मनोरंजन

सिनेजीवन: 'रामायण' विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का तत्काल सुनवाई से इनकार और आईएएस बनने का सपना देखती थीं यामी गौतम

फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सुप्रीम कोर्ट में है। यामी गौतम आज भले ही बॉलीवुड की बेहतरीन अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक्ट्रेस बनने से पहले वो आईएएस बनने का सपना देखती थीं?

फोटो: वीडियो ग्रैब
फोटो: वीडियो ग्रैब 

'रामायण' विवाद: सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से किया इनकार, सीजेआई बोले-'पहले ही रिलीज हो चुकी है फिल्म'

रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सुप्रीम कोर्ट में है। फिल्म में महर्षि वाल्मीकि की रामायण के मूल तथ्यों से छेड़छाड़ और भ्रामक प्रचार के जरिए दर्शकों के साथ धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाते हुए दायर जनहित याचिका पर तत्काल सुनवाई की मांग की गई थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में तुरंत सुनवाई करने से इनकार कर दिया।

सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) ने फिल्म के पहले ही रिलीज हो जाने का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग इसे देखना चाहते थे, वे देख चुके हैं। वहीं, याचिकाकर्ता के वकील ने फिल्म में कई तथ्यों को गलत तरीके से दिखाए जाने की दलील दी। इस पर जस्टिस बागची ने कहा कि फिल्म बनाने वालों ने महाकाव्य को अपनी समझ के अनुसार पेश किया है। अगर याचिकाकर्ता की रामायण को लेकर अलग समझ है, तो वह भी उस पर फिल्म बना सकते हैं। अदालत ने वकील से कहा कि कोर्ट का समय बर्बाद नहीं किया जाना चाहिए।

दरअसल, मामला छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर की ओर से दायर जनहित याचिका से जुड़ा है। उन्होंने 19 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। याचिका में फिल्म के निर्माताओं और इससे जुड़े कई लोगों के साथ-साथ केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) को भी प्रतिवादी बनाया गया है। इसमें प्राइम फोकस स्टूडियोज, मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स, निर्माता नमित मल्होत्रा और यश, निर्देशक नितेश तिवारी तथा लेखक श्रीधर राघवन और श्रेयस जैन के नाम शामिल हैं।

नेटफ्लिक्स की डॉक्यूमेंट्री पर सुकेश चंद्रशेखर का ऐतराज, वकील ने भेजा कानूनी नोटिस

सुकेश चंद्रशेखर ने नेटफ्लिक्स पर आने वाली अपनी जिंदगी से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री को लेकर आपत्ति जताई है। सुकेश के वकील अनंत मलिक ने नेटफ्लिक्स और इंडिया टुडे ग्रुप को कानूनी नोटिस भेजकर डॉक्यूमेंट्री की रिलीज रोकने की मांग की है। 'लव, स्कैम और धोखा: द सुकेश चंद्रशेखर स्टोरी' नाम की यह डॉक्यूमेंट्री 18 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है।

 सुकेश के वकील का आरोप है कि उनके खिलाफ चल रहे मामलों में अभी गवाहों के बयान दर्ज हो रहे हैं। ऐसे में मुकदमों का फैसला आने से पहले उनकी जिंदगी और मामलों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री रिलीज करना निष्पक्ष सुनवाई को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने साफ किया है कि अगर उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे दिल्ली हाईकोर्ट का रुख करेंगे।

जानकारी के मुताबिक, वकील अनंत मलिक ने नेटफ्लिक्स एंटरटेनमेंट सर्विसेज इंडिया, नेटफ्लिक्स इंक., इंडिया टुडे ग्रुप, डॉक्यूमेंट्री के दोनों निर्देशकों और कार्यकारी निर्माता को कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में फिल्म की रिलीज और ट्रेलर को तब तक रोकने की मांग की गई है, जब तक संबंधित आपराधिक मामलों में अभियोजन पक्ष के गवाहों की गवाही पूरी नहीं हो जाती। नोटिस का जवाब देने के लिए नेटफ्लिक्स और इंडिया टुडे को 72 घंटे का समय दिया गया है।

शिरडी साईं बाबा के दर्शन करने पहुंचे राजकुमार राव, बोले- यहां आकर मिलती है शांति, हर साल आने की रहती है कोशिश

बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव अपनी फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाने के लिए पहचाने जाते हैं। वह मुश्किल और चुनौती भरे किरदारों को पर्दे पर उतारने से पीछे नहीं हटते। हाल ही में वह महाराष्ट्र के शिरडी स्थित साईं बाबा मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा के दर्शन किए। इस दौरान अभिनेता ने अपनी आस्था के बारे में बात की।

उन्होंने बताया कि साईं बाबा के प्रति उनका जुड़ाव बचपन से है और जब भी मौका मिलता है, वह शिरडी आने की कोशिश करते हैं। उन्होंने बताया कि मुंबई आने के बाद साल 2008 में वह सबसे पहले शिरडी ही पहुंचे थे।

साईं बाबा के दर्शन के बाद राजकुमार राव ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, ''हर बार मैं जब भी यहां आता हूं, बहुत अच्छा महसूस होता है। मन को बहुत शांति मिलती है। मौका मिलते ही मैं यहां आता रहता हूं। बचपन के दिनों से ही मेरी साईं बाबा में गहरी आस्था रही है। मैं अपनी मां के साथ साईं बाबा के मंदिर जाया करता था। उस समय मेरे मन में शिरडी आने की इच्छा थी, लेकिन मुझे यह पता नहीं था कि वहां कैसे पहुंचेंगे। साल 2008 में जब मैं पहली बार मुंबई आया तो सबसे पहले शिरडी में बाबा के दर्शन करने पहुंचा। इसके बाद से मैं लगभग हर साल यहां आने की कोशिश करता हूं।''

श्रद्धा कपूर की 'ईठा' के गाने पर झूमीं अक्षरा सिंह, फैंस से बोलीं- 'अब आपकी बारी'

भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह इन दिनों अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की आने वाली फिल्म 'ईठा' के एक गाने के जरिए लोगों का ध्यान खींचा। फिल्म के गाने 'मिर्च मसाला' पर अक्षरा ने एक खास वीडियो बनाया, जिसमें उनका डांस और चेहरे के हाव-भाव गाने के बोल और धुन के साथ मेल खाते नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट में उन्होंने लोगों से अपने लिए भी वीडियो बनाने की अपील की।

अक्षरा सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह वीडियो शेयर किया। इसमें वह 'मिर्च मसाला' गाने पर डांस करती दिखाई दे रही हैं। गाने की धुन के साथ उनके डांस के अंदाज और चेहरे के हाव-भाव भी देखने लायक हैं।

वीडियो के साथ अक्षरा ने कैप्शन में लिखा, ''हमारे गाने पर मेरी पहली रील… अब आपकी बारी। आप सभी अपनी फेवरेट श्रद्धा को तो खूब सारा प्यार दें ही, साथ ही एक रील मेरे लिए भी बना देना ना। मुझे टैग जरूर करना, मुझे आपके वर्जन को देखने का बेसब्री से इंतजार रहेगा। मिलते हैं... 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में, 'ईठा' के साथ।''

फिल्म 'ईठा' की बात करें तो यह एक म्यूजिकल ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। फिल्म की कहानी महाराष्ट्र की मशहूर लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित है। विठाबाई ने अपने नृत्य और कला के दम पर महाराष्ट्र की लोककला को एक अलग पहचान दिलाई थी। फिल्म में श्रद्धा कपूर उनकी भूमिका निभा रही हैं। कहानी में एक ऐसी महिला कलाकार का सफर दिखाया गया है, जो तमाम मुश्किलों, निजी जिंदगी के उतार-चढ़ाव और संघर्षों के बावजूद अपनी कला के दम पर पहचान बनाती है। फिल्म में प्यार, धोखा, दर्द, हिम्मत और अपने सपनों को पूरा करने की जिद जैसे पहलुओं को भी दिखाया गया है।

आईएएस बनने का सपना देखती थीं यामी गौतम, किस्मत ने बना दिया बॉलीवुड स्टार

मनोरंजन जगत में ऐसे कई सारे सितारें हैं, जिन्होंने करियर कुछ और ही चुना था लेकिन मंजिल कहीं और ही ले गई। ऐसी ही कहानी है अभिनेत्री यामी गौतम की। यामी गौतम आज भले ही बॉलीवुड की बेहतरीन अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक्ट्रेस बनने से पहले वो आईएएस बनने का सपना देखती थीं? इसके लिए वे सिविल सर्विस की तैयार भी कर रही थीं।

आइए जानते हैं यामी गौतम के आईएएस के सपने से लेकर बॉलीवुड स्टार बनने तक की पूरी कहानी।

28 नवंबर को 1988 को बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश) में जन्मी यामी गौतम की पालन-पोषण चंडीगढ़ में हुआ था। यामी के पिता मुकेश गौतम पंजाबी फिल्म निर्देशक हैं और मां अंजलि गौतम गृहिणी हैं। यामी का बचपन काफी सादा और अनुशासित रहा, जो फिल्म इंडस्ट्री की चकाचौंध से दूर था। बताया जाता है कि उनके दादाजी ने चंडीगढ़ में बच्चों के लिए स्कूल शुरू किया था, जिससे परिवार का जुड़ाव वहीं रहा। स्कूल के दिनों में यामी काफी शर्मीली और अंतर्मुखी स्वभाव की थीं। उन्हें स्टेज पर जाने या परफॉर्म करने से डर लगता था, इसलिए वह स्कूल के सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दूर रहती थीं, लेकिन पढ़ाई में अच्छी होने के कारण उनका शुरुआती सपना एक आईएएस अधिकारी बनने का था।

चंडीगढ़ में स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद यामी ने लॉ ऑनर्स में दाखिला लिया क्योंकि बचपन और युवावस्था में उनका लक्ष्य लक्ष्य भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाना था लेकिन उनकी किस्तमत को कुछ और ही मंजूर था। दरअसल, यामी के घर उनके पिता के एक दोस्त अपनी पत्नी के साथ आए थे, जो टीवी सीरियल से जुड़ी थीं। उन्होंने यामी को देखकर अभिनय के लिए प्रोत्साहित किया और उनकी तस्वीरें मुंबई के प्रोडक्शन हाउस में भेजीं।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए