
फिल्म निर्माताओं के संगठन 'प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया' ने एक्टर रणवीर सिंह के फिल्म 'डॉन-3' और उससे जुड़े विवाद को देखते हुए बुधवार को नया बयान जारी किया है।
शिबाशीष सरकार के नेतृत्व वाले इस संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने कलाकारों के ऐसे गैर जिम्मेदाराना बर्ताव की आलोचना की। इससे पूरी फिल्म इंडस्ट्री पर बुरा असर पड़ता है।
उन्होंने लिखा, "हाल ही में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां कलाकार, निर्देशक और तकनीशियन अपनी तय प्रतिबद्धताओं से आखिरी समय पर पीछे हट रहे हैं। प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया को अपने सदस्य एक्सेल एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड और पैनोरमा स्टूडियोज इंटरनेशनल लिमिटेड से भी इस संबंध में औपचारिक शिकायतें मिली हैं। ये समस्याएं फिल्मों की मुख्य शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले सामने आईं।"
उन्होंने आगे लिखा, "फिल्म इंडस्ट्री के किसी भी सदस्य को ऐसा व्यवहार नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे निर्माताओं को भारी आर्थिक नुकसान होता है और इंडस्ट्री के अन्य क्षेत्रों पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इस तरह के कदम भरोसे, पेशेवर व्यवहार और आपसी सम्मान की उस भावना को कमजोर करते हैं, जिस पर पूरी फिल्म इंडस्ट्री आधारित है।"
Published: undefined
अभिनेता रणवीर सिंह द्वारा फरहान अख्तर की फिल्म 'डॉन 3' छोड़ने के बाद शुरू हुआ विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। बुधवार को फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि विभिन्न संगठनों के अनुरोध को देखते हुए रणवीर सिंह के खिलाफ जारी असहयोग (नॉन-कोऑपरेशन) निर्देश को तत्काल प्रभाव से वापस लेने का फैसला किया गया है।
दरअसल, अभिनेता रणवीर सिंह ने मंगलवार को एफडब्ल्यूआईसीई को अपने खिलाफ जारी असहयोग निर्देश के संबंध में एक कानूनी नोटिस भेजा था। इसके बाद बुधवार को एफडब्ल्यूआईसीई ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की, जिसमें सिंटा की महासचिव उपासना सिंह, इफ्तडा के अध्यक्ष अशोक पंडित, ऑल इंडिया फिल्म एम्प्लॉइज कॉन्फेडरेशन के अध्यक्ष तथा एफडब्ल्यूआईसीई के महासचिव अशोक दुबे समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अशोक पंडित ने कहा, "सिंटा, इम्प्पा और प्रोड्यूसर्स गिल्ड ने हमें लिखित पत्र भेजकर रणवीर सिंह के खिलाफ जारी असहयोग निर्देश को वापस लेने का अनुरोध किया था। इन सभी जिम्मेदार संगठनों की अपील को देखते हुए और फिल्म उद्योग तथा उसके सदस्यों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए हमने इस असहयोग निर्देश को तत्काल प्रभाव से वापस लेने का फैसला किया है।"
Published: undefined
अभिनेता कुणाल खेमू इन दिनों अभिनय से दूर संगीत में हाथ आजमा रहे हैं। बुधवार को उन्होंने अपने प्रशंसकों के साथ अपना नया शौक शेयर किया। अभिनेता ने बताया कि पियानों से उनके मन को बहुत शांति और सुकून मिलता है।
अभिनेता कुणाल खेमू ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वे पूरी शिद्दत के साथ पियानो पर प्रैक्टिस करते नजर आ रहे हैं। अभिनेता ने वीडियो शेयर करते हुए अपने मन के भाव शब्दों के जरिए व्यक्त किए। उन्होंने लिखा, "जैसा कि आप देख सकते हैं कि मुझे पियानो बजाना ठीक से नहीं आता, लेकिन इसे बजाने की कोशिश करना भी मुझे बहुत सुकून देता है। मेरी बेटी पियानो सीख रही है, उसी की वजह से मैं भी हर दिन करीब 10 मिनट अपने पसंदीदा गाने बजाने की कोशिश करता हूं।
उन्होंने आगे लिखा, "भले ही मेरा बजाना परफेक्ट ने लगे, लेकिन इससे मेरे दिल को खुशी मिलती है। संगीत की यही खूबी है। इसलिए अगर आपको कोई म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट पसंद है, तो उसे उठाइए और बजाना शुरू कर दीजिए। हर दिन सिर्फ 10 मिनट ही सही, लेकिन शुरुआत जरूर करें।"
Published: undefined
अभिनेत्री कश्मीरा शाह बुधवार को अपने जुड़वां बच्चों का जन्मदिन मना रही हैं। जुड़वां बच्चों के 9 साल पूरे होने पर अभिनेत्री भावुक नजर आईं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए खास अंदाज में बधाई दी।
अभिनेत्री कश्मीरा शाह ने अपने बेटों-कृषांग और रायन के जन्मदिन को सेलिब्रेट करते हुए एक मोंटाज वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया, जिसमें उनके बच्चों के बचपन और बड़े होने के दिनों के प्यारे और अनमोल पल शामिल हैं।
एक तस्वीर में कृष्णा अभिषेक एक काली मोटरसाइकिल पर बैठे नजर आ रहे हैं और उनके जुड़वां बेटों में से एक मुस्कुरा रहा है। मोंटाज के दूसरे क्लिप्स में पिछले नौ साल के पारिवारिक समारोह और छुट्टियों के पल दिखाए गए हैं।
अभिनेत्री ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "यकीन नहीं होता कि देखते ही देखते 9 साल बीत गए। हमारे जीवन में आने और हमें अपना परिवार चुनने के लिए आपका दिल से धन्यवाद। प्रिय चिकू-पिकू (रायन और कृषांग), आपको जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं। भगवान आपको लंबी उम्र, खुशियां और सफलता से भरा जीवन दें। आपकी खुशी ही हमारी सबसे बड़ी खुशी और सफलता है। मम्मी, डैडी, बुआ, फूफू और बड़ी मम्मी की तरफ से ढेर सारा प्यार।"
Published: undefined
साउथ सिनेमा के जाने-माने अभिनेता राम चरण की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'पेड्डी' सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म में एक्शन डायरेक्टर के तौर पर अभिनेता विक्की कौशल के पिता श्याम कौशल ने काम किया है।
एक्शन डायरेक्टर के तौर पर काम करने को लेकर श्याम कौशल ने 'पेड्डी' की पूरी टीम का आभार जताया। उन्होंने बुधवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें टीम के सभी सदस्य नजर आ रहे हैं।
श्याम कौशल ने वीडियो साझा करते हुए लिखा, "फिल्म 'पेड्डी' में एक्शन डायरेक्टर के तौर पर इतनी प्रतिभाशाली और शानदार टीम के साथ काम करना मेरे लिए सीखने और यादगार अनुभव रहा। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि हमारी फिल्म और पूरी टीम को खूब सफलता और आशीर्वाद मिले। ईश्वर की कृपा बनी रहे।"
'पेड्डी' एक स्पोर्ट्स-एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन बुची बाबू सना कर रहे हैं और इसमें राम चरण मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म के एक्शन निर्देशन की जिम्मेदारी श्याम कौशल ने संभाली है। इसके अलावा, एक्शन दृश्यों को और प्रभावशाली बनाने के लिए सुप्रीम सुंदर और माईबम नाबाकांता ने भी स्टंट्स कोरियोग्राफ किए हैं।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined