देश

झारखंड: अंबेडकर जयंती पर मानव शृंखला बनाएंगे कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता, हर जिले में होगा कार्यक्रम

केशव महतो कमलेश ने कहा कि मानव शृंखला के दौरान लोगों के हाथों में भारतीय संविधान की प्रतियां और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के कटआउट्स होंगे। इस तरह के कार्यक्रम जिलों में भी आयोजित किए जाएंगे।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर कांग्रेस की झारखंड प्रदेश इकाई रांची में अंबेडकर चौक से राजेंद्र चौक तक मानव श्रृंखला बनाएगी। यह जानकारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने आईएएनएस को दी। 

उन्होंने कहा, ''डॉ. भीमराव अंबेडकर ने जिन विचारों और उद्देश्यों के साथ संविधान की रचना की थी, उसे केंद्र की एनडीए सरकार मिटाने पर तुली है। मानव शृंखला के आयोजन का उद्देश्य बाबा साहेब के विचारों के प्रति लोगों को जागरूक करना और भारतीय जनता पार्टी की संविधान विरोधी गतिविधियों का पर्दाफाश करना है।''

महतो ने कहा कि मानव शृंखला के दौरान लोगों के हाथों में भारतीय संविधान की प्रतियां और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के कटआउट्स होंगे। इस तरह के कार्यक्रम जिलों में भी आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए महानगर और जिला इकाइयों के अध्यक्षों, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों, विधायकों और विभिन्न निगम, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों के साथ बैठक हुई।

इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू चार दिवसीय झारखंड यात्रा पर 13 अप्रैल की शाम को रांची पहुंचेंगे। वहीं 14 अप्रैल को मानव श्रृंखला में पार्टी के कई अन्य नेता शामिल होंगे।

केशव महतो कमलेश ने कहा कि बीजेपी देश में विषाक्त वातावरण बनाने की कोशिश कर रही है। संविधान की ओर से आम नागरिकों को जो अधिकार दिए गए हैं, उन पर चोट की जा रही है। आम लोगों के बीच विभाजन की रेखा पैदा करने की कोशिश करने वाली शक्तियों और संविधान की रक्षा के लिए हमें निरंतर उनके मंसूबों के खिलाफ आंदोलनरत रहना होगा। जनता को उनकी सच्चाइयों से अवगत कराना कांग्रेस का कर्तव्य है।

उन्होंने कहा कि संविधान रक्षा अभियान के तहत वर्षभर पूरे प्रदेश में कार्यक्रम चलाए जाने हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • झारखंड में SIR के बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 43.62 लाख नाम कटे, पात्र मतदाता 4 सितंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस, कहा- प्रदर्शनकारी छात्रों का उत्पीड़न हुआ, ये भारत के भविष्य के लिए लड़े

  • ,
  • अर्थतंत्र की खबरें: उतार-चढ़ाव भरे सत्र के बाद शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में बंद और रुपया हुआ मजबूत

  • ,
  • छात्रों के खिलाफ ‘हिंसा’ के लिए अमित शाह जिम्मेदार, संसद में आकर जवाब देने का साहस नहींः राहुल गांधी

  • ,
  • खेल: इरफान समेत कई पाक क्रिकेटर हो सकते हैं बैन और जोसेफ और सैमी विवाद में कूदे विवियन रिचर्ड्स