
केरल हाईकोर्ट ने फिल्म 'द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड' को लेकर दायर एक याचिका पर गुरुवार को फिल्म निर्माता विपुल अमृतलाल शाह को नोटिस जारी किया है। दरअसल, याचिका में फिल्म के सर्टिफिकेशन को चुनौती दी गई है और साथ ही फिल्म के शीर्षक से केरल शब्द हटाने की मांग की गई है।
न्यायमूर्ति पी.वी. कुनिहिकृष्णन की एकल पीठ ने याचिका पर सुनवाई करते हुए सवाल उठाया कि क्या यह याचिका अब अप्रासंगिक हो गई है, क्योंकि फिल्म पहले ही रिलीज हो चुकी है और इसे बड़ी संख्या में लोग देख चुके हैं। इस पर याचिकाकर्ता ने तर्क दिया कि मामला अभी भी खत्म नहीं हुआ है, क्योंकि फिल्म केवल सिनेमाघरों में ही नहीं, बल्कि ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है, जिसके चलते इसका प्रभाव लगातार बना हुआ है और लोग इसे अभी भी देख रहे हैं।
फिल्म का कंटेंट केरल की छवि को नुकसान पहुंचाता है और समाज में गलत संदेश फैलाता है। फिल्म में दिखाए गए कुछ हिस्से ऐसे हैं जो लोगों के बीच गलतफहमी पैदा कर सकते हैं और सामाजिक एकता को प्रभावित कर सकते हैं। इसी आधार पर फिल्म के प्रमाणन पर भी सवाल उठाया गया है।
Published: undefined
एक्ट्रेस सारा अर्जुन के जन्मदिन पर उनके पिता, एक्टर राज अर्जुन ने उनके लिए एक इमोशनल नोट लिखकर बधाई दी। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए इस दिल को छू लेने वाले मैसेज में उन्होंने बताया है कि कैसे सारा के आने से उनकी जिंदगी बदल गई और उसमें खुशी और मतलब भर गया।
राज अर्जुन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर अपनी बेटी के साथ कुछ खास तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा, "सारा, मेरी बच्ची... आज तुम्हारी सालगिरह है। जब भी तुम्हारा नाम लिखने बैठता हूं, हर बार कोई नज़्म-सी बनने लगती है। शायद इसलिए कि कुछ नाम सिर्फ नाम नहीं होते, वे एक एहसास होते हैं, एक दुआ, एक सुकून, एक पूरा आसमान।"
उन्होंने आगे कहा, "तुम्हारे आने से पहले भी जिंदगी चल रही थी। दिन गुजरते थे, रातें कट जाती थीं। सब कुछ था… बस जैसे किसी घर में चराग तो जलता हो, मगर रौशनी न ठहरती हो। फिर तुम आईं और मेरी उम्र के बिखरे हुए लम्हों में रौनक उतरने लगी। तुम्हारे होने का सुकून वैसा है, जैसे लंबी थकान के बाद किसी पेड़ की छांव और दुआ के बाद दिल पर उतरती हुई खामोशी।"
Published: undefined
'द इंडिया स्टोरी' के निर्माताओं ने फिल्म का नया पोस्टर जारी कर दिया है, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। इस फिल्म में काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के निर्देशक चेतन डीके ने बताया कि यह कहानी समाज की एक ऐसी गंभीर समस्या पर आधारित है, जिस पर अक्सर ध्यान नहीं दिया जाता, लेकिन यह हर इंसान की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करती है।
फिल्म के पोस्टर में काजल अग्रवाल एक सख्त वकील के रूप में दिखाई दे रही हैं, जबकि श्रेयस तलपड़े एक बेबस पिता की भूमिका में नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपनी गोद में एक छोटी बच्ची को उठाया हुआ है। वहीं बैकग्राउंड में बॉम्बे हाई कोर्ट की छवि दिखाई गई है। इसके अलावा, विटनेस बॉक्स में एक पेस्टिसाइड का सिलेंडर रखा हुआ दिख रहा है। यह पोस्टर 'खाने में मिलावट' जैसे बड़े मुद्दे को दर्शाता है। यह समस्या रोजाना आम लोगों की सेहत और जीवन पर बड़ा असर डालती है।
निर्देशक चेतन डीके ने कहा, ''यह फिल्म हर उस भारतीय की कहानी है, जिसके परिवार ने कभी न कभी खाने में मिलावट की समस्या का सामना किया है। यह एक ऐसी समस्या है जो बहुत आम होने के बावजूद अक्सर नजरअंदाज कर दी जाती है, जबकि इसका असर खतरनाक हो सकता है।''
उन्होंने आगे कहा, "फिल्म बनाने का मकसद इस छुपी हुई सच्चाई को लोगों तक पहुंचाना है ताकि समाज में जागरूकता बढ़े। मेरा मानना है कि जब लोग अपने रोजाना के खान-पान को लेकर ज्यादा सतर्क होंगे, तभी इस समस्या को कम किया जा सकता है। मुझे उम्मीद है कि यह फिल्म दर्शकों को सोचने पर मजबूर करेगी।"
Published: undefined
हिंदू पंचांग के अनुसार, अभिनेता पराग त्यागी ने अपनी पत्नी और अभिनेत्री शेफाली जरीवाला की पहली पुण्यतिथि पर भावुक पोस्ट किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि आज भी वह अपनी पत्नी को दिल की गहराइयों से याद करते हैं।
इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए वीडियो में पराग त्यागी कहते हैं, ''आज हिंदू पंचांग के हिसाब से परी (शेफाली) को अपना शरीर छोड़े एक साल हो गया है। आज से मैंने ब्रह्म मुहूर्त में 21 दिन की नई साधना शुरू की है। मैंने अब तक जितनी भी साधनाएं की हैं, उनका एक ही संकल्प रहा है कि उनसे जो भी पुण्य, रोशनी या फल मिले, वह सबसे पहले परी को मिले।''
पराग त्यागी ने वीडियो में आगे कहा, ''इस साधना का भी यही संकल्प है कि इसका फल भी मेरी पत्नी को मिले। सब सोचते हैं कि प्रेम शरीर से आता है, लेकिन मेरा मानना है कि प्रेम शरीर से नहीं, आत्मा से होता है। और आत्मा के साथ कभी भी रिश्ता नहीं टूटता। इसीलिए वह आज भी हमारे साथ है। मैं उसको महसूस करता हूं, और मुझे यकीन है कि आप सब भी इसे महसूस करते होंगे। जैसे आप पहले परी से प्यार करते थे, वैसे ही उससे प्यार करते रहें और उनके लिए प्रार्थना करते रहें।''
Published: undefined
डिजिटल दुनिया के बढ़ते दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के गलत इस्तेमाल के मुद्दे को लेकर अब अभिनेत्री प्रीति जिंटा बॉम्बे हाई कोर्ट पहुंची हैं। उन्होंने मेटा और गूगल जैसी बड़ी ऑनलाइन कंपनियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि उनकी अनुमति के बिना एआई की मदद से उनकी नकली तस्वीरें और कंटेंट बनाए गए और उन्हें इंटरनेट पर फैलाया गया, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है।
प्रीति जिंटा ने अपनी याचिका में कहा है कि उनके नाम और पहचान का गलत इस्तेमाल किया गया है, जिससे उनकी पर्सनैलिटी राइट्स के अधिकारों का उल्लंघन हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया है कि इन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर एआई से बना कंटेंट बड़े स्तर पर फैलाया गया, जिसे लोग असली मान सकते हैं और इससे गलतफहमी पैदा होती है।
अभिनेत्री ने कहा कि कॉपीराइट कानून 1957 के तहत उनके नैतिक अधिकारों का भी उल्लंघन हुआ है। उनकी छवि और पहचान का उपयोग बिना अनुमति के किया गया, जो कानूनन गलत है। इस मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट के जस्टिस अभय आहूजा की बेंच ने उनकी याचिका पर विचार करते हुए उन्हें आगे मुकदमा दायर करने की अनुमति दे दी है।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Published: undefined
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: undefined