दुनिया

अमेरिका में बड़ा विमान हादसा, टेक्सास में अमेरिकी सेना का अपाचे हेलिकॉप्टर क्रैश, दोनों पायल की मौत

टेक्सास में अमेरिकी सेना का एक अपाचे हेलिकॉप्टर (AH-64) क्रैश हो गया है। हादसे में दोनों पायलट की मौत हो गई है। यह विमान हादसा टेक्सास के सलाडो में हुआ।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

अमेरिका के टेक्सास में अमेरिकी सेना का AH-64 अपाचे हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा सलाडो इलाके में हुआ, जिसमें हेलिकॉप्टर में सवार दोनों पायलट सैनिकों की मौत हो गई। बेल काउंटी शेरिफ कार्यालय ने घटना की पुष्टि की है।

शेरिफ कार्यालय के प्रवक्ता क्लिफ कोलमैन के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे स्थानीय समय पर हादसे की सूचना 911 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर पहुंची, जहां दोनों सैनिकों को मृत पाया गया। सलाडो, ऑस्टिन से लगभग 50 मील उत्तर में स्थित है।

दुर्घटनाग्रस्त अपाचे हेलिकॉप्टर फोर्ट हुड में तैनात था

अमेरिकी सेना के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त अपाचे हेलिकॉप्टर फोर्ट हुड में तैनात था। हादसे के बाद दोनों सैनिकों के शवों को फोर्ट हुड स्थित कार्ल आर. डार्नल आर्मी मेडिकल सेंटर ले जाया गया। सेना ने कहा है कि मृत सैनिकों की पहचान उनके परिवारों को सूचित किए जाने के 24 घंटे बाद सार्वजनिक की जाएगी।

कैवलरी डिवीजन के कार्यवाहक कमांडिंग जनरल ब्रिगेडियर जनरल एथन डिवेन ने घटना पर दुख जताते हुए मृत सैनिकों के परिवारों, दोस्तों और साथी जवानों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा सैन्य समुदाय उनके साथ खड़ा है।

दुर्घटना के कारणों का अभी नहीं चल पाया पता

टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया और सैनिकों के परिवारों तथा फोर्ट हुड समुदाय के लिए प्रार्थना करने की अपील की। उन्होंने कहा कि टेक्सास उन सभी लोगों का हमेशा आभारी रहेगा जो राज्य और देश की सेवा करते हैं।

अधिकारियों के अनुसार, हादसे में किसी इमारत को नुकसान नहीं पहुंचा है और न ही किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए