मनोरंजन

सिनेजीवन: सोनम कपूर के जन्मदिन पर सास ने लुटाया प्यार और 'कॉकटेल 2' की दुनिया से अभी बाहर नहीं आ पाईं कृति सेनन

सोनम कपूर मंगलवार को अपना 41वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रही है। इस खास मौके पर उनकी सास प्रिया आहूजा ने एक बेहद प्यारा पोस्ट साझा किया। बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'कॉकटेल 2' को लेकर चर्चा में हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

सोनम कपूर के जन्मदिन पर सास ने लुटाया प्यार, 'सुपरमॉम' बताकर दिया खास सम्मान

बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर मंगलवार को अपना 41वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रही है। इस खास मौके पर उनकी सास प्रिया आहूजा ने एक बेहद प्यारा पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने सोनम को बहू नहीं, बल्कि 'सुपरमॉम' बताकर खास सम्मान दिया।

प्रिया आहूजा ने इंस्टाग्राम पर परिवार की कुछ अनदेखी प्यारी तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में सोनम कपूर अपने दोनों बेटों वायु और रुद्र के साथ नजर आ रही हैं। कहीं वह अपने बड़े बेटे वायु के साथ समय बिताती नजर आती हैं, तो कहीं वह अपने छोटे बेटे रुद्र को गोद में लिए दिखाई देती हैं।

पोस्ट में एक तस्वीर अस्पताल की भी है, जिसमें सोनम अपने नवजात बेटे को सीने से लगाए हुए नजर आ रही हैं।

तस्वीरें साझा करते हुए प्रिया आहूजा ने सोनम के लिए प्यार भरा कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा, ''हमारी प्यारी सोनम को जन्मदिन की बधाई, वह हमारे परिवार की ऐसी सदस्य है, जो अपने प्यार और अपनेपन से पूरे घर को खुशियों से भर देती है। वह 'सुपरमॉम' है और हमारे प्यारे वायु और रुद्र की बहुत अच्छी तरह परवरिश कर रही हैं। इस बार का जन्मदिन और भी खास है, क्योंकि सोनम इसे अपने दोनों नन्हे बेटों के साथ मना रही हैं।''

Published: undefined

'कॉकटेल 2' की दुनिया से अभी बाहर नहीं आ पाईं कृति सेनन, शूटिंग के अनदेखे पलों को किया शेयर

बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'कॉकटेल 2' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और इसके कलाकार लगातार दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ा रहे हैं। इसी बीच कृति सेनन ने अपने सोशल मीडिया पर एक बीटीएस वीडियो साझा किया, जिसमें फिल्म की शूटिंग के दौरान के कई मजेदार पल देखने को मिले।

कृति सेनन ने यह वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। वीडियो में फिल्म के सेट पर बिताए गए कई खूबसूरत पल दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में सबसे ज्यादा ध्यान फिल्म के एक बड़े गाने की शूटिंग पर जाता है। इसमें कृति सेनन और अभिनेता शाहिद कपूर एक साथ नजर आ रहे हैं। दोनों कभी नाचते दिखाई देते हैं तो कभी हंसते और मस्ती करते हुए नजर आते हैं। वीडियो में वह हर पल का भरपूर आनंद लेते दिख रहे हैं।

 वीडियो में कृति अलग-अलग लुक्स में दिखाई दे रही हैं। वहीं शाहिद कपूर भी पूरे जोश के साथ नजर आ रहे है। दोनों कलाकारों के बीच अच्छी बॉन्डिंग दिख रही है। वीडियो में डांस की तैयारी के पल भी दिखाए गए हैं। कलाकार गाने की रिहर्सल करते दिखाई देते हैं। समुद्र किनारे फिल्माए गए कई सीन्स बेहद खूबसूरत हैं। बड़ी संख्या में लोग म्यूजिक पर नाचते और खुशी मनाते नजर आते हैं।

Published: undefined

पत्नी देबिना और बेटियों के साथ वीडियो शेयर कर गुरमीत चौधरी बोले, यही मेरा घर है

मनोरंजन जगत में अक्सर सितारे अपने निजी जीवन के अनुभव को फैंस संग साझा करते रहते हैं। इस कड़ी में अभिनेता गुरमीत चौधरी ने पत्नी देबिना बनर्जी और बेटियों के साथ एक वीडियो पोस्ट कर घर का असली मतलब बताया।

गुरमीत ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उनकी पत्नी देबीना बनर्जी अपनी दोनों बेटियों लियाना और दिविशा के साथ समय बिताती नजर आ रही हैं। वीडियो में परिवार के खुशियों भरे पल देखने को मिल रहे हैं। यह क्लिप किसी वेकेशन की है, जिसमें देबिना अपनी एक बेटी को गोद में उठाए झील के किनारे खड़ी नजर आ रही हैं। इसके बाद वह अपनी दोनों बेटियों के साथ मस्ती करती हुई दिखाई देती हैं। आसपास हंसों का झुंड है और प्राकृतिक नजारा इस पूरे पल को और भी खूबसूरत बना रहा है।

इस बीच क्लिप में एक सवाल लिखा आता है- 'क्या आप मेरा घर देखना चाहते हैं?' यह सवाल ही इस पूरे वीडियो को आगे बढ़ाता है।

Published: undefined

वेदांग रैना की नई फिल्म में आया बड़ा मोड़, नाओमिका सरन के साथ प्रगति श्रीवास्तव भी निभाएंगी अहम रोल

बॉलीवुड में इन दिनों नई जोड़ियों और नई कहानियों को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी बीच अभिनेता वेदांग रैना की आने वाली फिल्म को लेकर एक नई जानकारी सामने आई है। 

अब तक चर्चा थी कि इस फिल्म में वेदांग के साथ नाओमिका सरन नजर आएंगी, लेकिन अब खबर है कि फिल्म में एक और अभिनेत्री प्रगति श्रीवास्तव की भी एंट्री हो गई है। बताया जा रहा है कि यह फिल्म रोमांस, कॉमेडी और रहस्य से भरपूर होगी और इसकी कहानी में दोनों अभिनेत्रियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

जानकारी के मुताबिक, फिल्म का नाम अभी तय नहीं किया गया है। फिल्म का निर्माण मैडॉक फिल्म्स कर रहा है। वहीं निर्देशन की जिम्मेदारी जगदीप सिद्धू पर हैं। फिल्म की कहानी को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि इसमें एक दिलचस्प प्रेम कहानी देखने को मिलेगी, जिसमें कई रोमांचक मोड़ होंगे।

Published: undefined

'माइकी' की मौत पर फूट-फूटकर रोईं अभिनेत्री मंजरी फडनिस, लगाई न्याय की गुहार

फिल्म अभिनेत्री मंजरी फडनिस एक कम्युनिटी डॉग 'माइकी' की हत्या से गहरे सदमे और दुख में हैं। सात वर्षों से सोसायटी के लोगों के प्यार और देखभाल में रहने वाले माइकी की मौत ने मंजरी को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा कर कम्युनिटी डॉग के लिए न्याय की मांग की।

मंजरी ने बताया, ''माइकी 2019-20 से सोसायटी में रह रहा था। उसको उसके परिवार ने छोड़ दिया था। धीरे-धीरे वह वहां रहने वाले लोगों का चहेता बन गया। लोग उसे खाना खिलाते थे, उसकी देखभाल करते थे और परिवार के सदस्य की तरह प्यार करते थे।''

कुछ दिन पहले अचानक माइकी गायब हो गया। जब वह लंबे समय तक दिखाई नहीं दिया तो सोसायटी के लोग चिंतित हो गए। सभी ने मिलकर उसे ढूंढने की कोशिश शुरू की। उसके पोस्टर लगाए गए, सुरक्षा गार्डों और कर्मचारियों से पूछताछ की गई और आसपास के इलाकों में भी तलाश की गई, लेकिन कई दिनों तक माइकी का कोई सुराग नहीं मिला।'

मंजरी ने अपने वीडियो में कहा, ''माइकी बहुत ही शांत और प्यारा कुत्ता था। वह किसी को परेशान नहीं करता था। एक व्यक्ति ने बताया कि माइकी के साथ बेहद क्रूर व्यवहार किया गया। वह सोसायटी के एक बेसमेंट के पास आराम से सो रहा था, तभी उस पर हमला किया गया था।''

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined