क्रिकेट विश्व कप 2019

बुमराह ने खोले अहम राज, बताया कैसे हासिल की यॉर्कर में महारत 

विश्व कप के लिए मंगलवार को बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मैच में जसप्रती बुमराह ने यॉर्कर का शानदार उपयोग किया। मैच के बाद कंट्रोल से लागातार यॉर्कर डालने को लेकर बुमराह ने अहम खुलासा किया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

विश्व के नंबर वन गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के यॉर्कर का कोई जवाब नहीं है। कई अहम मुकाबलों में बुमराह ने अपनी धारदार गेंदबाजी के दम पर टीम इंडिया को जीत दिलाई है। बांग्लादेश के खिलाफ मंगलवार को विश्व कप के मैच में भी बुमराह की शानदार गेंदबाजी के बदौलत भारत को 28 रनों से जीत मिली।

इस मैच में भी बुमराह ने यॉर्कर का शानदार उपयोग किया। मैच के बाद इतने कंट्रोल से लागातार यॉर्कर डालने को लेकर बुमराह ने अहम खुलासा किया। उन्होंने कहा कि ‘इस कला पर महारत हासिल नहीं की जा सकती और आपको लगातार काम करना होगा।’

बुमराह ने कहा, 'बहुत मेहनत करने की जरूरत पड़ती है। मैं हमेशा यही कहता हूं। मैं जब भी नेट में अभ्यास करता हूं तो मैं हर स्थिति के लिए तैयारी करता हूं, चाहे वो नई गेंद हो या पुरानी या अंत के ओवरों में गेंदबाजी करना हो।’

बुमराह ने कहा, ‘मैं नेट में हर चीज के लिए तैयारी करता हूं और मैच में मुझे अपना दिमाग साफ रखते हुए उन चीजों को अमल में लाना होता है। अगर मेहनत की गई हो तो मैच में उन चीजों का आसानी से उपयोग किया जा सकता है।’

बुमराह ने कहा, ‘तैयारी ही सब कुछ है। आप जितनी ज्यादा तैयारी करते हैं यॉर्कर डालने में उतने ही अच्छे होते हैं। आप इसमें महारत हासिल नहीं कर सकते। आप इसमें लगातार बेहतर होने की कोशिश करते हैं, आपको इसे दोहराना होता है।’

बुमराह ने कहा, ‘यह किसी अन्य गेंद की तरह ही है, जैसे कि आपने बहुत लेंथ गेंद डाली हो। इसलिए आप लगातार अभ्यास करते हैं और मैच में उसे दोहराने का प्रयास करते हैं।’ बता दें कि मंगलवार को बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मैच में बुमराह ने 4 विकेट झटके। भारतीय टीम इस मैच में बांग्लादेश को 28 रन से हराकर सेमीफाइनल में पहुंच गई है। टूर्नामेंट में भारत का अगला मैच शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ होगा।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए