मनोरंजन

सिनेजीवन: ब्लैक एंड व्हाइट फ्रेम में दिखी सलमान और चित्रांगदा की बॉन्डिंग और नीति मोहन ने शेयर किया चक्रासन वीडियो

अभिनेता सलमान खान की वॉर ड्रामा फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' का नया गाना 'मैं हूं' गुरुवार को रिलीज कर दिया गया है। मशहूर गायिका नीति मोहन ने चक्रासन करते हुए खास वीडियो शेयर किया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

ब्लैक एंड व्हाइट फ्रेम में दिखी सलमान और चित्रांगदा की इमोशनल बॉन्डिंग, रिलीज हुआ 'मातृभूमि' का नया गाना

अभिनेता सलमान खान की वॉर ड्रामा फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' का नया गाना 'मैं हूं' गुरुवार को रिलीज कर दिया गया है। यह एक इमोशनल और देशभक्ति से ओत-प्रोत म्यूजिक है।

अभिनेता सलमान खान ने इंस्टाग्राम पर गाने का क्लिप शेयर किया, जिसके साथ उन्होंने लिखा, "गाना 'मैं हूं'।"

अभिनेता सलमान खान और उनकी को-स्टार चित्रांगदा का यह गाना कोई रोमांटिक सॉन्ग नहीं बल्कि भावुक कर देने वाला गाना है, जिसके शुरुआत में सलमान खान और चित्रांगदा की झलक देखने को मिलती है। इसमें प्यार भी है और अपने साथी से दूर होने की तड़प भी। इसमें अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह सलमान खान के लिए काफी इमोशनल होती दिख रही हैं और इन झलकियों को ब्लैक एंड व्हाइट में तैयार किया गया है। इमोशनल सॉन्ग को श्रेया घोषाल और अयान लाल ने इस गाने को आवाज दी है।

फिल्म में सलमान खान कर्नल संतोष बाबू की भूमिका निभाते नजर आएंगे, जो 16 बिहार रेजिमेंट का नेतृत्व करते हुए लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल पर स्थिति संभालते हैं। वहीं उनके साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इसके अलावा, अभिनेता अभिलाष चौधरी और अंकुर भाटिया भी फिल्म में अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे।

Published: undefined

ईद पर भी जारी ‘तुम्बाड 2’ की शूटिंग, नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी बोले- यह मेरे लिए वर्किंग फेस्टिवल

दुनियाभर में ईद उल अजहा का त्योहार मनाया जा रहा है। हालांकि, अभिनेता नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी त्योहार के मौके पर भी काम करते नजर आए। हॉरर फिल्म ‘तुम्बाड’ की सीक्वल ‘तुम्बाड 2’ की शूटिंग में व्यस्त नवाज़ुद्दीन ने इसे वर्किंग फेस्टिवल बताया।

शूटिंग का अपडेट देते हुए नवाज़ुद्दीन ने बताया, “यह मेरे लिए एक वर्किंग फेस्टिवल होने वाला है। ईद पर भी मैं ‘तुम्बाड 2’ की शूटिंग कर रहा हूं। मैं इस किरदार को दर्शकों के सामने लाने के लिए बेहद उत्साहित हूं क्योंकि इसमें कई लेयर्स हैं।”

साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म ‘तुम्बाड’ ने अपनी अनोखी कहानी, पीरियड लोक हॉरर स्टाइल और शानदार सिनेमैटोग्राफी के लिए खूब सराहना बटोरी थी। राही अनिल बर्वे और आनंद गांधी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सोहम शाह ने मुख्य भूमिका निभाई थी।

Published: undefined

गोवा में समीरा रेड्डी के बगीचे से अर्चना पूरन सिंह ने तोड़े काजू, पति और बेटों संग लिया अनोखे फल का मजा

अभिनेत्री समीरा रेड्डी मुंबई की चकाचौंध से दूर गोवा में रहती हैं। हाल ही में अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह अपने परिवार के साथ समीरा रेड्डी के घर घूमने पहुंचीं। इस दौरान अर्चना ने पहली बार काजू के फल का स्वाद चखा।

अभिनेत्री समीरा रेड्डी ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें अर्चना अपने परिवार के साथ पहली बार काजू का फल चख रही हैं। शेयर किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि अर्चना पूरन सिंह पूरे परिवार के साथ समीरा के बगीचे में काजू का फल तोड़ती हैं जबकि समीरा उन्हें इस मज़ेदार अनुभव के बारे में बताती हैं।

वहीं, अर्चना कहती हैं कि ये फल उनकी जिंदगी की खास यादों में एक है। अर्चना के पति परमीत सेठी और उनके बेटे आर्यमन सेठी और आयुष्मान सेठी भी इस पल का एक साथ आनंद लेते हुए दिखाई दिए।

अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए, समीरा ने लिखा, "हमारे घर पर अर्चना पूरन सिंह ने पहली बार काजू के फल का स्वाद चखा।"

Published: undefined

नीति मोहन ने शेयर किया चक्रासन वीडियो, फैंस को दी रीढ़ की हड्डी सीधी रखने की सलाह

मनोरंजन जगत के सितारे अपनी कला के साथ-साथ फिटनेस को लेकर भी सजग रहते हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को मशहूर गायिका नीति मोहन ने चक्रासन करते हुए खास वीडियो शेयर किया।

इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में नीति मोहन जिम के अंदर बेहतरीन तालमेल और संतुलन के साथ चक्रासन करती नजर आ रही हैं। उनकी यह वीडियो दर्शकों को काफी पसंद आ रही है। गायिका ने सभी को सलाह देते हुए लिखा, "मेरुदंड (बैकबोन) सीधा रखना है, तो चक्रासन कर लो।"

खुद को फिट रखने के लिए नीति हेल्दी डाइट और रेगुलर वर्कआउट पर काफी ध्यान देती हैं। चक्रासन (जिसे 'व्हील पोज' या ऊर्ध्व धनुरासन भी कहा जाता है) एक उन्नत योग मुद्रा है, जिसमें शरीर का आकार एक पहिए (चक्र) या उल्टे धनुष जैसा बन जाता है। यह रीढ़ की हड्डी के लचीलेपन और शरीर की ताकत बढ़ाने के लिए एक बेहतरीन अभ्यास है।

Published: undefined

'पेड्डी' में काम कर उत्साहित जगपति बाबू, बोले- मेरा किरदार करियर के टॉप-6 रोल्स में नंबर वन

अभिनेता रामचरण, जान्हवी कपूर स्टारर फिल्म 'पेड्डी' सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म में अभिनेता जगपति बाबू भी अहम किरदार में हैं। फिल्म में अपने किरदार अप्पलासूरी के बारे में उन्होंने बताया कि यह बेहद खास है।

अप्पलासूरी के बारे में जानकारी देते हुए जगपति बाबू ने कहा कि परफॉर्मेंस, गेटअप और भावनात्मक गहराई के मामले में यह रोल उनके करियर के टॉप-6 रोल्स में सबसे ऊपर है।

जगपति बाबू ने बताया, “भावनात्मक रूप से, परफॉर्मेंस और गेटअप के लिहाज से अप्पलासूरी मेरा सबसे पसंदीदा रोल है। रामचरण की फिल्म में यह किरदार निभाना मेरे लिए और भी खास है। 'लेजेंड' के बाद मैंने कई फिल्में की हैं, लेकिन मेरे दिमाग में आने वाले छह रोल्स की लिस्ट में 'पेड्डी' का यह रोल नंबर एक पर है।”

अभिनेता ने किरदार के लुक का पूरा श्रेय फिल्म के निर्देशक बुची बाबू और नेशनल अवॉर्ड विजेता मेकअप आर्टिस्ट रशीद को दिया। उन्होंने कहा कि पहली बार गेटअप पहनते ही उन्हें एहसास हो गया था कि यह किरदार कमाल का होने वाला है। जगपति बाबू ने फिल्म में अपनी डबिंग भी पूरी कर ली है।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined