देश

'प्रतिशोध की राजनीति कर रही मोदी सरकार', देशभर में ED दफ्तर के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन

कांग्रेस नेता राहुल गांधी नेशनल हेराल्ड मामले में ED के सामने अपना बयान दर्ज करा रहे हैं। उधर, पूरे देश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा है। देश भर में कांग्रेस कार्यकर्ता मोदी सरकार और ईडी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी नेशनल हेराल्ड मामले में ED के सामने अपना बयान दर्ज करा रहे हैं। उधर, पूरे देश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा है। देश भर में कांग्रेस कार्यकर्ता मोदी सरकार और ईडी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। राजधानी दिल्ली से लेकर, पटना, लखनऊ, गोवा, अहमदाबाद, देहरादून, हैदराबाद तक लगभग हर जगह भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के समर्थन में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।

लखनऊ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

यूपी की राजधानी लखनऊ में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इससे पहले लखनऊ में कांग्रेस कार्यालय में भारी संख्‍या में पुलिस बल तैनात कर द‍िया गया। इस दौरान ईडी कार्यालय जा रहे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बीच में ही रोक द‍िया। कार्यकर्ताओं के व‍िरोध पर पुल‍िस ने उन्‍हें हिरासत में ल‍िया है। वहीं पुल‍िस वैन पर चढ़ते हुए कार्यकर्ता सोन‍िया गांधी और राहुल गांधी ज‍िंंदाबाद के नारे लगाते रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय ईडी दफ्तर के सामने सड़क पर लेटकर प्रर्दशन क‍िया। कांग्रेस प्रवक्ता मुकेश चौहान, उपाध्यक्ष विश्व विजय सिंह , अंशू अवस्थी सहित कई वरिष्ठ नेताओं को पुल‍िस ने ह‍िरासत में ल‍िया है।

अहमदाबाद में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं का धरना

कांग्रेस पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता और नेता सोमवार को राहुल गांधी के साथ एकजुटता दिखाते हुए अहमदाबाद पहुंचे और सत्ताधारी पार्टी को कड़ा संदेश दिया कि उनकी हाथ घुमाने की रणनीति पार्टी कार्यकर्ताओं को हतोत्साहित नहीं करेगी। गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष जगदीश ठाकोर ने कहा। महिलाओं का एक छोटा समूह नारे लगा रहा था, जैसे "वो राहुल से डरते है, इस्लिए पुलिस को आते हैं"।

इसका उदाहरण देते हुए पूर्व नेता प्रतिपक्ष परेश धनानी ने कहा कि, यह पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल है, और सत्ता पक्ष की गंदी चाल चलने वाली नहीं है, "आज सैकड़ों कार्यकर्ता जुटे हैं, जरूरत पड़ी तो आने से नहीं हिचकेंगे सत्ता के दुरुपयोग के खिलाफ सड़कों पर उतरे।"

देहरादून में प्रवर्तन निदेशालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिया धरना

कांग्रेस ने देहरादून स्थित प्रवर्तन निदेशालय के बाहर धरना दिया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और चकराता विधायक प्रीतम सिंह की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं ने मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। धरना प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले जाया गया।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने करन माहरा केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला। कहा कि मोदी सरकार महंगाई से आमजन का ध्यान भटकाने के लिए विपक्ष को निशाने पर ले रही है। सरकारी एजेंसी का दुरुपयोग किया जा रहा है। जिसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। इस मौके पर कांग्रेस के विधायक व नेता प्रवर्तन निदेशालय के बाहर धरना दे रहे हैं। इस मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व चकराता से विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व विधायक राजकुमार, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा, संदीप चमोली, राजेंद्र शाह आदि मौजूद रहे।

गोवा कांग्रेस का प्रदर्शन

कांग्रेस गोवा इकाई ने बीजेपी की 'प्रतिशोध की राजनीति' करार देते हुए पणजी में विरोध प्रदर्शन किया। विपक्ष के नेता माइकल लोबो ने राज्य की राजधानी में ईडी कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन करते हुए कहा , "बीजेपी सरकार नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी को तलब कर कांग्रेस के खिलाफ प्रतिशोध की राजनीति कर रही है। यह भारत के लोगों की आवाज को दबाने की कोशिश कर रहा है। हम दुनिया को दिखाना चाहते हैं कि वे हमें कैसे निशाना बना रहे हैं।"

उन्होंने कहा कि, न केवल कांग्रेस समर्थक बल्कि अन्य दलों के समर्थक भी भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। लोबो ने कहा, "यह लोकतंत्र पर हमला है। लोकतंत्र में प्रतिशोध की राजनीति के लिए कोई जगह नहीं है। भाजपा इस तरह की प्रतिशोध की राजनीति खेलकर महंगाई, बेरोजगारी और अन्य के मुद्दों को मोड़ने की कोशिश कर रही है।"

महाराष्ट्र कांग्रेस ने मुंबई और नागपुर स्थित ईडी ऑफिस के सामने किया विरोध प्रदर्शन

केंद्रीय एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी नेता राहुल गांधी को कथित झूठे मामलों में फंसाने का आरोप लगाते हुए महाराष्ट्र कांग्रेस के सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मुंबई और नागपुर स्थित ईडी ऑफिस के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और दूसरी राजधानी नागपुर में ईडी कार्यालयों के पास बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता जमा हुए और भाजपा, ईडी के खिलाफ नारेबाजी की।

आंदोलन का नेतृत्व करते हुए, राज्य पार्टी अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि बीजेपी सरकार केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करके सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध की साजिश रच रही है। विपक्षी दलों को चुप कराने की कोशिश कर रही है।

जयपुर में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश मुख्यालय से लेकर अंबेडकर सर्किल स्थित ईडी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला।

कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जयपुर में ईडी कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। पैदल मार्च में शामिल गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार बेरोजगारी और महंगाई जैसे वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए यह कार्रवाई करवा रही है। उन्होंने कहा, "पूरे देश के लोगों में आक्रोश है और मोदी सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।"

पटना में कांग्रेस नेताओं ने ईडी दफ्तर परिसर में दिया धरना

पटना में भी ईडी कार्यालय परिसर में कांग्रेस के नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, एमएलसी समीर सिंह समेत कई नेता सोमवार को ईडी कार्यालय पहुंचे और धरना पर बैठ गये। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि राहुल गांधी को जानबूझकर फसाने की कोशिश की जा रही है।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: 13 Jun 2022, 5:09 PM IST