मनोरंजन

सिनेजीवन: दिल्ली हादसे पर सोनू सूद ने सरकार को दी नसीहत और रिलीज हुआ आशा भोसले का आखिरी गाना

सोनू सूद ने मंगलवार को दिल्ली में हुए हादसे को लेकर अपनी राय रखी। सोनी राजदान ने सोशल मीडिया पर आशा भोसले को श्रद्धांजलि देते हुए फिल्म 'ओम का हरि' का गाना 'ऐ मेरी जिंदगी' रिलीज किया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

दिल्ली हादसे पर सोनू सूद ने सरकार को दी नसीहत, बोले- 31 में से सिर्फ 1 छात्र को मिलता है हॉस्टल

अभिनेता सोनू सूद सामाजिक कार्य करने के साथ-साथ देश के बड़े मुद्दों पर अपनी राय रखने से पीछे नहीं हटते हैं। मंगलवार को उन्होंने दिल्ली में हुए हादसे को लेकर अपनी राय रखी। साथ ही, सरकार को थोड़ा बदलाव लाने की सलाह दी।

अभिनेता ने इंस्टाग्राम सेक्शन पर एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने बच्चों के सपने पूरे करने और उनकी जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए सरकार को नीति में बदलाव लाने की बात की। उनका मानना है कि थोड़ा बदलाव न सिर्फ बच्चों की जान बचा सकता है, बल्कि उनके सपने पूरे करने में मदद भी कर सकता है।

उन्होंने अपनी बात को शुरू करने के लिए बच्चों की व्यथा पर जोर दिया। अभिनेता सोनू सूद ने लिखा, "हर साल लाखों छात्र अपने घर से दूर दूसरे शहर में सपने पूरे करने के लिए जाते है लेकिन क्या हम उन्हें रहने के लिए एक सुरक्षित जगह दे पा रहे हैं?दिल्ली में करीब 7 लाख छात्र पढ़ते हैं लेकिन हॉस्टल में सिर्फ 30,000 सीटें हैं। मतलब 31 में से सिर्फ 1 छात्र को ही हॉस्टल मिल पाता है।"

दादा बी.पी. कोइराला की जयंती पर भावुक हुईं मनीषा कोइराला, कहा-उनके विचार आज भी प्रासंगिक

अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने अपने दादाजी की बी.पी. कोइराला की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अभिनेत्री ने उनके लोकतंत्र के प्रति समर्पण को याद किया।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर दादाजी की ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वे भाषण देते नजर आ रहे हैं। अभिनेत्री ने लिखा, "बी.पी. कोइराला की जयंती पर हम उस दूरदर्शी राजनेता को याद करते हैं, जिन्होंने अपना जीवन लोकतंत्र, मानवीय गरिमा, राष्ट्रीय एकता और प्रगति के लिए समर्पित कर दिया।

 बी.पी. कोइराला नेपाल के पहले निर्वाचित प्रधानमंत्री थे। वे 1959 से 1960 तक नेपाल के प्रधानमंत्री रहे। वह नेपाली कांग्रेस पार्टी के एक प्रमुख नेता थे।

 मनीषा कोइराला ने आगे लिखा, "राष्ट्रीय मेलमिलाप के लिए उनका आह्वान एक गहरा सत्य याद दिलाता है कि मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्र के लिए एकजुट होना ही नेपाल की ताकत है। उनके विचार, साहस और दृष्टिकोण आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। आइए, लोकतंत्र, संवाद, गरिमा और मेलमिलाप के साथ उस नेपाल का निर्माण करें जिसका सपना उन्होंने देखा था।"

नाना पाटेकर ने दिया था आत्मविश्वास, उनके हौसले से निखरी मेरी एक्टिंग: मुजम्मिल इब्राहिम

वेब सीरीज 'स्पेशल ऑप्स' में अपने 'अविनाश' के किरदार से पहचान बनाने वाले अभिनेता मुजम्मिल इब्राहिम दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के मुरीद हैं। उन्होंने आईएएनएस के साथ हालिया बातचीत में बताया कि नाना पाटेकर के हौसले ने उन्हें आत्मविश्वास दिया और एक एक्टर के तौर पर काबिलियत दिखाने में मदद की थी।

मुजम्मिल इब्राहिम ने बताया, "वो एक बेहतरीन कलाकार हैं और उससे भी बेहतर इंसान हैं। उनसे आप एक्टिंग के बारे में बहुत कुछ सीख सकते हैं। मैंने उनके साथ फिल्म फिल्म 'हॉर्न 'ओके' प्लीज' में काम किया था और बहुत मजा आया था। अब भी जब मैं उन्हें कॉल करता हूं, तो वो मुझे अपने बेटे जैसा ही ट्रीट करते हैं। कोई फर्क नहीं है।"आईएएनएस ने अभिनेता से सवाल पूछा, "नाना पाटेकर ने आपको एक्टिंग के बारे में क्या टिप्स दिए।" मुजम्मिल इब्राहिम ने कहा, "उन्होंने कोई टिप्स नहीं दिए, लेकिन जब वे मुझसे मिले तो उन्होंने मुझे कॉन्फिडेंस दिया।"

अभिनेता ने याद किया कि साल 2007 में आई एक हिंदी एक्शन थ्रिलर फिल्म 'धोखा' के रिलीज होने के बाद नाना पाटेकर ने उनके काम की सराहना की थी। अभिनेता मुजम्मिल इब्राहिम ने आईएएनएस को बताया, "मुजम्मिल, 'धोखा' के बाद तुम्हारी बहुत तारीफ हो रही है। भले ही फिल्म सुपरहिट नहीं हुई, लेकिन तुम्हारी तारीफ हो रही है। मैं तुम्हारे साथ काम करने के लिए एक्साइटेड हूं।"

नीली साड़ी, हेडफोन और वही जादुई आवाज…आशा भोसले की जयंती पर रिलीज हुआ गाना 'ऐ मेरी जिंदगी'

आशा भोसले की आवाज भले ही अब खामोश हो गई हो, लेकिन उनके गाए गाने आज भी लोगों के बीच बने हुए हैं। उनकी जयंती के मौके पर अभिनेत्री सोनी राजदान ने इसी आवाज को एक खास अंदाज में याद किया है। सोनी राजदान ने सोशल मीडिया पर आशा भोसले को श्रद्धांजलि देते हुए फिल्म 'ओम का हरि' का गाना 'ऐ मेरी जिंदगी' रिलीज किया। गाने को आशा भोसले ने गाया है और वीडियो में दिग्गज गायिका को रिकॉर्डिंग के दौरान अपने अंदाज में देखा जा सकता है।

सोनी राजदान ने गाने की झलक इंस्टाग्राम पर शेयर की और लिखा, ''आज उनकी जयंती पर हम आशा भोसले को और एक ऐसी आवाज को श्रद्धांजलि देते हैं, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा। पेश है 'ऐ मेरी जिंदगी' गाना, जिसमें उनकी यादगार आवाज है। 'ओम का हरि' 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।''

इंस्टाग्राम पर शेयर की झलक में आशा भोसले नीली साड़ी में नजर आ रही हैं। वह हेडफोन लगाती हैं और फिर अपनी वही जानी-पहचानी आवाज में गाने को आवाज देती दिखाई देती हैं। वीडियो में आशा भोसले को स्टूडियो में अपने पुराने अंदाज में देखा जा सकता है।

 'ऐ मेरी जिंदगी' फिल्म 'ओम का हरि' का गाना है, जिसमें रघुबीर यादव, अंशुमान झा, सोनी राजदान, आयशा कपूर और समता सुदीक्षा अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी एक रिटायर्ड ज्योतिषी की है, जिसकी जिंदगी अचानक एक अलग मोड़ लेती है। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने के बाद उसे लगता है कि उसके पास जीने के सिर्फ छह दिन बचे हैं।

निखिल चिनापा को याद आया 'रोडीज' का ओरिजिनल वर्जन, बोले- वह एक बिल्कुल अलग दौर था

टेलीविजन होस्ट निखिल चिनापा 'एमटीवी रोडीज' के 21वें सीजन में एक बार फिर 'गैंग लीडर' के रूप में वापसी कर रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने शो के शुरुआती दौर (ओजी वर्जन) को याद करते हुए कहा कि वे उस पुराने सफर को काफी मिस करते हैं। निखिल ने शुरुआती सीजन्स को 'एक बिल्कुल अलग दौर' बताया और उस समय के रोमांच, मस्ती और अनिश्चितता को याद किया।

 निखिल ने आईएएनएस से ​​कहा, "गैंग लीडर के तौर पर वापसी करना बहुत अनोखा लग रहा है और मैं इस सफर के लिए बहुत उत्साहित हूं। मुझे रोडीज का ओजी वर्जन बहुत याद आता है, उसमें बहुत मजा आता था! वह बिल्कुल अलग दौर था।"

उन्होंने आगे कहा, "यह गेम आपको कई अलग-अलग तरीकों से चुनौती देता है। और यह शो दूसरे रियलिटी शो से बहुत अलग है।"

 गैंग लीडर के तौर पर वापसी के बारे में बात करते हुए निखिल ने कहा, "एमटीवी रोडीज में वापसी करना घर लौटने जैसा लगता है। मैंने इस शो को लगभग हर नजरिए से अनुभव किया है। मैं कंटेस्टेंट को चुनने, उन्हें जज करने और आखिरकार गैंग लीडर और विनर बनने तक, हर भूमिका में रहा हूं।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बिहार: लालू यादव ने मोदी सरकार को घेरा, कहा- मुफ्त अनाज के बजाय बाढ़ की रोकथाम पर ध्यान दे बीजेपी सरकार

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: 10 सितंबर को SC में होगी सत्य निकेतन हादसे पर सुनवाई, कोर्ट ने कहा- जरूरत पड़ी तो मामला अपने पास ट्रांसफर कराऐंगे

  • ,
  • भूपेन हजारिकाः असम की मिट्टी से निकली वह आवाज, जिसमें सिर्फ सुर नहीं, समाज की आवाज भी सुनाई देती थी

  • ,
  • 'आपको न्याय मिलेगा...' दिल्ली में मणिपुरी संगीतकार की बेरहमी से हत्या पर भड़के कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई

  • ,
  • जयपुर के आमेर में टूरिस्ट गाइड की मौत से बवाल, चाकू से हुआ था हमला, बाजार बंद, 6 मांगों पर अड़े प्रदर्शनकारी