
भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के 54वें जन्मदिन पर बुधवार को नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले एक्टर राजकुमार राव ने क्रिकेटर की आने वाली बायोपिक "दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी" का पहला लुक शेयर किया है।
सौरव गांगुली की यह बायोपिक अगले साल 14 मई को थिएटर में रिलीज होगी। गांगुली को जन्मदिन की बधाई देते हुए राजकुमार ने पोस्टर जारी किया, जिसमें एक्टर पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली का रोल करते हुए दिख रहे हैं। पोस्टर में राजकुमार राव मशहूर लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड की बालकनी में शर्ट उतारकर खड़े नजर आ रहे हैं। यह दृश्य 2002 की नेटवेस्ट ट्रॉफी जीत के बाद सौरव गांगुली द्वारा मनाए गए ऐतिहासिक जश्न को दोबारा जीवंत कर रहा है। राजकुमार के पीछे लहराता विशाल भारतीय तिरंगा इस पोस्टर को और भी दमदार और भावनात्मक बना रहा है।
फिल्म का टाइटल, "दादा," पोस्टर पर नीले अक्षरों में लिखा है, जिसके ऊपर उपशीर्षक "द सौरव गांगुली स्टोरी" लिखा है। टेक्स्ट ओवरले में एक टैगलाइन भी है, जिसमें लिखा है: “उन्होंने सिर्फ गेम नहीं खेला, उन्होंने इसे बदल दिया।" राजकुमार ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' पर शेयर किए गए पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "हमारे प्यारे दादा को जन्मदिन की बधाई।"
फिल्म इंडस्ट्री के अनुभवी अभिनेता रंजीत ने स्क्रीन के दिग्गज कलाकार प्रेम चोपड़ा से दोबारा मिलकर पुरानी यादें ताजा कीं।
70 के दशक के लोकप्रिय खलनायक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट के माध्यम से खुलासा किया कि उन्होंने प्रतिष्ठित अभिनेता को हमेशा 'ठाकुर' कहकर संबोधित किया है और उन्हें एक ऐसे व्यक्ति के रूप में वर्णित किया है जो 'खुद पर चुटकुले बनाना पसंद करता है।"
प्रेम चोपड़ा के आवास मुलाकात की एक तस्वीर साझा करते हुए रंजीत ने दशकों से चली आ रही अपनी दोस्ती को याद करते हुए एक हार्दिक नोट लिखा।
उन्होंने लिखा, "ठाकुर प्रेम चोपड़ा के साथ पुरानी यादें साझा करते हुए, मैं हमेशा उन्हें इसी तरह संबोधित करता हूं। उनके घर गया और बहुत अच्छा समय बिताया। वह वास्तव में एक प्यारे इंसान हैं और उन्हें खुद पर चुटकुले सुनाना भी पसंद है।"
तस्वीर में दोनों दिग्गज कलाकार प्रेम चोपड़ा के लिविंग रूम के अंदर सोफे पर एक साथ बैठे हुए हैं, जिसमें चोपड़ा अपने दोस्त रंजीत का हाथ स्नेह से पकड़े हुए दिख रहे हैं।
ऋषि कपूर की बेटी और एक्ट्रेस-बिजनेसवुमन रिद्धिमा कपूर साहनी ने 8 जुलाई को अपनी मां, मशहूर एक्ट्रेस नीतू कपूर को जन्मदिन की दिल से बधाई दी। इस मौके पर उन्होंने अपनी जिंदगी के कई दशकों की यादगार तस्वीरों का एक कलेक्शन शेयर किया।
अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर, रिद्धिमा ने अपनी मां के साथ खास पलों की कई तस्वीरें और वीडियो शेयर किए। रील के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा, "हैप्पी बर्थडे मां - मेरा दिल, मेरी सब कुछ। आपसे बहुत प्यार करती हूं।"
इस बर्थडे ट्रिब्यूट में एक पुरानी तस्वीर भी शामिल थी जिसमें नीतू ने बच्ची रिद्धिमा को अपनी गोद में लिया हुआ था। एक और तस्वीर में मां-बेटी की जोड़ी हाल ही में बाहर घूमने के दौरान साथ पोज देती हुई दिखीं। रिद्धिमा ने नीतू के बचपन के दिनों की एक पुरानी तस्वीर भी शेयर की, जब वह फिल्म 'दो कलियां' में चाइल्ड आर्टिस्ट थीं।
उन्होंने एक फैमिली फोटो भी शेयर की जिसमें वह खुद, नीतू और बेटी समायरा जन्मदिन के सेलिब्रेशन के दौरान साथ दिख रही थीं।
फराह खान और रितेश देशमुख द्वारा होस्ट किए जा रहे नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' के हालिया एपिसोड में हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। शो में टेलीविजन एक्टर हर्षद चोपड़ा अपनी को-कंटेस्टेंट श्रेया कालरा पर भड़क गए, क्योंकि बहस के दौरान उन्होंने उनकी दोस्त शिवांगी जोशी को "चुड़ैल" कहा और कथित तौर पर गाली-गलौज की।
हालिया एपिसोड में श्रेया के स्नैक्स खाने की गुजारिश के बाद बहस शुरू हो गई, क्योंकि वह भारी दवाएं ले रही थीं। सीमित "खर्चा-पानी" के साथ, घर के सदस्यों ने श्रेया से सवाल करना शुरू कर दिया जब उन्होंने बताया कि वह दवाएं ले रही हैं - ऐसी बात जिसका ज़िक्र उन्होंने पहले नहीं किया था।
"खर्चा-पानी" डिजिटल पैसे का वह बैलेंस है जो कंटेस्टेंट्स को शो में अपना खाना खरीदने के लिए हर हफ़्ते मिलता है। वे इसे टास्क और नॉमिनेशन के जरिए कमाते हैं।
बाद में शिवांगी ने श्रेया से पूछा कि क्या वह "सच में बीमार" हैं, जिससे बहस शुरू हो गई। तीखी बहस के बाद शिवांगी की आंखों में आंसू आ गए और वह अपने दोस्त और पूर्व को-स्टार हर्षद चोपड़ा के पास गईं।
शिवांगी को रोते हुए देखकर हर्षद गुस्से से भर गए और श्रेया की ओर झपटे। हालांकि, शिवांगी और साथी कंटेस्टेंट आकांक्षा चमोला ने उन्हें रोक लिया। फिर उन्हें चिल्लाते हुए देखा गया, "और उस चुड़ैल से कहो कि अपना मुंह न खोले।"
अभिनेता कुनाल खेमू का कहना है कि रियलिटी शो ‘एलायंस’ के साथ होस्ट के रूप में अपने डेब्यू के बाद वह सलमान खान से की जा रही तुलना के बारे में नहीं सोच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वह इस शो में बिना किसी पूर्वधारणा के प्रवेश कर रहे हैं और सिर्फ़ अपने स्वाभाविक अंदाज में रहना चाहते हैं।
आईएएनएस से विशेष बातचीत में जब कुनाल से पूछा गया कि क्या उनके मन में सलमान खान से तुलना का विचार है, जो पिछले एक दशक से अधिक समय से रियलिटी शो की दुनिया का एक बड़ा चेहरा रहे हैं, तो उन्होंने बेबाकी से जवाब दिया, "मैंने इस बारे में बिल्कुल नहीं सोचा। लोग मुझसे बहुत पहले से यह काम कर रहे हैं और बहुत अच्छे तरीके से कर रहे हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि उनका न तो किसी की शैली की नकल करने का इरादा है और न ही जानबूझकर खुद को सबसे अलग दिखाने की कोशिश।
"आपकी सोच और परवरिश ऐसी होती है कि शायद आपको लगता है कि यही तरीका है, क्योंकि आपने कुछ और देखा ही नहीं है। इसलिए मैं न तो किसी की नकल करने की कोशिश कर रहा हूं और न ही किसी से अलग बनने की।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए