देश

वियतनाम नाव हादसा: दूतावास ने जारी की मृतकों की सूची, तमिलनाडु के सबसे ज्यादा 10 पर्यटक शामिल

वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास आज दोपहर भारतीय पर्यटकों से भरी एक स्पीडबोट समुद्र में पलट गई। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को बचाकर अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बोट में 32 भारतीय पर्यटक, एक गाइड और चालक दल के चार लोग सवार थे।

वियतनाम नाव हादसा: दूतावास ने जारी की मृतकों की सूची, तमिलनाडु के सबसे ज्यादा 10 पर्यटक शामिल
वियतनाम नाव हादसा: दूतावास ने जारी की मृतकों की सूची, तमिलनाडु के सबसे ज्यादा 10 पर्यटक शामिल फोटोः IANS

वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास हुए भीषण नाव हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय नागरिकों की सूची भारतीय दूतावास ने जारी कर दी है। दूतावास ने बताया कि यह सूची वियतनामी अधिकारियों से प्राप्त हुई है। मृतकों में तमिलनाडु के सबसे अधिक 10, आंध्र प्रदेश के 3 और केरल के 2 पर्यटक शामिल हैं।

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, "आज फु क्वोक द्वीप के पास हुए दुखद नाव हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय नागरिकों की सूची साझा करते हुए हमें गहरा दुख हो रहा है। यह सूची वियतनामी अधिकारियों से प्राप्त हुई है। हमारी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ हैं। हनोई स्थित भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास हरसंभव सहायता के लिए उपलब्ध हैं।"

दूतावास की ओर से जारी सूची के अनुसार, मृतकों में सेंथिल कुमार जयावेल, मुरुगा प्रभु अरुमुगम, श्रीधर सुंदरराजन, शेख अब्दुल्ला अब्दुल मजीद, बालाजी नटेसन, विनया कुमार चिथापुरम भास्करा, रविशंकर सुगुमारन, संतोष कुमार शांतीलालजैन, बाबू कुप्पुस्वामी, अलागुराजन सिवासामी (सभी तमिलनाडु), नल्लापेटा आदिसेशैया रवितेजा, श्रीधर मुदियम और जया लक्ष्मी गेल्ली (आंध्र प्रदेश), तथा एविकोट चेरियन थॉमस और लोवेनी थॉमस (केरल) शामिल हैं।

इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रैपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी, नेता विपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई राजनेताओं ने गहरा दुख जताया है। राहुल गांधी ने एक्स पर कहा कि वियतनाम के फु क्वोक आइलैंड के पास भारतीय टूरिस्ट को ले जा रही नाव के पलटने की दुखद घटना से बहुत दुखी हूं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मेरी संवेदनाएँ उन लोगों के साथ भी हैं जो अभी भी लापता हैं, और उनके परिवारों के साथ हैं जो इस दर्दनाक इंतज़ार में हैं। मैं भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से वियतनामी अधिकारियों के साथ मिलकर काम करने का आग्रह करता हूँ ताकि यह पक्का हो सके कि चल रहे बचाव कार्यों में हर मुमकिन कोशिश की जाए और प्रभावित परिवारों को सभी ज़रूरी मदद दी जाए।

बता दें कि शनिवार को वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट समुद्र में पलट गई। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को बचाकर अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। भारतीय दूतावास के अनुसार, हादसे के कारणों का अभी पता लगाया जा रहा है और वियतनामी प्रशासन की ओर से खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हनोई स्थित भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।

स्थानीय समाचार वेबसाइट वीएनएक्सप्रेस के अनुसार, हादसे का शिकार हुई स्पीडबोट में 32 भारतीय पर्यटक, एक टूर गाइड और चालक दल के चार सदस्य सवार थे। रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब एक बजे ओशन पर्ल आइलैंड कंपनी की स्पीडबोट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद वह पलट गई। स्थानीय प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए