देश

मध्य प्रदेशः नगर निकाय के उपचुनाव में बीजेपी की करारी हार

मध्य प्रदेश में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। राज्य के 17 शहरों में नगर निकाय की सीटों पर हुए उपचुनाव में बीजेपी को करारी हार का सामना करना पड़ा है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया मध्य प्रदेश में नगर निकाय की कुछ सीटों पर हुए चुनाव में बीजेपी की करारी हार हुई है

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले हुए नगर निकाय के उपचुनावों में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को भारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। 14 शहरों में हुए पार्षदों के उपचुनाव में कांग्रेस के 9, बीजेपी के 4 और एक निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है। राज्य निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को हुए मतगणना में बुरहानपुर के नेपानगर, नीमच के सरवानिया महाराज, छिंदवाड़ा के न्यूटन खिलची, ग्वालियर के डबरा, छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव, सिंगरौली के सिंगरौली, सतना के सतना, गुना के राघौगढ़ के नगर निकायों के एक-एक वार्ड पर कांग्रेस के उम्मीदवार विजयी रहे।

वहीं दमोह नगर पालिका के एक वार्ड, मंदसौर के शामगढ़ के एक वार्ड, दतिया के एक वार्ड और अनूपपुर के बिजुरी के एक वार्ड से बीजेपी के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। इसके अलावा भिंड के गोरमी से निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। इन सभी सीटों के लिए मतदान 3 अगस्त को हुआ था।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। वहां पिछले 15 साल से बीजेपी की सरकार है। राज्य की बीजेपी सरकार के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जनआशिर्वाद यात्रा के बहाने इस समय पूरे राज्य का दौरा कर रहे हैं। ऐसे में इतनी बड़ी संख्या में नगर निकाय की सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवारों का बीजेपी के उम्मीदवारों को हराना सत्ताधारी पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। क्योंकि इन सीटों के नतीजों का असर आने वाले विधानसभा चुनावों पर भी पड़ेगा।

इसके अलावा दो नगर निकायों में अध्यक्ष को पद से हटाने के लिए हुए निर्वाचन में खरगौन जिले के करही पांडल्या खुर्द नगर परिषद में बीजेपी की आशा प्रेमचंद्र बासुरे जीत हासिल करने में कामयाब रहीं। जबकि बालाघाट जिले की नगर परिषद लांजी में बहुजन समाज पार्टी की मीरा नानाजी समरीते विजयी रहीं। वहां पहले भी समरीते ही अध्यक्ष थीं।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • दिल्ली-एनसीआर में 'सबवेंशन स्कीम' के नाम पर घर खरीदारों से धोखाधड़ी, इस तरह दिया गया धोखा, ईडी ने की छापेमारी

  • ,
  • Air India AI2379 हादसे पर Airbus की रिपोर्ट से बड़ा खुलासा, सिर्फ टर्बुलेंस नहीं था मामला, 7 सेकंड में क्या हुआ?

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: '4 सेकंड तक कोई कंट्रोल नहीं था', टर्बुलेंस वाली फ्लाइट पर बड़ा खुलासा, चमोली हादसे में मरने वालों की संख्या 9 हुई

  • ,
  • सुखबीर सिंह बादल पर हमला: घंटों पूछताछ के बावजूद हमले का ठोस कारण पता नहीं कर पाए जांचकर्ता, आईबी भी जांच में शामिल

  • ,
  • झारखंड के कोडरमा में कांवड़ियों से भरी बस की ट्रक से टक्कर, 3 की मौत, 50 से ज्यादा श्रद्धालु घायल