मनोरंजन

सिनेजीवन: दिलीप कुमार की पुण्यतिथि पर भावुक हुईं सायरा बानो और बारुईपुर केस पर मुनमुन दत्ता ने जताया दुख

दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार की पुण्यतिथि पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री सायरा बानो ने भावुक श्रद्धांजलि अर्पित की। टीवी एक्ट्रेस मुनमुन दत्ता ने कोलकाता के बारुईपुर में 12 साल की लड़की के रेप और मर्डर केस पर अपना दुख और गुस्सा जाहिर किया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

दिलीप कुमार की पुण्यतिथि पर भावुक हुईं सायरा बानो, बोलीं- हमारा साथ सिर्फ जीवन नहीं, एक संपूर्ण सफर था

हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार की पुण्यतिथि पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री सायरा बानो ने भावुक श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा करते हुए अपने जीवनसाथी के साथ बिताए अनमोल पलों को याद किया और कहा कि दिलीप कुमार आज भी उनकी यादों और उनके प्रेम में जीवित हैं।

सायरा बानो ने इंस्टाग्राम पर दिलीप कुमार के साथ अपनी कई दुर्लभ और पुरानी तस्वीरें साझा कीं। इसके साथ उन्होंने लिखा, "जीवन की सबसे खूबसूरत बात यह है कि वह कभी पूरी तरह समाप्त नहीं होता। वह यादों में हमेशा जीवित रहता है। यादें समय की तरह साथ नहीं छोड़तीं, बल्कि हर मुस्कान, हर नजर और हर शब्द को फिर से जीवंत कर देती हैं।"

उन्होंने आगे लिखा, "मुझे अक्सर लगता है कि साहब इस दुनिया से विदा होने से पहले मुझे यादों का ऐसा अनमोल खजाना देकर गए हैं, जिसके सहारे मैं अपनी पूरी जिंदगी गुजार सकती हूं।"

 सायरा ने कहा, "7 जुलाई 2021 को दिलीप कुमार ने सिर्फ मुझे ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को अलविदा कहा था, जो उनसे प्यार करती थी। उनके परिवार, दोस्तों, प्रशंसकों और फिल्म जगत के लोगों के जीवन में ऐसा खालीपन आ गया, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। लेकिन मेरे लिए वह सिर्फ दुनिया के महान अभिनेता नहीं थे, बल्कि मेरे जीवन का सबसे मजबूत सहारा थे।"

Published: undefined

'जब वन प्लस वन का अर्थ 11 हो', एनिवर्सरी पर शाहिद कपूर के लिए मीरा राजपूत का खास पोस्ट

मीरा राजपूत कपूर ने 7 जुलाई को अपनी शादी की सालगिरह पर पति शाहिद कपूर के लिए एक प्यारी और मजेदार विश लिखी। उन्होंने पुरानी यादों वाली एक खास तस्वीर भी शेयर की।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर मीरा कपूर ने मैडम तुसाद म्यूजियम की अपनी एक पुरानी तस्वीर साझा की। इस तस्वीर में वह अपने पति शाहिद कपूर और उनके वैक्स स्टैच्यू (मोम के पुतले) के बीच पोज देती नजर आ रही हैं।

 तस्वीर में शाहिद फॉर्मल सूट पहने हुए हैं, जबकि उनका वैक्स स्टैच्यू ब्लैक एंड व्हाइट टक्सीडो में दिखाई दे रहा है। वहीं, मीरा ब्लैक हॉल्टर-नेक गाउन में नजर आ रही हैं और शाहिद तथा उनकी वैक्स स्टैच्यू के बीच खड़ी हैं।

इस यादगार तस्वीर को साझा करते हुए मीरा ने कैप्शन में लिखा, "जब 1+1 = 11 हो... हैप्पी एनिवर्सरी, मेरी जिंदगी के प्यार!"

शाहिद कपूर और मीरा कपूर ने 7 जुलाई, 2015 को दिल्ली में एक निजी आनंद कारज समारोह में शादी की थी। दोनों का रिश्ता आध्यात्मिक संस्था 'राधा स्वामी सत्संग ब्यास' के माध्यम से तय हुआ था, जिससे दोनों परिवार जुड़े हुए हैं।

Published: undefined

बारुईपुर केस पर मुनमुन दत्ता ने जताया दुख, बच्ची के लिए मांगा इंसाफ

टीवी एक्ट्रेस मुनमुन दत्ता ने कोलकाता के बारुईपुर में 12 साल की लड़की के रेप और मर्डर केस पर अपना दुख और गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने अधिकारियों से अपील की है कि वे इन लोगों को ढूंढें और बच्ची को इंसाफ दिलाएं।

मुनमुन दत्ता ने एक पोस्टर शेयर किया, जिस पर लिखा था, "बारुईपुर के लिए इंसाफ।"

कैप्शन में उन्होंने बस इतना लिखा, "12 साल की लड़की, एक छोटी सी बच्ची, जिसका रेप और मर्डर कर दिया गया। इन लोगों को ढूंढो।"

पश्चिम बंगाल के बारुईपुर इलाके में 5 जुलाई को एक तालाब से 12 साल की लड़की का शव मिला। वह 4 जुलाई से लापता थी।

मृतक लड़की के परिवार वालों का आरोप है कि उसके साथ रेप हुआ और फिर उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस आरोप की पुष्टि नहीं की है। नाबालिग लड़की के शव का पोस्टमार्टम 5 जुलाई की रात को पूरा हुआ।

Published: undefined

अंशुला कपूर ने दुल्हन बनकर पहना दिवंगत मां का 42 साल पुराना दुपट्टा; 'बाकी सब कुछ उसी के इर्द-गिर्द तैयार किया गया'

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर की बहन अंशुला कपूर ने अपने शादी के परिधान से जुड़ी भावुक कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि किस तरह उन्होंने अपनी जिंदगी के सबसे खास दिन अपनी दिवंगत मां को अपने करीब महसूस करने के लिए उनकी यादों को अपने साथ रखा।

दुल्हन अंशुला कपूर ने बताया कि शादी के दिन वह एक चीज अपने साथ रखना चाहती थीं और वह थी उनकी दिवंगत मां का 42 साल पुराना सुनहरे टिश्यू और जरदोजी का दुपट्टा।

अपने ब्राइडल लुक के महत्व को साझा करते हुए अंशुला ने लिखा, "जब मैं दुल्हन बनी तो एक चीज थी, जिसके बारे में मुझे पता था कि मैं उसे अपने साथ रखना चाहती हूं—मेरी मां का 42 साल पुराना सुनहरे टिश्यू और जरदोजी का दुपट्टा। बाकी सब कुछ उसी के इर्द-गिर्द तैयार किया गया। जिस दिन एक नए परिवार की शुरुआत हो रही थी, उस दिन उस चीज में लिपटना सही लगा, जिसने सबसे पहले मेरा पालन-पोषण किया।"

Published: undefined

'लोकल फूड को बढ़ावा देना गलत नहीं', ट्रोल्स पर भड़कीं भाग्यश्री

अभिनेत्री भाग्यश्री ने महादेव की नगरी काशी यात्रा के दौरान स्थानीय खाने-पीने की चीजों को बढ़ावा देने पर हो रही आलोचना का करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि लोकल फूड और स्थानीय विक्रेताओं को प्रमोट करने से उनकी मदद होती है और कुछ लोग बिना पूरी जानकारी के बेवजह विवाद खड़ा कर रहे हैं।

 भाग्यश्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह कुल्हड़ में बनारसी लस्सी का आनंद लेती नजर आ रही हैं। उन्होंने बताया कि वह सुबह 3 बजे से मंगला आरती में शामिल हुई थीं और इसके बाद भीषण गर्मी में गंगा घाटों पर पैदल घूमने के दौरान यह लस्सी उनके लिए ऊर्जा का बेहतरीन स्रोत बनी।

उन्होंने पोस्ट में लिखा कि लस्सी पर डाले गए सूखे मेवों का स्वाद उन्हें बेहद पसंद आया। उन्होंने यह भी कहा कि मीठी या नमकीन लस्सी पसंद का विषय है। मधुमेह के मरीजों के लिए मीठी लस्सी सही विकल्प नहीं हो सकती, लेकिन दही कैल्शियम, प्रोटीन और प्रोबायोटिक्स से भरपूर होता है, जबकि चीनी या गुड़ ऊर्जा देता है और पानी शरीर को हाइड्रेट रखता है। 40 डिग्री तापमान में उनके लिए यह एक आदर्श पेय था।

 भाग्यश्री ने वायरल हो रही उस वीडियो क्लिप पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें दावा किया गया कि उन्होंने लस्सी का सिर्फ प्रचार किया, लेकिन उसे पिया नहीं। उन्होंने कहा, "क्या आप वहां मौजूद थे? क्या किसी ने मुझे यह कहते सुना कि लस्सी बहुत मीठी है और मैं इसे नहीं पिऊंगी? आधी जानकारी और अधूरा वीडियो साझा करना ही असली फर्जीवाड़ा है।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

  • राम मंदिर चढ़ावा चोरीः तीन आरोपियों को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया, बैंक खातों की होगी गहन जांच

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: राम मंदिर चंदा चोरी के आरोपों पर चंपत राय की आई पहली प्रतिक्रिया, बोले- SIT रिपोर्ट के बाद दूंगा जवाब

  • ,
  • खेल: सूर्यवंशी को सूर्यकुमार का खास संदेश और अफगानिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शापूर जादरान का निधन

  • ,
  • संजय राउत ने राम मंदिर ट्रस्ट में 2000 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप लगाया, पूरे ट्रस्ट के खिलाफ FIR की मांग की

  • ,
  • वायनाडः भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर 4 हुई, प्रियंका गांधी ने लोगों से बचाव कार्यों में मदद की अपील की