था। गायन में चौताल गाने की परंपरा सदियों से चली आई है, लेकिन उनके परिवार में सूलताल में गायन किया जाता है।

 उस्ताद फैयाज वसीफुद्दीन डागर के वकील का दावा है कि नासिर फैयाजुद्दीन डागर और चाचा जहीरुद्दीन डागर द्वारा रचित "शिव स्तुति" का उपयोग रहमान ने बिना अनुमति के किया है। गाने "वीरा राजा वीरा" के बोल भले ही अलग हों, लेकिन इसका ताल, बीट और संगीत संरचना "शिव स्तुति" के समान है, तो फैयाज राइट एक्ट का उल्लंघन करता है।

Published: undefined

हर्षवर्धन राणे ने शुरू की 'फोर्स 3' की तैयारी? डैलस के पुराने आर्मी स्टोर से खरीदे खास जूते

अभिनेता हर्षवर्धन राणे अपने काम के साथ-साथ जीवन को खास अंदाज में जीने पर यकीन रखते हैं। वे अक्सर अपने काम से समय निकालकर घूमने निकल जाते हैं और नई जगहों का आनंद लेते हैं। इन दिनों में वे अमेरिका के शहर डैलस की सैर पर गए हुए हैं।

इस यात्रा की कुछ झलकियां उन्होंने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट कीं। इनमें से कुछ तस्वीरों में वे प्लेन के अंदर नजर आ रहे हैं, लेकिन सबसे खास बात उनकी आखिरी स्लाइड वाला वीडियो है। इसमें वे बूट्स खरीदते नजर आ रहे हैं। अभिनेता ने अपनी पोस्ट के जरिए फैंस को अपनी आगामी फिल्म 'फोर्स 3' का इशारा किया। उन्होंने लिखा, "जैसे ही मैं डैलस पहुंचा, सबसे पहले मैं एक पुराने आर्मी स्टोर गया। वहां से मैंने एक जोड़ी बूट्स खरीदे, जिन्हें शायद मैं 'फोर्स 3' में इस्तेमाल करूंगा।"

फैंस को अभिनेता की पोस्ट काफी पसंद आ रही है। वे ये कयास लगा रहे हैं कि फिल्म फोर्स 3 की शूटिंग जल्द ही शुरू होने वाली है, जिस वजह से अभिनेता फिल्म की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

'फोर्स 3' एक आगामी हिंदी एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जिसे भव धूलिया निर्देशित कर रहे हैं। यह फिल्म 'फोर्स' फ्रेंचाइजी का रीबूट है, जिसमें जॉन अब्राहम एसीपी यशवर्धन के रूप में धमाकेदार एक्शन करते नजर आएंगे। हालांकि फिल्म को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि 2027 में फोर्स 3 को रिलीज किया जा सकता है।

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined