मनोरंजन

सिनेजीवन: जब दारा सिंह ने जवाहरलाल नेहरू को लिखी चिट्ठी और नवाजुद्दीन पर दीया मिर्जा का फूटा गुस्सा

दारा सिंह एक बार वह पहलवानों की सुविधाओं और उनके खान-पान का मुद्दा लेकर तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से मिलने पहुंच गए थे। अभिनेत्री दीया मिर्जा ने बुधवार को अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ काम करने के अनुभव को 'एक बुरे सपने जैसा' बताया है।

फोटो: ians
फोटो: ians 

जब दारा सिंह ने जवाहरलाल नेहरू को लिखी चिट्ठी, पहलवानों की बदहाली देख उठाई थी आवाज

दारा सिंह ने अपनी ताकत से कुश्ती के अखाड़े में बड़े-बड़े पहलवानों को चुनौती दी, तो वहीं अभिनय से करोड़ों लोगों का दिल जीता। रामानंद सागर के टीवी सीरियल 'रामायण' में हनुमान का किरदार निभाकर वह घर-घर में लोकप्रिय हो गए थे। लेकिन उनकी जिंदगी का एक ऐसा पहलू भी था, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। वह सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि देश के दूसरे पहलवानों के लिए भी आवाज उठाते थे। एक बार वह पहलवानों की सुविधाओं और उनके खान-पान का मुद्दा लेकर तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से मिलने पहुंच गए थे।

दारा सिंह ने खुद एक इंटरव्यू में प्रधानमंत्री से मुलाकात का यह किस्सा सुनाया था। दरअसल, विदेशों में कुश्ती के मुकाबलों में हिस्सा लेने के दौरान उन्होंने देखा था कि वहां पहलवानों की देखभाल के लिए अलग-अलग टीमें और एसोसिएशन मौजूद हैं। ये सभी पहलवानों के खान-पान, ट्रेनिंग और दूसरी जरूरतों का ध्यान रखते थे। इसके उलट भारत में पहलवानों को अपनी जरूरतों का इंतजाम खुद करना पड़ता था। दारा सिंह को यह बात अच्छी नहीं लगी। उनका मानना था कि देश के पहलवानों को भी ऐसी सुविधाएं मिलनी चाहिए, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

इसी सोच के साथ उन्होंने जवाहरलाल नेहरू को एक पत्र लिखा और उनसे मिलने की इच्छा जताई। उन्होंने प्रधानमंत्री से मिलने के पीछे तीन वजहें भी बताई थीं। पहली, वह नेहरू से हाथ मिलाना चाहते थे। दूसरी, वह उनके साथ एक तस्वीर खिंचवाना चाहते थे और तीसरी, वह देश के पहलवानों की समस्याओं पर बात करना चाहते थे। दारा सिंह की यह बात सुनकर नेहरू ने उन्हें मिलने के लिए बुलाया। मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने उनसे दूसरे देशों में कुश्ती और वहां के पहलवानों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में पूछा।

दारा सिंह ने उन्हें बताया कि विदेशों में पहलवानों के लिए एसोसिएशन होती हैं, उनकी टीमें होती हैं, जो उनकी जरूरतों और डाइट का ध्यान रखती हैं, जबकि भारत में पहलवानों को सब कुछ खुद ही संभालना पड़ता है। इस पर नेहरू ने उन्हें पहलवानों की जरूरतों के लिए एक एसोसिएशन बनाने का सुझाव दिया। दारा सिंह ने इस मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री को देश में होने वाली कॉमनवेल्थ कुश्ती चैंपियनशिप में शामिल होने का न्योता भी दिया था। हालांकि, नेहरू उस प्रतियोगिता में शामिल नहीं हो सके।

प्रिंस विलियम से सैफ अली खान ने की मुलाकात, टाइगर पटौदी और क्रिकेट पर हुई खास चर्चा 

प्रिंस ऑफ वेल्स (प्रिंस विलियम) के मुंबई स्थित धर्मा प्रोडक्शंस स्टूडियो के दौरे के बाद अभिनेता सैफ अली खान ने मीडिया के साथ बातचीत की। उन्होंने इसे भारत और ब्रिटेन (यूके) के बीच सांस्कृतिक सहयोग और फिल्म उद्योगों के साथ मिलकर काम करने से जुड़ा एक नया अवसर बताया।

अभिनेता ने प्रिंस ऑफ वेल्स के साथ हुई बातचीत के बारे में बताते हुए कहा, "यह बैठक यूके और भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के साथ काम करने और सांस्कृतिक सहयोग पर केंद्रित थी। लंबे समय से यूके बॉलीवुड की शूटिंग के लिए एक पसंदीदा जगह रहा है। पहले तो हम लोग बहुत सी फिल्में यूके में शूट करते थे और अब हम आगे भी देखेंगे कि कैसे साथ में काम करेंगे। शायद यशराज ने हाल ही में कोई प्रोजेक्ट साइन किया है।"

उन्होंने बताया कि इस दौरान उनके पिता टाइगर पटौदी के इंग्लैंड और भारत में क्रिकेट खेलने को लेकर भी चर्चा हुई। जब मीडिया ने उनसे पूछा कि क्या बातचीत में उनके पटौदी शाही परिवार का जिक्र हुआ, तो सैफ ने मजाकिया अंदाज में कहा कि इस बारे में बात जरूर हुई थी लेकिन मैंने तुरंत कहा कि भारत में अब कोई शाही व्यवस्था (रॉयल सिस्टम) नहीं है।

मुंबई में धर्मा प्रोडक्शन के ऑफिस पहुंचे प्रिंस विलियम; सैफ, करीना और करण जौहर से की मुलाकात

ब्रिटेन के प्रिंस ऑफ वेल्स प्रिंस विलियम ने अपने भारत दौरे के दौरान मुंबई स्थित धर्मा प्रोडक्शंस के कार्यालय का दौरा किया, जहां निर्माता-निर्देशक करण जौहर, अभिनेता सैफ अली खान और अभिनेत्री करीना कपूर खान ने उनका स्वागत किया।

निर्देशक करण जौहर ने प्रिंस ऑफ वेल्स के दौरे के बाद मीडिया के साथ बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, "उनका आना बहुत हमें बहुत अच्छा लगा और इस दौरान हमने फिल्मों और उनके बनने के तरीके को लेकर काफी बातचीत की। भारत की फिल्में विदेशों में भी बहुत चलती हैं और पसंद की जाती हैं। यूनाइटेड किंगडम में हमारा बहुत बड़ा मार्केट है। हमारी फिल्में हर जगह टॉप 10 में आ रही हैं। हाल ही में हमने देखा है कि हमारी फिल्में वहां बहुत अच्छी कमाई कर रही हैं। यूके के साथ हमारा एक अलग ही नाता रहा है। हम 'कभी खुशी कभी गम' की बात कर रहे थे, जो दिसंबर में 25 साल पूरे करने जा रही है। यूके में हमने इतनी फिल्में की हैं, तो हमने उस पर भी चर्चा की।"

करण ने बताया कि उन्होंने प्रिंस ऑफ वेल्स को अपनी फिल्म कभी खुशी कभी गम के कुछ क्लिप्स भी दिखाए थे। उन्होने कहा, " हमने उन्हें अपनी फिल्म के कई क्लिप भी दिखाए। इस दौरान करीना और सैफ, मेरी सीईओ अपूर्वा मेहता भी वहां मौजूद थीं। हमने क्रिकेट समेत कई टॉपिक पर भी बात की। गर्व के साथ हम कह सकते हैं कि वो इतने बड़े सम्मान, नाम और अच्छे दिल वाले इंसान हैं। बहुत अच्छा लगा कि उन्होंने हमारा ऑफिस चुना।"

'हमारा चेहरा आपका कंटेंट नहीं'; डीपफेक के खिलाफ पेरिस हिल्टन ने अमेरिकी कांग्रेस से की सख्त कानून की मांग

रियलिटी टीवी स्टार पेरिस हिल्टन ने एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से बनाई जा रही अश्लील डीपफेक तस्वीरों और वीडियो के खिलाफ आवाज उठाई है। उन्होंने अमेरिकी कांग्रेस के रिपब्लिकन नेताओं से 'डिफायंस एक्ट' को जल्द से जल्द सदन में पास कराने की अपील की है। इस दौरान उन्होंने खुद के साथ हुई ऑनलाइन शोषण की घटना का भी जिक्र किया।

 मीडिया से बात करते हुए पेरिस ने बताया कि अनजान लोगों ने एआई की मदद से उनकी 1 लाख से ज्यादा अश्लील तस्वीरें और वीडियो बनाए हैं। इनमें उन्हें बेहद आपत्तिजनक अंदाज में दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि यह सिलसिला अब भी जारी है और हर दिन ऐसी नई तस्वीरें और वीडियो बनाए जा रहे हैं।

 पेरिस ने कहा, ''10 महीने पहले मैं कैपिटल हिल आई थी और दुनिया को बताया था कि बिना सहमति के किसी के शरीर को इस तरह इंटरनेट पर दिखाए जाने का दर्द कैसा होता है। मैंने कांग्रेस से इस पर कार्रवाई करने की अपील की थी। कुछ लोगों को लगा होगा कि मेरी लड़ाई वहीं खत्म हो गई लेकिन जब मैं किसी पीड़ित से वादा करती हूं, तो उसे निभाती हूं।''

उन्होंने आगे कहा, ''मैं इस कानून पर हस्ताक्षर होने तक बार-बार यहां आती रहूंगी क्योंकि यह शोषण रुका नहीं है और न ही मेरी लड़ाई रुकेगी। आज 5 करोड़ से ज्यादा लोग अश्लील डीपफेक के शिकार हो चुके हैं। इनमें पड़ोसी, स्कूल टीचर, नर्स, कारोबारी, महिलाएं और लड़कियां शामिल हैं। ये सभी अपने परिवार, सपनों और जिंदगी के साथ आम लोगों की तरह जी रहे हैं, लेकिन बिना सहमति बनाई गई ऐसी तस्वीरें उनकी पूरी जिंदगी पर असर डाल सकती हैं।''

नवाजुद्दीन पर दीया मिर्जा का फूटा गुस्सा, यूजर्स ने कहा- नए प्रोजेक्ट का प्रमोशन है 

अभिनेत्री दीया मिर्जा ने बुधवार को अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ काम करने के अनुभव को 'एक बुरे सपने जैसा' बताया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है और कई यूजर्स इसे पीआर स्ट्रैटजी बता रहे हैं।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने नवाजुद्दीन सिद्दीकी के व्यवहार को लेकर उनकी आलोचना की।

अभिनेत्री अपनी पोस्ट में नवाजुद्दीन सिद्दीकी को टैग करते हुए लिखती हैं, "नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ काम करना मेरे लिए बुरे सपने जैसा है, उन्हें बात करने की तमीज नहीं है, उनका एटीट्यूड अलग ही लेवल का है और वे बेहद आपत्तिजनक इंसान हैं।"

दीया मिर्जा ने अपनी इस पोस्ट के पीछे की कोई वजह या संदर्भ अभी तक साझा नहीं किया है। हालांकि, अभी तक न तो दीया मिर्जा ने इस पर कोई सफाई दी है और न ही नवाजुद्दीन सिद्दीकी की ओर से कोई जवाब आया है।

अभिनेत्री की पोस्ट में कोई स्पष्ट विवरण न होने के कारण सोशल मीडिया यूज़र्स इसे किसी आने वाले प्रोजेक्ट या विज्ञापन के प्रमोशन व पब्लिसिटी स्टंट के तौर पर देख रहे हैं, जबकि कुछ लोग किसी संभावित विवाद को लेकर हैरान हैं। एक यूजर ने लिखा, "ये भी पीआर ही होगा, आजकल सब वही है।"

 आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए