
सलमान खान और संजय दत्त को एक साथ पर्दे पर देखने का अपना ही क्रेज है। दोनों जब भी किसी प्रोजेक्ट में साथ नजर आते हैं, फैंस की दिलचस्पी अपने आप बढ़ जाती है। अब एक बार फिर यह जोड़ी चर्चा में है लेकिन इस बार मामला किसी बॉलीवुड फिल्म का नहीं बल्कि एक बड़े इंटरनेशनल एक्शन प्रोजेक्ट का है।
ग्लोबल एक्शन थ्रिलर '7 डॉग्स' का ट्रेलर भारत में रिलीज हो चुका है। इसमें सलमान खान और संजय दत्त की खास मौजूदगी देखने को मिल रही है। ट्रेलर ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
सलमान खान ने भी फिल्म का ट्रेलर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। फिल्म में सलमान और संजय दत्त का स्पेशल एक्शन अपीयरेंस है। हालांकि, दोनों फिल्म की कहानी में किस भूमिका में हैं, यह अभी पूरी तरह सामने नहीं आया है, लेकिन ट्रेलर में उनकी मौजूदगी फैंस के बीच भी उत्सुकता बढ़ाती है।
अन्य स्टारकास्ट की बात करें, तो फिल्म में मिस्र के मशहूर अभिनेता करीम अब्देल अजीज और अहमद एज मुख्य भूमिका में हैं। भारत की तरफ से सलमान खान और संजय दत्त इस बड़े इंटरनेशनल कास्ट का हिस्सा हैं। इनके अलावा हॉलीवुड और यूरोप से मोनिका बेलुची, जियानकार्लो एस्पोसिटो और मार्टिन लॉरेंस जैसे नाम भी फिल्म से जुड़े हैं। वहीं तारा इमाद, नासिर अल-कसाबी और मैक्स हुआंग भी अहम कलाकारों में शामिल हैं।
सलमान खान और नयनतारा की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'एसवीसी63' भी लंबे समय से सुर्खियों में है। फिल्म को लेकर मेकर्स ने अभी कई अहम जानकारियां छिपा रखी हैं, लेकिन धीरे-धीरे इससे जुड़े नए नाम सामने आ रहे हैं।
अब फिल्म की स्टारकास्ट में अभिनेता मुजम्मिल इब्राहिम का नाम भी जुड़ गया है। अभिनेता ने फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है और उनका कहना है कि उनका किरदार एक्शन से भरपूर होने वाला है।
'धोखा', 'हॉर्न ओके प्लीज', 'विल यू मैरी मी' और 'स्पेशल ऑप्स' जैसी फिल्मों और सीरीज में काम कर चुके मुजम्मिल इब्राहिम अब सलमान खान के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन वामशी पेडिपल्ली कर रहे हैं। हालांकि, फिल्म का आधिकारिक टाइटल अभी सामने नहीं आया है और फिलहाल इसे 'एसवीसी63' के नाम से ही जाना जा रहा है।
कुछ कहानियां इतिहास के उन पन्नों से अवगत करवाने के लिए प्रदर्शित की जाती हैं, जो पुराने दस्तावेजों में दबी होती हैं। हालिया रिलीज ऐतिहासिक वॉर ड्रामा वेब सीरीज 'ऑपरेशन सफेद सागर' कुछ ऐसी ही कहानी पेश करती है। गुरुवार को अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख ने जमकर सराहना की।
सीरीज को मनोरंजन जगत से काफी सपोर्ट देखने को मिल रहा है। अभिनेता अजय देवगन, गजराज राव के बाद अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख भी सीरीज की तारीफ करने से खुद को नहीं रोक पाई।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर सीरीज का पोस्टर शेयर किया, जिसमें उन्होंने सभी को सीरीज की जमकर तारीफ करने के साथ-साथ देखने की अपील की। जेनेलिया ने अपनी पोस्ट के जरिए बताया कि उन्होंने काफी समय बाद शानदार प्रोजेक्ट देखा है। अपने पोस्ट में उन्होंने सिद्धार्थ और जिम्मी शेरगिल की सराहना करने के साथ सभी कलाकारों और क्रू को बधाई दी।
अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख ने लिखा, "जब कोई माता-पिता अपने बच्चों के कोई फिल्म देखने के लिए कहता है, तो बस इतना समझिए कि वो फिल्म दिल से बनी है और बहुत खास है। सीरीज ऑपरेशन सफेद सागर ने मुझे बिल्कुल यही एहसास करवाया है। काफी समय के बाद इतनी अच्छी और दिल छू लेने वाली कहानी देखी। सिद्धार्थ, तुम पर मुझे गर्व है, जिम्मी शेरगिल को भी ढेर सारी शुभकामानएं, प्यार और बधाई।"
श्रीदेवी भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका नाम आते ही हिंदी सिनेमा की कई यादगार फिल्में और किरदार आंखों के सामने आ जाते हैं। अपनी खूबसूरती, शानदार अभिनय और चुलबुले अंदाज से श्रीदेवी ने न सिर्फ दर्शकों के दिलों पर राज किया, बल्कि भारतीय सिनेमा में अपनी एक अलग जगह बनाई।
13 अगस्त (गुरुवार) को श्रीदेवी की जयंती के मौके पर अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर श्रीदेवी की जिंदगी पर लिखी जा रही किताब का कवर शेयर किया।
तस्वीर में किताब का नाम 'एम्प्रेस- द डेफिनिटिव बायोग्राफी ऑफ श्रीदेवी' लिखा हुआ नजर आ रहा है। इसके साथ कवर पर महानायक अमिताभ बच्चन का श्रीदेवी को लेकर दिया गया बयान भी छपा है, जिसमें उन्हें बेमिसाल प्रतिभा की मिसाल बताया गया है। किताब के लेखक धीरज यू. कुमार हैं।
किताब का कवर शेयर करने के साथ प्रियंका ने कैप्शन में लिखा, "श्रीदेवी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। आप हमेशा याद की जाएंगी।''
अपने पोस्ट के आखिर में उन्होंने किताब का नाम जोड़ते हुए बताया कि 'एम्प्रेस' जल्द आने वाली है।
प्रियंका के इस पोस्ट को श्रीदेवी के पति और फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर री-शेयर किया।
प्रसिद्ध संगीतकार अनु मलिक लंबे समय से मनोरंजन जगत का हिस्सा बने हुए हैं और कई दिग्गजों के साथ काम किया है। कंपोजर ने हाल ही में 90 के दशक के मशहूर सिंगर कुमार सानू के साथ अपने यादगार रिकॉर्डिंग सेशन के बारे में बताया कि उनके आने से पूरे स्टूडियो का माहौल बदल जाया करता था।
कंपोजर अनु मलिक ने यह किस्सा डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर' सीजन 5 में शेयर किया। दरअसल, शो में कंटेस्टेंट रितेश और प्रतीक ने 'इंडिया वाला डांस' पर परफॉर्मेंस दी, तो अनु मलिक और कुमार सानू ने अपने म्यूजिकल साथ और 1990 के दशक के यादगार रिकॉर्डिंग सेशन को याद किया।
शो के होस्ट हर्ष लिम्बाचिया ने दोनों म्यूजिक के पुराने कलाकारों से पूछा कि उनके रिकॉर्डिंग सेशन के दौरान स्टूडियो के अंदर आम तौर पर क्या होता था, तो अनु मलिक ने याद किया कि कुमार सानू कितना खास माहौल बनाते थे।
अनु मलिक ने कहा, "हमने बहुत काम किया है और 90 के दशक का पूरा माहौल देखा है। जब कुमार सानू स्टूडियो आते थे, तो पूरा माहौल ही बदल जाया करता था। जो गाना रिकॉर्ड होना होता था, वे उसे कभी सुनते ही नहीं थे। जैसे गाना 'संभाला है मैंने बहुत अपने दिल को' के बोल गाने से पहले याद कर लिए, अब मुझे देखकर सोच रहे हैं कि पता नहीं यार, शायद अच्छा ही होगा। अब अनु जी ने बनाया है, तो अच्छा ही होगा।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए