मनोरंजन

सिनेजीवन: करिश्मा कपूर ने सुनाया सलमान से जुड़ा दिलचस्प किस्सा और 15 साल बाद शंकर महादेवन ने खोला 'सेनोरिटा' का राज

करिश्मा कपूर ने फिल्म 'प्यार किया तो डरना क्या' के मशहूर गाने 'ओ ओ जाने जाना' की शूटिंग से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। शंकर महादेवन ने फिल्म 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' के लोकप्रिय गीत 'सेनोरिटा' से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

करिश्मा कपूर ने सुनाया सलमान खान से जुड़ा दिलचस्प किस्सा, 'थकान के बावजूद पूरे स्वैग के साथ किया था 'ओ ओ जाने जाना'

बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने अपने फिल्मी करियर में कई बड़े सितारों के साथ काम किया है, लेकिन सलमान खान के साथ बिताए गए शूटिंग के दिनों की यादें आज भी उनके लिए बेहद खास हैं। इस कड़ी में उन्होंने डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' में फिल्म 'प्यार किया तो डरना क्या' के मशहूर गाने 'ओ ओ जाने जाना' की शूटिंग से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है।

उन्होंने बताया कि उस समय सलमान लगातार कई शिफ्ट में काम कर रहे थे और बेहद थके हुए रहते थे। इसके बावजूद उन्होंने इस गानेकी शूटिंग पूरे जोश के साथ की, जो बाद में चार्टबस्टर साबित हुआ।

करिश्मा कपूर ने कहा, ''सच कहूं तो मैं इस वक्त बहुत इमोशनल हूं, क्योंकि यह सलमान का गाना है। मुझे आज भी याद है कि जब यह गाना रिलीज हुआ था, तब हम सभी लगातार कई शिफ्ट में काम कर रहे थे। सलमान बेहद थके हुए रहते थे, लेकिन उन्होंने जिस जोश के साथ इस गाने को किया, वह देखने लायक था। उनका स्वैग, उनका स्टाइल और उनका स्क्रीन प्रेजेंस बिल्कुल अलग था। उस गाने में सलमान खान जैसा कोई नहीं हो सकता।''

करिश्मा ने बताया, ''उस दौर में कलाकारों का काम करने का तरीका आज से काफी अलग था। कई बार एक ही दिन में अलग-अलग फिल्मों की शूटिंग करनी पड़ती थी। लगातार लंबे समय तक काम करने के बावजूद सलमान खान ने कभी अपनी थकान को अपने काम पर हावी नहीं होने दिया। उन्होंने हर शॉट पूरी एनर्जी के साथ दिया, जिसका असर आज भी उस गाने में साफ दिखाई देता है।''

15 साल बाद शंकर महादेवन ने खोला 'सेनोरिटा' का राज, जब बिना बताए रिकॉर्ड कर ली थी अभय देओल की आवाज

मशहूर संगीतकार और गायक शंकर महादेवन ने फिल्म 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' के लोकप्रिय गीत 'सेनोरिटा' से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। फिल्म के 15 साल पूरे होने के मौके पर उन्होंने बताया कि इस गाने की रिकॉर्डिंग के दौरान अभिनेता अभय देओल इतने घबराए हुए थे कि उन्हें बिना बताए ही उनका फाइनल टेक रिकॉर्ड कर लिया गया था। आईएएनएस से बातचीत में महादेवन ने बताया कि कैसे यह गाना एक साधारण सिचुएशनल ट्रैक से शुरू होकर फिल्म का सबसे यादगार गीत बन गया।

 शंकर महादेवन ने बताया, "जब गाना तैयार होने लगा तो हमने तय किया कि इसे फिल्म के तीनों मुख्य कलाकार – ऋतिक रोशन, फरहान अख्तर और अभय देओल – की आवाज में रिकॉर्ड किया जाएगा।

 उन्होंने आगे कहा, ''हालांकि सबसे बड़ी चुनौती अभय देओल थे। अभय माइक्रोफोन के सामने आने को लेकर काफी घबराए हुए थे और उन्हें भरोसा ही नहीं था कि वह गा पाएंगे। वह रिकॉर्डिंग के लिए तैयार नहीं हो रहे थे। तब मैंने उन्हें एक अलग तरीके से मनाने का फैसला किया। मैंने अभय से कहा कि वह स्टूडियो सिर्फ रिहर्सल के लिए आएं। अगर अभ्यास अच्छा रहा तो बाद में असली रिकॉर्डिंग की जाएगी। अभय इस बात पर राजी हो गए, लेकिन उन्होंने पहले ही कह दिया कि उन्हें पूरा विश्वास है कि उनकी आवाज अच्छी नहीं लगेगी।''

महादेवन ने बताया, ''स्टूडियो पहुंचने के बाद मैंने उन्हें सिर्फ इतना कहा कि मैं जो गाऊं, वही मेरे पीछे-पीछे दोहराते जाओ। अभय को पूरा भरोसा था कि यह सिर्फ अभ्यास है, इसलिए उन्होंने बिना किसी दबाव के गाना गाया। लेकिन असल में उसी दौरान उनकी फाइनल रिकॉर्डिंग की जा रही थी।''

महादेवन ने बताया कि जब अभय रिकॉर्डिंग बूथ से बाहर आए तो उन्होंने कहा कि काम पूरा हो गया है। यह सुनकर अभय ने हैरानी से पूछा कि असली रिकॉर्डिंग के लिए उन्हें दोबारा कब आना होगा। तब महादेवन ने मुस्कुराते हुए कहा कि रिकॉर्डिंग तो पहले ही हो चुकी है और अब उन्हें तैयार गाने में अपनी आवाज सुनने को मिलेगी। यह सुनकर अभय पहले तो चौंक गए, लेकिन बाद में काफी खुश भी हुए।

रानी मुखर्जी को मिलेगा मानद डॉक्टरेट, बोलीं- 'सिनेमा मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा शिक्षक रहा है'

हिंदी सिनेमा की दमदार अभिनेत्रियों में शुमार रानी मुखर्जी ने अपने तीन दशक लंबे फिल्मी करियर में कई ऐसे किरदार निभाए हैं, जिन्होंने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता, बल्कि समाज के कई अहम मुद्दों को भी उठाए। अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है। 

 ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित ला ट्रोब यूनिवर्सिटी उन्हें मानद डॉक्टर ऑफ लेटर्स की उपाधि से सम्मानित करेगी। यह सम्मान उन्हें इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (आईएफएफएम) 2026 के दौरान दिया जाएगा। इस उपलब्धि पर रानी ने कहा कि सिनेमा उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा शिक्षक रहा है और इसी ने उन्हें जीवन को अलग-अलग नजरिए से समझना सिखाया।

 रानी मुखर्जी ने इस सम्मान पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, ''ला ट्रोब यूनिवर्सिटी से मानद डॉक्टर ऑफ लेटर्स की उपाधि मिलना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। सिनेमा मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा शिक्षक रहा है। मैंने हमेशा माना है कि अच्छी कहानियां लोगों के भीतर संवेदनाएं जगाने, जरूरी विषयों पर बातचीत शुरू करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की ताकत रखती हैं।''

विजय सेतुपति ने सुनाया निर्देशक मिस्किन का अनोखा अंदाज, बोले- '1000 रुपए देकर टीम से करवाते हैं बेहतरीन काम'

दक्षिण भारतीय सिनेमा के निर्देशक मिस्किन अपनी आगामी फिल्म 'ट्रेन' को लेकर चर्चा में है। फिल्म के टीजर लॉन्च के दौरान अभिनेता विजय सेतुपति ने निर्देशक के काम करने के अनोखे तरीके का खुलासा किया। 

 उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान मिस्किन रोजाना सेट पर अच्छा काम करने वाले एक टेक्नीशियन और एक जूनियर आर्टिस्ट को सम्मानित करते थे। इसके लिए वह दोनों को 1000-1000 रुपए का इनाम देते थे। इस इनाम के जरिए वह टीम के सदस्यों का सम्मान करते थे।

 ृविजय सेतुपति ने कहा, ''मिस्किन ने इस फिल्म को बनाते समय रोजाना सिर्फ 2000 रुपए खर्च करके लोगों से बेहतरीन काम करवाया। उन्होंने हर दिन सेट पर सबसे अच्छे टेक्नीशियन और सबसे अच्छे जूनियर आर्टिस्ट को 1000-1000 रुपए का पुरस्कार देने की शुरुआत की, जिससे हर कोई अपने काम को बेहतर तरीके से करने की कोशिश करता था।''

विजय ने कहा, ''इनाम देने के चलते, टीम के लोग और ज्यादा मेहनत करते थे। इसके पीछे बात सिर्फ पैसे की नहीं थी। असली खुशी इस बात की थी कि उनके काम को सम्मान मिल रहा है और उन्हें सबके सामने सराहा जा रहा है।''

राघव जुयाल की आगामी फिल्म 'भाई तेरा स्टार है' का पहला पेपी नंबर आउट

फोटो: सोशल मीडिया

मशहूर म्यूजिक कंपोजर अमित त्रिवेदी ने बुधवार को अपना नया गाना 'नाच ले ललरिया' रिलीज कर दिया है। यह गाना आगामी फिल्म 'भाई तेरा स्टार है' का हिस्सा है। यह गाना वाइब्रेंट डांस नंबर है, जो फिल्म की मस्ती, रंग की हल्की-सी झलक दिखाता है।

 लंदन की खूबसूरत और रंगीन सड़कों पर शूट किए गए इस गाने में राघव जुयाल के साथ फिल्म की दूसरी कास्ट भी देखने को मिल रही है। यह गाना पेपी नंबर टिप्स म्यूजिक के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल समेत सभी बड़े ऑडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।

गाने को लेकर अमित त्रिवेदी का कहना है कि उन्होंने यह गाना फिल्म की मजेदार अंदाज को देखते हुए बनाया है।

उन्होंने बताया, "हम एक ऐसा गाना बनाना चाहते थे, जिसे सुनकर लोगों को तुरंत उठकर डांस करने का मन करे। क्योंकि भाई तेरा स्टार है एक बहुत ही मजेदार, हल्का-फुल्का एंटरटेनर है, इसलिए म्यूजिक में भी वही एनर्जी दिखानी थी। कुमार के लिरिक्स और जैस्मीन और सुधीर की दमदार आवाज ने इस कंपोजिशन को खूबसूरती से जिंदा कर दिया। मुझे उम्मीद है कि ऑडियंस को इस पर डांस करने में उतना ही मजा आएगा जितना हमें इसे बनाने में आया।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए