मनोरंजन

सिनेजीवन: सोनाक्षी-जहीर की 'तू है मेरी किरण' का ट्रेलर रिलीज और श्रेया सरन ने की अजय देवगन की तारीफ

'तू है मेरी किरण' ट्रेलर में सोनाक्षी और जहीर के किरदारों के अलग-अलग रंग देखने को मिलते हैं। अभिनेत्री श्रेया सरन ने अजय देवगन के साथ काम करने का अपना अनुभव साझा किया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की 'तू है मेरी किरण' का ट्रेलर रिलीज, एकतरफा प्यार बनेगा खतरनाक जुनून

सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की अपकमिंग फिल्म 'तू है मेरी किरण' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में एकतरफा प्यार और जुनून की कहानी को सस्पेंस और थ्रिल के साथ पेश किया गया है। कहानी में कई ऐसे मोड़ आते हैं, जो दर्शकों को लगातार सोचने पर मजबूर करते हैं कि आखिर पर्दे के पीछे चल क्या रहा है।

'तू है मेरी किरण' ट्रेलर में सोनाक्षी और जहीर के किरदारों के अलग-अलग रंग देखने को मिलते हैं। मेकर्स ने कहानी के बड़े राज को अभी पर्दे के पीछे ही रखा है।

विशाल राणा और इशेलॉन प्रोडक्शंस द्वारा प्रोड्यूस की गई इस फिल्म का निर्देशन करण रावल ने किया है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि सोनाक्षी सिन्हा किरण नाम की लड़की के किरदार में हैं, जिसे जहीर इकबाल का किरदार बेइंतहा प्यार करता है। वह उसे अपना बनाना चाहता है। इसके लिए वह किरण पर दबाव बनाता है।

फिल्म में अपने किरदार को लेकर सोनाक्षी सिन्हा ने कहा, '''तू है मेरी किरण' मेरे लिए बिल्कुल अलग तरह की फिल्म है और इसी वजह से यह मेरे लिए काफी रोमांचक रही। मुझे सबसे ज्यादा फिल्म की वह दुनिया पसंद आई, जहां एक सामान्य-सी भावना धीरे-धीरे कुछ ज्यादा गहरी और खतरनाक बन जाती है। मेरे किरदार का सफर काफी असामान्य है और उसमें कई परतें हैं, जिन्हें निभाना काफी दिलचस्प रहा।''

'उन्हें किसी और टेक की जरूरत नहीं पड़ती', श्रेया सरन ने की 'दृश्यम 3' को-स्टार अजय देवगन की तारीफ  

'दृश्यम' फ्रेंचाइजी में अजय देवगन ने विजय सालगांवकर के किरदार से दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। अब फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' को लेकर दर्शकों की नजरें अजय देवगन और पूरी स्टारकास्ट पर हैं। 

इसी बीच फिल्म में नंदिनी का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री श्रेया सरन ने अजय देवगन के साथ काम करने का अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने अभिनेता के डायलॉग बोलने के अंदाज और काम के प्रति उनके जुनून की जमकर तारीफ की।

आईएएनएस से बातचीत में श्रेया सरन ने कहा, ''अजय अपनी आंखों के जरिए बहुत कुछ कह देते हैं। उनकी आंखों में एक अलग तरह की ताकत है, जो उनके किरदार की भावनाओं को बिना ज्यादा शब्दों के भी सामने ले आती है। उनका डायलॉग डिलीवरी का तरीका भी काफी अलग है। वह शानदार एक्टर हैं।''

 श्रेया ने अजय देवगन की मेहनत और काम के प्रति अनुशासन की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, ''अजय अपने काम को लेकर काफी गंभीर रहते हैं और किसी सीन को बेहतर बनाने के लिए पूरी मेहनत करते हैं। उन्हें किसी और टेक की जरूरत नहीं पड़ती। उनके अंदर काम को लेकर काफी जुनून है।''

रिया कपूर ने पति करण बूलानी को जन्मदिन की बधाई दी, साथ बिताए पलों को याद किया

फिल्म निर्माता और फैशन स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने मंगलवार को पति करण बूलानी को जन्मदिन की बधाई दी। इस मौके पर रिया ने अपने और पति के साथ बिताए सफर को याद किया।

रिया कपूर ने इंस्टाग्राम पर पति की कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसकी कुछ तस्वीरों में दोनों के साथ में बिताए गए शानदार पल हैं, तो कुछ में करण बूलानी अपने डॉगी के साथ नजर आ रहे हैं। रिया कपूर ने लिखा, "मेरे हैंडसम और शानदार पति, आपको जन्मदनि की हार्दिक शुभकामानएं। इतने साल साथ बिताने के बाद भी, जब भी मैं आपको अपने घर, अपनी छोटी-सी दुनिया में देखती हूं, तो मेरा दिल आज भी धड़कता है। मैंने जरूर कोई अच्छा काम किया होगा, जो आप मेरी जिंदगी में आए। मैं और तुम।"

रिया और करण ने 14 अगस्त 2021 में मुंबई के जुहू स्थित अनिल कपूर के आवास पर बेहद सादगी से शादी की थी। रिया और करण एक-दूसरे को लगभग 12 साल से डेट कर रहे थे। दोनों की पहली मुलाकात साल 2010 में फिल्म 'आयशा' के सेट पर हुई थी।

इशिता दत्ता ने शेयर कीं 'दृश्यम 3' की बीटीएस झलकियां, फिल्म के सभी कलाकार आए नजर

अभिनेत्री इशा दत्ता इन दिनों सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म 'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं। मंगलवार को अभिनेत्री ने फिल्म से जुड़ी यादों को ताजा किया।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर बीटीएस तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें फिल्म से जुड़ी झलकियां देखने को मिल रही हैं। इन तस्वीरों में निर्देशक अभिषेक पाठक समेत फिल्म के सभी कलाकार नजर आ रहे हैं। अभिनेत्री ने लिखा, "टीम के साथ एक फोटो।"

 अजय देवगन की सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म 'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' का निर्देशन और लेखन अभिषेक पाठक ने किया है। 'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' में इशिता दत्ता ने मुख्य किरदार विजय सालगांवकर (अजय देवगन) की बड़ी बेटी अंजू सालगांवकर का किरदार निभाया है। फिल्म में इशिता दत्ता के अभिनय और उनके किरदार को दर्शकों की तरफ से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

अविनाश मिश्रा की सक्सेस पार्टी से गायब होने पर विवियन डीसेना ने दी सफाई, कहा-तबीयत खराब थी

अविनाश मिश्रा की 'खतरों के खिलाड़ी 15' की सक्सेस पार्टी में 'बिग बॉस-18' के कई कंटेस्टेंट नजर आए लेकिन इस दौरान अभिनेता विवियन डीसेना नहीं दिखे। उनकी गैरमौजूदगी में फैंस ने सवाल उठाए और पूछा कि क्या वह मुंबई में नहीं हैं। मंगलवार को अभिनेता ने बताया कि वह क्यों पार्टी में शामिल नहीं हो पाए।

अभिनेता विवियन डीसेना ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि वह मुंबई में ही हैं लेकिन तबीयत खराब होने की वजह से अविनाश की सक्सेस पार्टी में शामिल नहीं हो पाए थे।

 उन्होंने लिखा, "मैं कल से आप सभी के मैसेज देख रहा हूं, जिनमें आपने मुझसे पूछा कि मैं अविनाश की पार्टी में क्यों नहीं गया था और क्या मैं मुंबई में नहीं हूं। दरअसल, मैं मुंबई में ही था लेकिन स्वास्थ ठीक न होने की वजह से बाहर जाने या लोगों से मिलने-जुलने की हालत नहीं थी।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए