
दिवाली का त्योहार कपूर परिवार के लिए बेहद खास रहा। अभिनेत्री नीतू कपूर ने बेटे रणबीर कपूर और बहू आलिया भट्ट के साथ दिवाली मनाई लेकिन इस जश्न में दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर की कमी साफ महसूस हुई।
नीतू ने सोशल मीडिया पर परिवार की एक खूबसूरत तस्वीर साझा की, जिसमें तीनों के चेहरों पर मुस्कान तो दिखी लेकिन पीछे दीवार पर लगी ऋषि कपूर की तस्वीर ने इस पारिवारिक पल को भावुक बना दिया।
नीतू ने इंस्टाग्राम पर जो तस्वीर साझा की, उसमें वह रणबीर और आलिया के साथ खड़ी होकर कैमरे के सामने मुस्कुराती नजर आ रही हैं। तीनों ने साथ में फोटो क्लिक करवाई। तस्वीर की सबसे खास बात इसके पीछे दीवार पर लगी ऋषि कपूर की फोटो है। परिवार के इस जश्न में ऋषि भले ही मौजूद नहीं थे लेकिन उनकी तस्वीर ने उनकी मौजूदगी का एहसास कराया। नीतू पहले भी कई मौकों पर अपने पति को याद कर चुकी हैं। अप्रैल 2020 में ऋषि कपूर के निधन के बाद से वह अक्सर उनसे जुड़ी यादें साझा करती रहती हैं।
ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा जोनस को लॉस एंजिल्स में दीपावली सेलिब्रेशन की झलकियां शेयर करने के बाद सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।
दरअसल, अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने लॉस एंजिल्स में अपने परिवार संग दीपावली सेलिब्रेशन की पार्टी रखी थी और पारंपरिक लिबास में तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं, जिनमें वाइब, डेकोर और खाना शामिल था।
उन्होंने अपने पति निक जोनस और बेटी मालती मैरी के साथ लॉस एंजेलिस स्थित अपने घर पर दीपावली मनाई थी और पारंपरिक लिबास में तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। शेयर की गई तस्वीरों में प्रियंका चोपड़ा के हाथ में फ्राइड प्राउन (झींगा) जैसा नॉन-वेज फूड दिखाई दिया, जिसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने दिवाली के दिन मांसाहार को लेकर उनकी आलोचना की।
फिल्ममेकर कुणाल कोहली ने दीपावली की रात अस्पताल के बाहर तेज पटाखे फोड़ने वाले लोगों पर चिंता जाहिर की। उन्होंने अपना अनुभव शेयर करते हुए बताया कि लोगों का कहना है कि अस्पताल गलत जगह पर बना है।
फिल्ममेकर कुणाल कोहली ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक नोट शेयर किया, जिसमें कुणाल कोहली ने बताया कि अस्पताल के पास तेज बम न फोड़ने के लिए उन्होंने लोगों से प्यार से कहा था, लेकिन फिर भी लोगों ने उनकी बात नहीं मानी। कुणाल कोहली ने लिखा, "दीपावली की रात मैं अपनी मां को इमजेंसी के लिए खास हिंदुजा अस्पताल लेकर गया था। दुख की बात यह है कि कुछ लोग अस्पताल के गेट के ठीक बाहर तेज बम जला रहे थे। मैंने उनसे प्यार से कहा कि अस्पताल के गेट के बाहर तेज बम छोड़कर बाकी सारे पटाखे जला लो।"
फिल्ममेकर ने बताया कि एक आदमी ने उनकी बात को टाल दिया। उन्होंने लिखा, "एक आदमी ने मुझसे कहा, 'अस्पताल गलत जगह पर है। हम यहां 40 साल से हैं और वह तेज बम फोड़ता रहा।"
अभिनेत्री करीना कपूर खान की फेस्टिव लुक की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खूब चर्चा बटोर रही हैं। एक्ट्रेस न मुंबई स्थित घर की बालकनी में पोज दिए, जिसे फेस्टिव लाइट्स और फूलों की सजावट से सजाया गया था। उन्होंने इंस्टाग्राम हैंडल पर भी कई तस्वीरें शेयर कीं, जिसमें उन्होंने अपने परिवार के साथ दिवाली मनाने की झलक दिखाई।
अभिनेत्री करीना कपूर खान ने रिया कपूर द्वारा स्टाइल किया गया नवाबी लुक दिवाली के उत्सव के लिए अपनाया था। रिया ने बताया कि इसमें भोपाल के शाही परिवार की बेशकीमती विरासत वाली ज्वेलरी भी शामिल थी।
करीना के फेस्टिव लुक की तस्वीरें शेयर करते हुए रिया ने उन्हें असली मूवी स्टार बताया और उनके आउटफिट और ज्वेलरी के निजी महत्व को भी बताया। करीना ने डिजाइनर पुनीत बलाना द्वारा तैयार किया गया बेज रंग का कफ्तान पहना था। इस पर चांदी के तारों की बारीक कढ़ाई की गई थी। इसके साथ उन्होंने मैचिंग बेज रंग की पगड़ी (टर्बन) पहनी थी, जो उन्हें एक पारंपरिक नवाबी लुक दे रही थी।
इस लुक का सबसे मुख्य आकर्षण उनकी पगड़ी पर लगी लगभग 200 साल पुरानी हीरे-जवाहरात जड़ी 'कलगी' थी। यह कलगी पटौदी और भोपाल के शाही परिवार की विरासत है, जिसे सैफ अली खान ने अपनी शादी में पहना था और उनसे पहले भोपाल के नवाब हमीदुल्लाह खान भी इसे पहनते थे।
अभिनेत्री शिल्पा शिरोडकर ने सोमवार को पति अपरेश रंजीत को जन्मदिन की बधाई दी। अभिनेत्री ने पति अपरेश रंजीत के साथ इंस्टाग्राम पर तस्वीर पोस्ट कर उन्हें कूल और रॉकस्टार पति बताया। अभिनेत्री ने लिखा, "मेरे सबसे कूल, यंग, ओल्ड रॉकस्टार पति को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।"
उन्होंने लिखा, "मैं आपके बुजुर्ग होने पर मजाक बनाने वाली थी, लेकिन सच कहूं तो किसी तरह आपमें अब भी हम सब से ज्यादा एनर्जी है। एक और साल के लिए, जिसमें मैं आपकी हरकतों को बर्दाश्त करूंगी और आप मुझे सुनने का नाटक करोगे।"
शिल्पा शिरोडकर ने साल 2000 में यूके के बैंकर अपरेश रंजीत से शादी की थी। यह एक अरेंज मैरिज थी और दोनों ने मुलाकात के करीब 6 महीने के भीतर ही शादी का फैसला कर लिया था। शिल्पा ने खुद स्वीकार किया था कि वे 10वीं फेल हैं, जबकि उनके पति अपरेश रंजीत एक बैंकर हैं और उनके पास डबल एमबीए की डिग्री है।
शादी के तुरंत बाद शिल्पा देश छोड़कर नीदरलैंड चली गईं, क्योंकि उस समय उनके पति वहां अध्ययनरत थे। करीब एक साल बाद वे न्यूजीलैंड शिफ्ट हो गईं। विदेश में रहने के दौरान उन्होंने कुछ समय तक एक सैलून में हेयरड्रेसर के रूप में भी काम किया था।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए