
देशभर में आज नीट-यूजी 2026 का री-एग्जाम आयोजित किया जाएगा। कथित पेपर लीक विवाद के बाद 3 मई को हुई परीक्षा को 12 मई को रद्द कर दिया गया था। एग्जाम के लिए एनटीए ने देशभर में सुरक्षा के कड़े इंतजम किए हैं। एनटीए ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से सिर्फ आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक दावों से सावधान रहने की अपील की है।
Published: undefined
नीट-यूजी 2026 री-एग्जाम भारत के 551 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा। परीक्षा अंग्रेजी समेत 12 भारतीय भाषाओं में होगी। देशभर से 22 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के इसमें शामिल होने की उम्मीद है। एनटीए के अनुसार, परीक्षा 95 हजार से अधिक कमरों में आयोजित होगी और सभी कमरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
परीक्षा की निगरानी के लिए कुल 1,38,560 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी लाइव फीड राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर मॉनिटर की जाएगी। इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से नकल रोकने के लिए 51,311 जैमर तैनात किए गए हैं। इनमें 17,054 जैमर ईसीआईएल और 34,257 जैमर बीईएल द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं।
Published: undefined
अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए देशभर में 38,795 फ्रिस्किंग कर्मियों और 48,448 बायोमेट्रिक सत्यापन कर्मियों की तैनाती की गई है। बायोमेट्रिक सत्यापन के लिए कर्मियों की संख्या पहले के मुकाबले दोगुनी की गई है। इसके साथ ही फेस ऑथेंटिकेशन की व्यवस्था भी की गई है ताकि पहचान प्रक्रिया तेज और पारदर्शी बनी रहे।
हर परीक्षा कक्ष में दो इनविजिलेटर मौजूद रहेंगे, जबकि प्रत्येक केंद्र पर 10 से अधिक अतिरिक्त परीक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। सभी 5,440 परीक्षा केंद्रों पर एक-एक सेंटर सिस्टम्स ऑफिसर (CSO) नियुक्त किया गया है, जो सीसीटीवी निगरानी और तकनीकी समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी संभालेगा। इसके अलावा करीब 6,700 ऑब्जर्वर्स परीक्षा केंद्रों पर तैनात किए गए हैं और 100 से अधिक वर्चुअल ऑब्जर्वर केंद्रीय स्तर पर लाइव फीड की निगरानी करेंगे।
एनटीए ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीक से भी किया जाएगा, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अनियमितता की पहचान तुरंत की जा सके।
Published: undefined
परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए राज्य सरकारों, जिला प्रशासन, पुलिस, अर्धसैनिक बलों, भारतीय वायुसेना और डाक विभाग को भी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर औसतन 40 से 50 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। गोपनीय परीक्षा सामग्री रखने वाले लगभग 1,500 बैंक शाखाओं में बैंक अधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
वहीं, देशभर के करीब 700 संग्रह केंद्रों से ओएमआर शीट एकत्र करने की जिम्मेदारी डाक विभाग निभाएगा। परीक्षा से एक दिन पहले शनिवार को देशभर में मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसमें जैमर, सीसीटीवी, बायोमेट्रिक सिस्टम और फ्रिस्किंग व्यवस्था की जांच की गई। सभी केंद्र समन्वयकों ने कस्टोडियन बैंकों में रखी परीक्षा सामग्री की उपलब्धता की भी पुष्टि की।
Published: undefined
एनटीए ने सुरक्षा के साथ-साथ अभ्यर्थियों की सुविधा पर भी विशेष ध्यान दिया है। परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, ओआरएस, एंबुलेंस और अभिभावकों के लिए वेटिंग एरिया जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। परीक्षा कक्षों में दीवार घड़ी, अतिरिक्त रफ वर्क पेज और बाएं हाथ से लिखने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
प्रवेश प्रक्रिया में लगने वाले अतिरिक्त समय को ध्यान में रखते हुए परीक्षा अवधि भी बढ़ाई गई है। एनटीए का कहना है कि इस बार परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और नकल-मुक्त बनाने के लिए बहुस्तरीय निगरानी तंत्र लागू किया गया है।
Published: undefined
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: undefined