
संविधान दिवस के मौके पर अभिनेता प्रकाश राज ने अपने विचार साझा किए। मीडिया के साथ बातचीत में अभिनेता ने कहा कि इस समय भारत का जो हाल उसे देखकर लगता है कि हमें संविधान को बचाने की जरूरत है।
अभिनेता ने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा, "आज संविधान दिवस है और पूरा देश इसे बड़ी धूमधाम से मना रहा है, लेकिन असली हालत ये है कि हमें संविधान को बचाने की जरूरत है। इस सरकार की वजह से पूरे देश में ऐसे हालात बन गए हैं। देखिए, हर जगह लोग संविधान बचाओ के नारे लगा रहे हैं।"
सौरव दास की विदेश यात्रा पर रोक को लेकर उन्होंने कहा, "आजकल कई लोगों को रोका जा रहा है। लोगों को फ्लाइट के अंदर से भी पकड़कर लाया जा रहा है। उन्हें बचाने के लिए हम सबको एक साथ आना होगा और बातचीत करनी होगी। असल बात ये है कि उन्हें हमारे युवाओं और बच्चों से डर लग रहा है।"
मशहूर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा गोवा में चल रहे भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में शिरकत की। इस दौरान मुकेश छाबड़ा ने बताया कि वह किसी भी एक्टर की कास्टिंग उनकी काबिलियत के दम पर करते हैं।
शो के दौरान मुकेश छाबड़ा ने रणबीर और आलिया का उदाहरण देते हुए कहा, "परफॉर्मेंस के आधार पर मैंने कई स्टार किड्स को रिजेक्ट और सिलेक्ट दोनों किया है। क्योंकि मेरा मानना यह है कि आपका बैकग्राउंड चाहे कोई भी हो, फिल्म करने के लिए आपको एक्टिंग तो करनी ही पड़ेगी। दर्शक बहुत समझदार हैं और अगर आप सच में अच्छा काम करते हैं, तो मेकर्स स्वीकार कर लेंगे।"
उन्होंने आगे कहा, "कोई नहीं कहता है कि रणबीर और आलिया नेपो किड हैं। उनकी परफॉर्मेंस के आधार पर ही लोग उन्हें पसंद करते हैं और कहते हैं कि वे शानदार कलाकार हैं। जब भी आप किसी खराब नेपो किड को देखते हैं, तो लोग इस पर बात करेंगे। लेकिन सोचिए, आज इंडस्ट्री में जो लोग अच्छा काम कर रहे हैं, उनमें से ज्यादातर बाहर से आए हुए लोग ही हैं।"
अभिनेता और गायक स्वानंद किरकिरे के लिए वेब सीरीज 'पंचायत' में निभाया गया सांसद जी का किरदार एक खास पहचान लेकर आया। इस किरदार ने न सिर्फ दर्शकों के बीच उनकी लोकप्रियता बढ़ाई, बल्कि उन्हें फिल्मकार सूरज बड़जात्या की आगामी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में भी अहम भूमिका दिलाने में मदद की।
बता दें कि सूरज बड़जात्या पहले स्वानंद को एक गीतकार के तौर पर जानते थे, लेकिन 'पंचायत' में उनकी अदाकारी देखने के बाद फिल्म में उन्हें कास्ट करने का फैसला किया।
स्वानंद किरकिरे ने बताया कि फिल्म की कास्टिंग के दौरान मुकेश छाबड़ा ने एक अहम किरदार के लिए सूरज बड़जात्या को उनका नाम सुझाया था। उन्होंने कहा, ''सूरज को हमेशा से मेरे गाने और गीतकार के तौर पर मेरा काम बहुत पसंद रहा है। लेकिन जब मुकेश छाबड़ा ने 'ये प्रेम मोल लिया' के लिए मेरा नाम सुझाया, तो मुझे लगता है कि वह शुरुआत में मुझे एक अभिनेता के तौर पर लेकर थोड़े असमंजस में थे। उन्होंने मेरा अभिनय ज्यादा नहीं देखा था। हालांकि, जब उन्होंने मुझे 'पंचायत' में सांसद जी के किरदार में देखा, तो वह मेरी अदाकारी से काफी प्रभावित हुए।''
उन्होंने आगे बताया, ''इसके बाद उन्होंने तुरंत अपनी सहमति दे दी और फिल्म में मेरी भूमिका पक्की कर दी। यह मेरे लिए बहुत अच्छा अनुभव था, क्योंकि सूरज जैसे फिल्मकार, जिनकी सिनेमा और कलाकारों के अभिनय को लेकर अपनी एक अलग समझ है, उन्होंने मेरा काम देखने के बाद मुझे एक अहम भूमिका की जिम्मेदारी सौंपी। इस वजह से यह मौका मेरे लिए और भी खास बन गया।''
बॉलीवुड में 90 के दशक का दौर ऐसा था, जब कुमार सानू और उदित नारायण की आवाज का जादू हर तरफ छाया हुआ था। दोनों ने अपने गानों से हिंदी फिल्म संगीत को एक नई पहचान दी। इस दौर में कुमार सानू की आवाज का ऐसा जादू चला कि वह देखते ही देखते बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय प्लेबैक सिंगर्स में शामिल हो गए।
उनकी फिल्म 'आशिकी' के गानों ने तो सफलता के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। हालांकि, खुद कुमार सानू ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि यह एल्बम इतनी बड़ी हिट साबित होगी और उनकी जिंदगी बदल देगी।
कुमार सानू ने हाल ही में आईएएनएस से बातचीत में अपनी इस यादगार सफलता से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने अपने नए गाने 'सुनियो जरा' के प्रमोशन के दौरान 'आशिकी' के दिनों को याद किया। इस बातचीत में उन्होंने बताया कि कैसे एक साधारण म्यूजिक एल्बम के तौर पर शुरू हुआ यह सफर आगे चलकर हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार म्यूजिक एल्बम में शामिल हो गया।
जब आईएएनएस ने कुमार सानू से पूछा कि क्या उन्हें पहले से अंदाजा था कि 'आशिकी' के गानों को इतना जबरदस्त रिस्पॉन्स मिलेगा। उन्होंने कहा, ''नहीं, बिल्कुल नहीं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा कुछ होगा। जो हुआ, वह किसी चमत्कार से कम नहीं था। मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि यह इतनी सुपरहिट होगी या इस पर कोई फिल्म भी बनेगी। हमने तो बस सामान्य तरीके से गाने रिकॉर्ड किए थे।''
टीवी और बॉलीवुड अभिनेत्री कश्मीरा शाह इन दिनों अपने परिवार के साथ बिताए खास पलों को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उनके 9 साल के बेटे ने उन्हें जन्मदिन से पहले एक प्यारा सा तोहफा दिया, जिसे देखकर कश्मीरा भावुक हो गईं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस खास पल की झलकियां शेयर कीं। उनकी इस पोस्ट पर गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने भी प्यार भरा कमेंट किया।
कश्मीरा ने गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें और वीडियो शेयर किए, जिनमें उनका बेटा उन्हें खूबसूरत चूड़ी देता नजर आ रहा है। बेटे से मिला यह तोहफा उनके लिए बेहद खास था। कश्मीरा ने पोस्ट में बताया कि वह इस चूड़ी को हमेशा अपने दिल के करीब रखेंगी।
उन्होंने लिखा, ''इस छोटी सी चूड़ी को अपनी कलाई में पहनते ही मेरी आंखों में आंसू आ गए। मेरा प्यारा 9 साल का बेटा मेरे पास आया और उसने मुझे जन्मदिन से पहले यह तोहफा दिया। उसका प्यार से दिया यह छोटा सा तोहफा मेरे दिल को छू गया। मैंने अब तक जितने भी गहने पहने हैं, उनमें से कोई भी मेरे बेटे के प्यार से चुने गए इस तोहफे की बराबरी नहीं कर सकता। उसकी मां बनकर मैं खुद को बेहद खुशकिस्मत मानती हूं।''
कश्मीरा की इस पोस्ट पर सुनीता आहूजा ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कमेंट करते हुए लिखा, ''बहुत ही प्यारा, मेरा लाल।'' इसके साथ उन्होंने कुछ इमोजी भी शेयर किए।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए