
अक्षय कुमार के जन्मदिन पर फैंस के साथ-साथ सेलेब्स भी उन्हें बधाई दे रहे हैं। इस कड़ी में राशि खन्ना ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी और उनके साथ बिताए एक मजेदार पल का वीडियो भी साझा किया है। इस वीडियो में अक्षय कुमार, विद्या बालन और राशि खन्ना साथ में डांस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में अक्षय अपने खास अंदाज में डांस करते दिख रहे हैं और पीछे एक प्राइवेट जेट भी नजर आ रहा है।
राशि ने इस वीडियो के साथ अक्षय के लिए एक प्यारा भरा मैसेज भी लिखा है, जिसमें उन्होंने अभिनेता की मेहनत और उनके मजाकिया अंदाज की तारीफ की। उन्होंने लिखा, ''उस इंसान के नाम, जो अपने आसपास के सभी लोगों से खूब मेहनत करवाते हैं और उससे भी ज्यादा हंसाते हैं। ज्यादा डांस और ज्यादा शरारत करते हैं। जन्मदिन मुबारक हो, अक्षय सर!''
वीडियो में अक्षय, विद्या और राशि, तीनों की मस्ती लोगों को काफी पंसद आ रही है। बता दें कि अक्षय और राशि जल्द ही अनीस बज्मी की आने वाली फैमिली कॉमेडी फिल्म में साथ दिखाई देंगे। फिल्म का नाम अभी सामने नहीं आया है, लेकिन इसकी स्टारकास्ट ने पहले ही लोगों की दिलचस्पी बढ़ा दी है। इसमें अक्षय कुमार और विद्या बालन की जोड़ी भी लंबे समय बाद फिर से साथ नजर आएगी। दोनों को इससे पहले एक साथ 'भूल भुलैया' में देखा गया था और अब एक बार फिर दोनों पर्दे पर साथ आने वाले हैं।
बॉलीवुड के 'खिलाड़ी कुमार' यानी अक्षय कुमार बुधवार को अपना 59वां जन्मदिन मना रहे हैं। अपने जन्मदिन के मौके पर उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए कुछ ऐसी बातें कही, जिसने उनकी आने वाली फिल्म 'हैवान' को लेकर लोगों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी।
दरअसल, अक्षय ने अपने बर्थडे पर फिल्म से जुड़ा एक वीडियो पोस्ट किया और उसके साथ जिंदगी को देखने का अपना नजरिया भी बताया। उन्होंने कहा कि हर चीज वैसी नहीं होती जैसी पहली नजर में दिखाई देती है। कभी जो बुरा नजर आता है, उसके पीछे कोई दूसरी कहानी छिपी हो सकती है और जिसे हम अच्छा समझते हैं, जरूरी नहीं कि वह सच में वैसा ही हो।
अक्षय ने फिल्म का वीडियो साझा करते हुए लिखा, ''मेरे जन्मदिन पर एक छोटी-सी बात... जो बुरा दिखाई देता है, वह हमेशा बुरा नहीं होता, और जो अच्छा दिखाई देता है, वह हमेशा अच्छा नहीं होता। शायद यही बात मुझे 'हैवान' ने सिखाई है। इतने सालों से आपने मुझे जो प्यार दिया है, उसके लिए शुक्रिया। इस शुक्रवार मैं आपको अपना एक ऐसा रूप दिखाने वाला हूं, जिसे आपने पहले नहीं देखा है। सिनेमाघरों में मिलते हैं। प्यार और दुआओं के साथ, आपका अक्षय।''
अभिनेता आयुष्मान खुराना अपनी आने वाली फिल्म 'उड़ता तीर' को लेकर लंबे समय से चर्चा में हैं। इस बीच मेकर्स ने अब फिल्म का फर्स्ट लुक जारी कर दिया है। पोस्टर में आयुष्मान का अंदाज किसी आम स्पाई फिल्म के हीरो जैसा बिल्कुल नहीं है। वह भारत और पाकिस्तान के बीच एक झूले पर आराम से लेटे नजर आ रहे हैं और उनके हाथ में 'टॉप सीक्रेट' लिखी फाइल है। फिल्म कॉमेडी और कन्फ्यूजन से भरपूर है।
बुधवार को धर्मा प्रोडक्शन ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का फर्स्ट लुक शेयर किया,साथ ही इसकी नई रिलीज डेट भी अनाउंस की। आयुष्मान खुराना और सारा अली खान स्टारर यह फिल्म अब 9 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इससे पहले फिल्म की रिलीज 11 सितंबर के लिए तय की गई थी, लेकिन अब इसे कुछ हफ्ते आगे बढ़ा दिया गया है।
पोस्टर की बात करें तो इसमें आयुष्मान दो मील के पत्थरों के बीच झूले पर लेटे दिखाई दे रहे हैं। एक तरफ भारत और दूसरी तरफ पाकिस्तान लिखा हुआ है। उनके हाथ में एक फाइल है, जिस पर 'टॉप सीक्रेट' लिखा है। आमतौर पर स्पाई फिल्मों में जासूस को मिशन पर भागते-दौड़ते या दुश्मनों से लड़ते दिखाया जाता है, लेकिन यहां आयुष्मान का किरदार बॉर्डर के बीच आराम से झूला झूलता नजर आ रहा है। पोस्ट के ऊपर की तरफ लिखा है, 'देशभक्ति तो याद है... पर देश नहीं।' पोस्ट में मेकर्स ने फिल्म में अनलिमिटेड कन्फ्यूजन और एक्शन का वादा किया गया है।
अभिनेता अजय देवगन स्टारर फिल्म 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' के मेकर्स ने ट्रेलर रिलीज कर दिया है। इस नए भाग में विजय सालगांवकर का सामना एक नए और मजबूत प्रतिद्वंद्वी से होगा। फिल्म में अजय देवगन विजय, तब्बू आईजी मीरा देशमुख और श्रिया सरन नंदिनी के किरदार में लौट रही हैं। इस बार जयदीप अहलावत और प्रकाश राज की एंट्री हुई है, जो विजय के खिलाफ जांच को और मजबूत करते हैं।
2 मिनट 52 सेकंड के ट्रेलर में विजय सालगांवकर (अजय देवगन) एक बार फिर अपने परिवार के सीक्रेट को कानून के हाथों से बचाते नजर आएंगे। ट्रेलर में दिखाया गया है कि मामला अब सिर्फ दिमागी खेल नहीं रहा बल्कि विजय और पुलिस के बीच अस्तित्व की लड़ाई बन चुका है।
ट्रेलर में अजय देवगन कहते हैं, उनके बहुत ही मजबूत सबूत हैं। जयदीप अहलावत फिल्म में क्राइम ब्रांच के एसपी की भूमिका में नजर आएंगे। ट्रेलर में देखने को मिलता है कि वे विजय सालगांवकर की समझ और चालाकी को पहचानते हैं। इसी बदलाव के बीच विजय का सामना पहले से ज्यादा खतरनाक चुनौती से होता है।
ट्रेलर में प्रकाश राज का किरदार विजय के लिए कहता है, "अनपढ़ है, बेवकूफ नहीं। इसे मैं हल्के में लेने की कोशिश नहीं करूंगा।"
एडवेंचर रियलिटी शो 'रोडीज: रीबर्थ' में अभिषेक मल्हान और प्रिंस नरूला गैंग लीडर के तौर पर एक-दूसरे के आमने-सामने होंगे। दोनों का मकसद अपने-अपने गैंग के कंटेस्टेंट को जिताना होगा और इसके लिए टास्क से लेकर रणनीति तक, दोनों एक-दूसरे को मात देने की पूरी कोशिश करेंगे। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या शो का यह कॉम्पिटिशन उनकी निजी दोस्ती पर भी असर डालेगा?
इस सवाल पर अभिषेक ने कहा कि शो की लड़ाई को वह अपनी असली जिंदगी के रिश्ते पर हावी नहीं होने देंगे।
प्रिंस नरूला के साथ अपने बॉन्ड के बारे में बात करते हुए अभिषेक ने आईएएनएस से कहा, ''मुझे लगता है कि उनके साथ मेरा जो बॉन्ड है, वह इस दुनिया की किसी भी चीज से ज्यादा मजबूत है। लेकिन जब हम रियलिटी शो में आते हैं और एक मेंटर की भूमिका निभाते हैं, तो उस वक्त हमारा सिर्फ एक गोल होता है कि हमारा कंटेस्टेंट जीते।''
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए