
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी में विस्फोट 6 जवान शहीद हो गए हैं। आईजी सिन्हा ने बताया, “दंतेवाड़ा जिले के किंरदुल थाना क्षेत्र के चोलनार के पास नक्सलियों ने आईईडी में विस्फोट किया। इसकी चपेट में जीप में सवार जिला पुलिस के 7 जवान आ गए। इनमें से 6 जवान शहीद हो गए, वहीं एक जवान गंभीर रूप से घायल है।”
उन्होंने कहा, “घटना की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस बल को घटना स्थल की ओर रवाना किया गया है। इलाके में अलर्ट जारी कर दिया गया है और गश्त तेज कर दी गई है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों से पुलिस की टीमें तलाशी के लिए रवाना की गई हैं। शहीद जवानों के शवों को वाहन से निकालने का प्रयास किया जा रहा है। घायल जवान को इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
आईजी सिन्हा ने कहा कि किरंदुल से चोलनार के बीच सड़क निर्माण का काम चल रहा है। निर्माण कार्य का अवलोकन और सुरक्षा देने पुलिस की टीम रवाना हुई थी। वाहन के पुल के करीब पहुंचते ही नक्सलियों ने आईईडी में विस्फोट कर दिया। विस्फोट इतना तेज था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
दो दिनों के बाद मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह बचेली दंतेवाड़ा में विकास यात्रा के तहत जनसभा करने वाले हैं। जनसभा से पहले ही नक्सलियों ने इस हमले को अंजाम दिया है। वारदात को मद्देनजर रखते हुए मुख्यमंत्री की सभा की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
(आईएएनएस के इनपुट के साथ)
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 20 May 2018, 2:33 PM IST