
डोनाल्ड ट्रंप के तमाम दावों के बीच ईरान ने अमेरिका से युद्ध के दौरान हथियार बनाने की रफ्तार को न सिर्फ बढ़ाया, बल्कि इस दौरान हथियार और सैन्य उपकरणों का उत्पादन भी दोगुना कर लिया। ईरान के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल रजा तलाइ-निक ने दावा किया है कि देश की रक्षा उत्पादन क्षमता मजबूत बनी हुई है। पिछले एक साल में हथियारों और सैन्य उपकरणों का उत्पादन दोगुना हुआ है। ईरान के इस ताजा दावे से डोनाल्ड ट्रंप की टेंशन बढ़ना तय है।
इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (आईआरएनए) की रिपोर्ट के अनुसार, डिफेंस और आर्म्ड फोर्सेज लॉजिस्टिक्स मंत्रालय के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल रजा तलाई-निक ने कहा कि देश की ताकत को मजबूत करना उन विदेशी शक्तियों का मुकाबला करने के लिए जरूरी है जो ईरान की स्वतंत्रता को कमजोर करना चाहती हैं।
आईआरएनए के अनुसार, शुक्रवार देर रात एक साक्षात्कार में ब्रिगेडियर जनरल रजा तलाइ-निक ने कहा कि ईरान का रक्षा उद्योग राष्ट्रीय सुरक्षा और सैन्य तैयारियों का एक महत्वपूर्ण आधार बन गया है। उन्होंने बताया कि देश में बने हथियारों और गोला-बारूद का तेजी से उत्पादन और जरूरत पड़ने पर उनकी तुरंत भरपाई करने की क्षमता इस उद्योग की सबसे बड़ी ताकतों में से एक है। उन्होंने बताया कि ईरान की रक्षा उत्पादन क्षमता मैदान में हथियारों और सैन्य उपकरणों के इस्तेमाल के साथ-साथ लगातार काम करती रही है, जिससे जरूरत पड़ने पर आपूर्ति जल्दी बहाल की जा सकती है।
आईआरएनए के अनुसार, तलाइ-निक ने कहा कि 12 दिन के युद्ध के दौरान ईरान के रक्षा उद्योग के कुछ सीमित हिस्सों पर हमले हुए थे, इसके बावजूद पिछले एक वर्ष में रक्षा हथियारों और उपकरणों का उत्पादन दोगुना हो गया। उन्होंने बताया कि हथियारों और सैन्य उपकरणों की स्थिर आपूर्ति बनाए रखने की क्षमता युद्ध के दौरान ईरान की मजबूती का एक महत्वपूर्ण कारण रही। उनके मुताबिक, इस क्षमता को सशस्त्र बलों, रक्षा मंत्रालय, ज्ञान-आधारित कंपनियों, निजी क्षेत्र की फर्मों तथा वैज्ञानिक और शोध संस्थानों के सहयोग से मजबूत बनाया गया है।
इसे भी पढ़ेंः 'होर्मुज स्ट्रेट अब है अमेरिका का क्षेत्र', डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को फिर धमकाया
आईआरएनए के अनुसार, प्रवक्ता ने बताया कि संघर्ष के दौरान कुछ रणनीतिक रक्षा उत्पादों और युद्ध में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्रियों के उत्पादन में तीन गुना से भी अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि 1979 की इस्लामी क्रांति से पहले ईरान का रक्षा उद्योग केवल 31 बुनियादी उत्पाद बनाता था, जबकि आज देश एक हजार से अधिक उन्नत रक्षा प्रणालियां, हथियार और गोला-बारूद तैयार कर रहा है।
इसे भी पढ़ेंः ईरान की सैन्य कमान का विस्तार, मोजतबा खामेनेई ने 6 अहम पदों पर नियुक्त किए नए कमांडर
उन्होंने दावा किया कि कुछ ईरानी डिफेंस सिस्टम की प्रोडक्शन लागत, इसी तरह के विदेशी उत्पादों की तुलना में 20 गुना तक कम है। प्रवक्ता ने आगे कहा कि हालिया संघर्ष के दौरान, अमेरिका, इजरायल और उनके सहयोगियों का सैन्य बजट ईरान की तुलना में 100 गुना से भी अधिक था। इसके बावजूद ईरान इस संघर्ष का सामना करने में सफल रहा। उन्होंने इसका श्रेय देश की घरेलू उत्पादन क्षमता और राष्ट्रीय दृढ़ता को दिया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए