दुनिया

खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान में भारी हिंसा, अमेरिकी वाणिज्य दूतावास को बनाया निशाना, 10 लोगों की मौत, कई घायल

लाहौर में प्रेस क्लब के बाहर इजराइल और अमेरिका की ईरान के खिलाफ सैन्य हमले के विरोध में प्रदर्शन जारी हैं। अमेरिकी वाणिज्य दूतावास की सुरक्षा बढ़ाई गई है और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

फोटो: PTI
फोटो: PTI 

पाकिस्तान के कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के गेट तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच रविवार को हुई झड़पों में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अमेरिका-इजराइल के हवाई हमले में शनिवार को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने के बाद ये झड़पें हुईं।

Published: undefined

सिविल अस्पताल की प्रवक्ता डॉ. सुमैय्या सैयद ने बताया कि अब तक 10 शव अस्पताल लाए गए हैं, जिनमें कुछ शवों पर गोली लगने से घाव के निशान हैं। ईरान पर इजराइल और अमेरिका के जारी हमलों के बीच जैसे ही ईरान के सर्वोच्च नेता की मौत की पुष्टि हुई, प्रदर्शनकारी वाणिज्य दूतावास की ओर जाने वाली सड़क पर इकट्ठा होने लगे।

सैयद के मुताबिक, करीब 30 घायल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में उपचाराधीन हैं। उन्होंने कहा कि घायलों में चार पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक असद रजा ने कहा कि भीड़ के पुलिस पर हमला करने के बाद स्थिति नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए।

Published: undefined

पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। हालांकि, एक प्रदर्शनकारी ने बाद में एक टीवी चैनल से बातचीत में दावा किया कि पुलिस ने उन पर गोली भी चलाई।

अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के आसपास बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जमा हो गए थे और जब वे वाणिज्य दूतावास में घुसने की कोशिश करने लगे तो पुलिस ने गोलीबारी की।

सिंध के गृह मंत्री जिया उल हसन लंजार ने कराची के अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक से तत्काल विवरण मांगा और कहा कि “किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।”

उन्होंने संवेदनशील प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा बढ़ाने, तथा प्रदर्शन के दौरान यातायात सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय करने को भी कहा। मंत्री ने कहा, “कानून प्रवर्तन एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और स्थिति पर कड़ी नजर रख रही हैं।” उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Published: undefined

लंजार ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं। हालांकि, उन्होंने उन अटकलों को खारिज किया कि मारे गए लोगों को वाणिज्य दूतावास की सुरक्षा में तैनात अमेरिकी मरीन ने गोली मारी।

अमेरिकी वाणिज्य दूतावास माई कोलाची रोड पर नौसेना की एक आवासीय सोसाइटी के निकट एक किलेबंद इमारत में है, लेकिन आसपास निम्न-आय वर्ग के इलाके हैं। ईधी वेलफेयर ट्रस्ट के फैसल ईधी ने कहा कि कुछ प्रदर्शनकारी बेहद हिंसक हो गए और उन्होंने उनके स्वयंसेवकों तथा एंबुलेंस पर भी हमला किया।

Published: undefined

इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास ने बयान में कहा, “हम कराची और लाहौर में अमेरिकी वाणिज्य दूतावासों के निकट जारी प्रदर्शनों की खबरों पर नजर रख रहे हैं। साथ ही इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास और पेशावर स्थित वाणिज्य दूतावास के सामने प्रदर्शनों के आह्वान की खबरें भी देख रहे हैं।’’

हम पाकिस्तान में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को सलाह देते हैं कि वे स्थानीय समाचारों पर नजर रखें और व्यक्तिगत सुरक्षा के उपाय अपनाएं।

पुलिस के अनुसार, शिया संगठनों ने खामेनेई की मौत के विरोध में कराची स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास की ओर मार्च निकालने की घोषणा की थी। इस बीच, खामेनेई की मौत के बाद रविवार को इस्लामाबाद और लाहौर में भी विरोध प्रदर्शनों की खबरें हैं।

Published: undefined

खबरों के मुताबिक, इस्लामाबाद में तहरीक-ए-जाफरिया पाकिस्तान ने विरोध प्रदर्शन और अमेरिकी दूतावास का घेराव करने घोषणा की, जिसके बाद अधिकारियों ने ‘रेड जोन’ सील कर दिया और उससे जुड़ी सड़कों पर अतिरिक्त बल तैनात किए। जिला प्रशासन ने बताया कि इस्लामाबाद में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।

लाहौर में प्रेस क्लब के बाहर इजराइल और अमेरिका की ईरान के खिलाफ सैन्य हमले के विरोध में प्रदर्शन जारी हैं। अमेरिकी वाणिज्य दूतावास की सुरक्षा बढ़ाई गई है और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Published: undefined

साल 1989 से ईरान के सर्वोच्च नेता रहे खामेनेई की शनिवार को अमेरिका-इजराइल के हमलों में मौत हो गई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में खामेनेई की मौत की सूचना दी और इसके कुछ घंटे बाद ईरान के सरकारी टेलीविजन ने भी इसकी पुष्टि की।

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined